lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.
  • राजनांदगांव : नीरज पैरेंट्स प्राइड स्कूल में सोलो डांस का आयोजन हुआ

    राजनांदगांव| स्थानीय बल्देवबाग स्थित नीरज पैरेंट्स प्राइड स्कूल का ‘सोलो डांस’ का आयोजन नीरज बाजपेयी इंटरनेशनल स्कूल-बोरी में 31 अगस्त को किया गया। इसमें कक्षा- पहली से पांचवीं के बच्चों ने अपना परफार्मेंस दिया। जिसमें सभी छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक डांस की प्रस्तुतियां दी गई। जिसमें नए व पुराने सुप्रसिद्ध गीतों के साथ देशभक्ति एवं भजन गीतों की धुन पर आकर्षित डांस करते हुए बच्चों ने उपस्थित पालकों, दर्शकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का मन मोह लिया।

    प्रतियोगिता में कक्षावार छात्रों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर प्रतियोगिता कराई गई। प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय रहे छात्र-छात्राओं का चयन निर्णायकों द्वारा किया गया। इस अवसर पर संचालक इंजी.नीरज बाजपेयी, डायरेक्टर सोनल बाजपेयी, रेणु बाजपेयी, पुष्पा बाजपेयी, कुंतल बाजपेयी व एकता गांधी, आरती पिल्लई, वैशाली सिंग, स्नेहा तिवारी, मधुजा शास्त्री सहित सभी स्कूल स्टाफ उपस्थित थे।

  • राजनांदगांव : 36 वर्षीय युवक कार सहित लापता…

    राजनांदगांव, ग्राम भर्रेगांव निवासी 36 वर्षीय लीलाधर कुंभकार 24 अगस्त की रात से लापता है। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा थाने में दर्ज कराई है।

    आमजन से सहयोग की अपील की है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार लीलाधर कुंभकार पिता स्व. लेखराम कुंभकार २4 अगस्त को रात 9.30 बजे अपने ससुराल जेवरा-सिरसा से नीले रंग की कार में अपने घर भर्रेगांव आने के लिए निकला, लेकिन अब तक घर नहीं पहुंचा है। कार का पता नहीं चला, परिजन और पुलिस लगातार तलाश में जुटी है। परिवार के लोगों ने आशंका जताई है कि उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। पुलिस की जांच में अब तक सामने आया है कि लीलाधर के मोबाइल का लास्ट लोकेशन जेवरा सिरसा में ही मिला है।

  • CG : रक्तदान एक महान और जीवनदायी कार्य…

    कलेक्टर ने रक्तदान कर लोगों को किया प्रोत्साहित

    रायपुर । छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर दीपक सोनी ने इस शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। रक्तदान उपरांत इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया। कलेक्टर सोनी ने रक्तदान को महादान बातते हुए लोगों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया।

    रक्तदान एक महान और जीवनदायी कार्य है, जो जरूरतमंदों की जान बचाता है और उन्हें नया जीवन देता है। यह एक पुनीत कार्य है जो समाज में करुणा और सेवा की भावना पैदा करता है। रक्तदान सुरक्षित और सरल होता है। आपका रक्त किसी को जीवन दे सकता है। रक्त अमूल्य है इसका दान अवश्य करें। रक्तदान तब होता है जब एक स्वस्थ व्यक्ति स्वेच्छा से अपना रक्त देता है और उस रक्त का उपयोग दूसरे व्यक्ति के लिए होता है। रक्त को किसी कंपनी में नहीं बनाया जा सकता। मानव शरीर ही रक्त बनाने की कंपनी है।

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि रक्तदान शिविर में कुल 16 यूनिट रक्त दान से प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि 18 से 65 वर्ष का व्यक्ति जिसका वजन 45 किलोग्राम तथा हीमोग्लोबिन 12.5 है, वह रक्तदान कर सकता है। एक बार मे 350 मिली रक्त ही निकाला जाता है। एक व्यक्ति साल में 4 बार रक्तदान कर सकता है, इससे किसी प्रकार की कोई कमज़ोरी नहीं आती है। इस दौरान सीएमएचओ, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी -कर्मचारी मौजूद थे।

  • CG : बालोद जिले के 2 कृषि केन्द्रों में उर्वरक विक्रय प्रतिबंधित…

    अनियमितता के मामलें में प्रशासन ने की कार्रवाई

    रायपुर । उर्वरक वितरण में अनियमितता पाए जाने पर कृषि विभाग की टीम द्वारा बालोद विकासखण्ड के मेसर्स सार्थक कृषि केन्द्र, बालोद तथा गुरूर विकासखण्ड के मेसर्स हर्ष कृषि केन्द्र, पलारी में उर्वरक विक्रय पर प्रतिबंध लगाए जाने की कार्यवाही की गई है। इस संबंध में दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

    कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं उप संचालक कृषि के निर्देशन में जिले में उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। 28 अगस्त 2025 को अनुविभागीय कृषि अधिकारी महेश कुमार, सहायक संचालक कृषि जे.आर. नेताम, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी केशव राम पिस्दा, कृषि विकास अधिकारी टिकेन्द्र कुमार पटेल (गुरूर) एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संनत कुमार भेड़िया द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान वहां अनियमितता का मामला पकड़ में आया जिसके फलस्वरूप उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 तथा उर्वरक (संचालन नियंत्रण) आदेश 1973 में निहित प्रावधानों के तहत यह कार्यवाही की गई।

    उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में गुणवत्ता नियंत्रण अंतर्गत उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

  • राजनांदगांव : 50 साल से सेवा देने के बाद भी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया हड़ताल

    राजनांदगांव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी 8 सूत्रीय मांगों पर सोमवार को हड़ताल की। कलेक्ट्रेट के सामने एक दिवसीय हड़ताल कर आवाज बुलंद की। रैली निकाली और पीएम नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपनी मूलभूत और बुनियादी सुविधाओं पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर इसे पूरा करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा 2 अक्टूबर 1975 से सेवा दे रहे। केन्द्र और राज्य सरकारी की योजनाओं को घर.घर तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है।

    देश की 27 लाख आंगनबा​िड़यों में 50 साल से सेवा देने के बाद भी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिलाए न ही अब तक न्यूनतम मजदूरी पेंशन ग्रेच्युटीए समूह बीमा का लाभ मिला है। केन्द्र सरकार ने पारिश्रमिक मानदेय के रूप में 4500 रुपए एवं सहायिका को 2250 रुपए दिया जा रहा जो न्यूनतम वेतन से कम है। मांग करने पर केन्द्र सरकार राज्य सरकार के कर्मचारी होने की बात कहते पल्ला झाड़ लेती है। केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बाद भी मांग पूरी नहीं हो रही। उन्होंने सोमवार को हड़ताल कर अपनी मांगों को दोहराया।

    आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तृतीय श्रेणी और सहायिकाओं को चतुर्थ श्रेणी का शासकीय कर्मचारी घोषित करें। शिक्षाकर्मीए पंचायत कर्मी की तरह नीति बना कर शासकीय कर्मी का दर्जा दिया जाए। प्रतिमाह 26 हजार एवं सहायिका को 21100 वेतन प्रदान किया जाए। सेवानिवृत्त होने पर पेंशनए ग्रेच्युटीए समूह बीमाए कैश लेस चिकित्सा का लाभ मिले। सहायिका को कार्यकर्ता के पद में एवं कार्यकर्ता को सुपर वाइजर में पदोन्नति प्रदान करें।

  • CG : दरिमा में 35 ग्रामीणों ने सीखा राजमिस्त्री एवं रानी मिस्त्री का हुनर…

    व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ेगी कार्यकुशलता, गांव में मिलेगा रोजगार: कलेक्टर

    रायपुर । ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अंबिकापुर के दरिमा ग्राम पंचायत में जिला प्रशासन एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के संयुक्त तत्वावधान में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में 16 महिलाओं को रानी मिस्त्री तथा 19 पुरुषों को राजमिस्त्री का कौशल सिखाया गया। कुल 35 प्रतिभागियों ने व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान अर्जित किया।

    प्रशिक्षण सत्र के समापन समारोह में कलेक्टर विलास भोसकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार, अग्रणी बैंक प्रबंधक विकास यादव, सेंट्रल बैंक के रिजनल हेड रणधीर सिंह, आरसेटी डायरेक्टर श्याम किशोर गुप्ता, जनपद पंचायत सीईओ राजेश सेंगर, साक्षर भारत जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता एवं प्रशिक्षण समन्वयक तमना निशा भी उपस्थित रहीं।

    कलेक्टर भोसकर ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव और सीखी गई तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण से कार्यकुशलता में निखार आता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है। काम की गुणवत्ता में सुधार होता है और गति भी बढ़ती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पंचायतों में सर्वाधिक आवास स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें समय पर पूर्ण करना अब आपकी जिम्मेदारी है। यह प्रशिक्षण आपको केवल श्रमिक नहीं, बल्कि कुशल मिस्त्री बनाता है। इससे गांव में पर्याप्त कार्य एवं सम्मानजनक आय का अवसर प्राप्त होगा।

    प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि पहले वे सामान्य मजदूरी करते थे, किंतु प्रशिक्षण के बाद नाप-जोख, ईंट चिनाई, प्लास्टरिंग, लेवलिंग, लेआउट तथा भवन निर्माण की नई तकनीकों में दक्षता हासिल की है। अब वे आत्मविश्वास के साथ स्वयं को कुशल राजमिस्त्री के रूप में पहचान सकते हैं। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को भवन निर्माण कार्य हेतु आवश्यक टूल किट भी वितरित किए गए। ग्रामीण अब अपने अर्जित कौशल का उपयोग स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों में करेंगे, जिससे उन्हें रोजगार उपलब्ध होगा और गांव की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीणों को आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सशक्त बनाने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

  • CG : अनियमितता पाए जाने पर 5 कृषि सेवा केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी…

    रायपुर । बलौदाबाजार-भाटापारा कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में कृषकों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने हेतु कृषि विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न विकासखण्डों में कृषि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 5 कृषि सेवा केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार विकासखण्ड अंतर्गत निरीक्षक लोकनाथ दीवान ने गुरुदेव कृषि केंद्र, रसेडा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विक्रय केंद्र में बिल बुक अद्यतन नहीं पाया गया तथा कीटनाशक एवं उर्वरक का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं किया गया था। इस पर संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

    पलारी विकासखण्ड अंतर्गत निरीक्षक सुचिन वर्मा ने ग्राम दतान स्थित 4 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गुलशन कृषि सेवा केंद्र में कैश क्रेडिट मेमो अद्यतन नहीं था एवं कीटनाशकों का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं किया गया था। किसान कृषि केंद्र एवं विवेक कृषि सेवा केंद्र में भी कैश क्रेडिट मेमो अद्यतन नहीं पाया गया। वेद कृषि सेवा केंद्र में उपलब्ध कीटनाशकों का स्रोत प्रमाण पत्र संधारित नहीं था। इन सभी 4 विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

    भाटापारा विकासखण्ड अंतर्गत उर्वरक निरीक्षक अवधेश कुमार उपाध्याय ने अतुल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कृषकों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर टोकन प्रणाली के माध्यम से यूरिया का वितरण कराया गया। निरीक्षण में विक्रेताओं को शासन के नियमों का पालन करते हुए कृषि आदान विक्रय करने हेतु निर्देशित किया गया।

    उप संचालक कृषि दीपक नायक ने जिले के सभी कृषि आदान विक्रय केंद्र संचालकों को निर्देशित किया है कि कृषकों को उर्वरक एवं अन्य कृषि आदान केवल निर्धारित दर पर ही विक्रय करें। कृषकों को प्रदाय की गई सामग्री का पक्का बिल अनिवार्य रूप से प्रदान करें तथा कृषक के हस्ताक्षरित प्रति विक्रय केंद्र में संधारित रखें।

  • राजनांदगांव : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के एक पद के लिए 17 तक आवेदन…

    राजनांदगांव । एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) अंतर्गत बसंतपुर वार्ड क्रमांक 46 के आंगनबाड़ी केन्द्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के एक पद पर भर्ती हेतु 17 सितम्बर 2025 तक आवेदन आमंत्रित की गई है।

    इच्छुक एवं पात्र आवेदक निर्धारित तिथि तक कार्यालय एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) जिला राजनांदगांव छत्तीसगढ़ में सीधे अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

  • राजनांदगांव : जिला साहू संघ के साहू सदन में तीज मिलन समारोह हुआ

    राजनांदगांव, जिला साहू संघ के साहू सदन में रविवार को तीज मिलन समारोह हुआ। जिला साहू संघ, नगर साहू और महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीज मिलन समारोह एवं सम्मान में महिलाओं के लिए आयोजित रस्सा खींच, मटका फोड़, कुर्सी दौड़ आदि स्पर्धा हुई। विधायक भोलाराम साहू, विभा साहू, जिलाध्यक्ष भागवत साहू, नगर साहू संघ के अध्यक्ष कुलेश्वर साहू, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष तीजेश्वरी साहू मौजूद थीं।

    दूसरे सत्र में नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों का सम्मान समारोह हुआ। जिसकी शुरुआत नव निर्वाचित निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बने डॉ. नीरेंद्र साहू ने सभी वर्गों के लिए सुख समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू की अगुवाई में शपथ ली। प्रथम बार जिला साहू संघ के साहू सदन में आगमन पर डॉ. नीरेंद्र साहू, डॉ. तिलक साहू प्रदेश उपाध्यक्ष, सत्यप्रकाश साहू, साधना साहू, डॉ.सुनील साहू, बीना साहू, प्रदीप साहू का स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।

    गीतेश्वरी, चंद्रकला और तारणी प्रथम स्थान पर रहे: साहू सदन में आयोजित स्पर्धा रस्सी खींच में गीतेश्वरी साहू की टीम, कुर्सी दौड़ में प्रथम चंद्रकला साहू पेंड्री, मटका फोड़ स्पर्धा के प्रथम तारणी साहू चिखली रहीं। द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले महिलाओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

    उम्मीद पर खतरा उतरने का प्रयास करुंगा: नीरेंद्र प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि आप लोगों ने मेरे प्रति विशेष स्नेह दिखाते हुए समाज के मुखिया के रूप में बागडोर सौंपी है। जो कि एक बड़ी जिम्मेदारी दी है। आप लोगों के उम्मीद और विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास होगा। मुझे एक समय में जिला साहू संघ में जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा था। जहां मैं जिला अध्यक्ष के पद पर रहा आज उसी सदन में ऐतिहासिक गौरवशाली स्वागत अभिनंदन से भाव विभोर हूं। डॉ. साहू ने कहा कि साथ ही जो प्रदेश की टीम प्रदान की है उसे साथ लेकर चलेंगे।

  • CG : मनेंद्रगढ़ में सड़क सुरक्षा सप्ताह पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई संपन्न…

    नव्या गुप्ता ने हासिल की प्रथम स्थान

    एमसीबी । सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय मनेंद्रगढ़ में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायकों द्वारा परिणाम घोषित किए गए, जिसमें प्रथम स्थान नव्या गुप्ता (वीएसएसएन विद्यालय भरतपुर), द्वितीय स्थान शिवेंद्र तिवारी (सेजेस भरतपुर) तथा तृतीय स्थान साक्षी सिंह (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा) को प्रदान किया गया।

    प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने सड़क दुर्घटनाओं की भयावहता पर प्रकाश डालते हुए मृत्यु दर के आंकड़े प्रस्तुत किए और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपायों पर विस्तार से सुझाव दिए। उन्होंने सड़कों पर बैठे आवारा पशुओं, जगह-जगह गड्ढों और यातायात नियमों की अनदेखी जैसी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया तथा दुर्घटना पीड़ितों को बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को सम्मानित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा को 7000 रुपए, द्वितीय स्थान को 5000 रूपये। और तृतीय स्थान को 3000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, वहीं सांत्वना पुरस्कार स्वरूप प्रत्येक प्रतिभागी छात्र-छात्रा को 2000 रुपए का चेक दिया गया।

    कार्यक्रम को सफल बनाने में डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे, पुष्कर तिवारी, अनीता फरमानिया, अभिषेक पांडे, नीलम दुबे, मधुमिता चौधरी, रामाश्रय शर्मा, डॉ. विनोद पांडेय, द्वारिका मिश्रा और सूर्याेदय सिंह सहित अनेक शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन अवसर पर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। आभार प्रदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया गया।

  • CG : आंगनबाड़ी केन्द्रों में सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु 11 तक कर सकते हैं आवेदन…

    अम्बिकापुर । एकीकृत बाल विकास परियोजना दरिमा अम्बिकापुर-2 के परियोजना अधिकारी ने बताया कि परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों में सहायिका के रिक्त पदों हेतु खुली भर्ती से नियुक्ति के लिए आवेदन पत्र 11 सितम्बर 2025 तक आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना दरिमा अम्बिकापुर-2 में आंगनबाड़ी सहायिका के 05 रिक्त पदों में भर्ती की जानी है। जिसकी सूची एकीकृत बाल विकास परियोजना दरिमा अम्बिकापुर-2 के कार्यालय तथा जनपद कार्यालय अम्बिकापुर के नोटिस बोर्ड में चस्पा कर दिया गया है।

    उन्होंने बताया कि उक्त पदों पर केवल महिला ही आवेदन कर सकती हैं। आवेदन पत्र एकीकृत बाल विकास परियोजना दरिमा अम्बिकापुर-2 के कार्यालय में कार्य दिवस पर कार्यालयीन समय पर जमा अथवा पंजीकृत डाक द्वारा निर्धारित अवधि तक भेज सकते हैं। नियुक्ति की विस्तृत शर्तों एवं अहर्ताओं के सबंध में परियोजना कार्यालय एवं जनपद पंचायत कार्यालय अम्बिकापुर के सूचना फलक का अवलोकन कर सकते हैं।

  • राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत जप्तशुदा वाहन स्वराज माजदा राजसात

    राजनांदगांव, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कलमना रोड सुपुर नगर नेरखेड़ा तहसील कामठी जिला नागपुर महाराष्ट्र निवासी आदर्श मोटघरे के स्वामित्व की जप्तशुदा वाहन स्वराज माजदा क्रमांक एमएच 40 एके 0989 को छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत शासन के पक्ष में राजसात किया है।

    पुनरीक्षण अवधि समाप्त होने तथा सक्षम न्यायालय से किसी प्रकार का कोई आदेश प्राप्त नहीं होने की दशा में राजसात किए गए वाहन का गठित समिति द्वारा नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई की जाएगी एवं प्राप्त राशि को छत्तीसगढ़ शासन के निर्धारित मद में खजाना दाखिल करने की कार्रवाई की जाएगी। सक्षम न्यायालय (सत्र न्यायालय राजनांदगांव) से आदेश के विरूद्ध कोई आदेश प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार की जाएगी।

  • CG : आईटीआई गौरेला में प्लेसमेंट कैंप 4 सितंबर का आयोजन…

    गौरेला पेंड्रा मरवाही । शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गौरेला में आगामी 4 सितंबर को मारुति सुजुकी कंपनी द्वारा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया है।

    कैंप में विद्युतकार एवं फिटर व्यवसाय में उत्तीर्ण एवं अंतिम वर्ष में अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त दस्तावेजों के साथ सुबह 10 बजे अपस्थित होकर कैंप का लाभ उठा सकते हैं। कैंप के संबंध में अधिक जानकारी के लिए आईटीआई गौरेला कार्यलय में संपर्क कर सकते हैं।

  • CG : सेमरदर्री पंचायत में आयोजित हुई ‘संध्या चौपाल’

    जिला पंचायत सीईओ ने की आवास हितग्राहियों से मुलाकात

    गौरेला पेंड्रा मरवाही । कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे “संध्या चौपाल” कार्यक्रम के अंतर्गत आज मरवाही जनपद के ग्राम पंचायत सेमरदर्री में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने संध्या चौपाल में उपस्थित होकर आवास योजनांतर्गत चयनित हितग्राहियों से सीधी चर्चा की और उनके आवास निर्माण में आ रही समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक हितग्राही से उनके कार्य की प्रगति जानी और समय पर आवास पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया।

    विशेष रूप से सेमरदर्री पंचायत के पहाड़ी क्षेत्र बिलाई डाड़, जहाँ कुल 52 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 10 पूर्ण हो चुके हैं, वहां शेष आवासों को 30 सितंबर 2025 तक पूर्ण करने हेतु हितग्राहियों को प्रेरित किया गया। रावटे ने निर्माण में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों को समझते हुए उपयुक्त सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान हितग्राही शिवलाल द्वारा गृहप्रवेश कार्यक्रम के लिए सीईओ को आमंत्रित भी किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। इस चौपाल में जनपद सीईओ, जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, आवास हितग्राही एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

      उल्लेखनीय है कि "संध्या चौपाल" कार्यक्रम को जिले की प्रत्येक पंचायत में नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं। इसका उद्देश्य हितग्राहियों की समस्याओं का स्थल पर समाधान, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध आवास निर्माण एवं पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी निगरानी और क्रियान्वयन करना है। यह कार्यक्रम न सिर्फ प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम कर रहा है, बल्कि नीति और जमीनी हकीकत के बीच सेतु का कार्य भी कर रहा है।
  • CG : प्रोजेक्ट सुरक्षा के तहत छात्रों एवं कर्मचारियों को मिला जीवनरक्षक प्रशिक्षण…

    प्रगति कॉलेज के 250 विद्यार्थियों ने सीखा प्राथमिक उपचार और सीपीआर

    रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में जिला प्रशासन रायपुर एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा रायपुर के संयुक्त प्रयास से “प्रोजेक्ट सुरक्षा” कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जीवनरक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण प्रगति कॉलेज में संपन्न हुआ। बैच में प्रगति कॉलेज चौबे कॉलोनी रायपुर में 250 स्टूडेंट एवं शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। छात्र-छात्राओं को प्राथमिक उपचार और सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया गया।

    रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा रायपुर के सहायक प्रबंधक देव प्रकाश कुर्रे ने प्रशिक्षण का संचालन करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक तकनीकों की महत्ता को समझाया। उन्होंने सीपीआर की विस्तृत विधि का व्यवहारिक प्रदर्शन कर यह बताया कि कैसे सांस रुकने या हृदय गति बंद होने जैसी गंभीर स्थितियों में समय रहते सही तरीके से दी गई सहायता किसी व्यक्ति की जान बचा सकती है।

  • राजनांदगांव : रवि शण्डे को को किया गया जिला बदर…

    राजनांदगांव, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने भीमनगर वार्ड क्रमांक 9 कालकापारा डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव निवासी रवि शण्डे को आपराधिक गतिविधियों का अन्य कानूनी प्रावधानों से रोकथाम नहीं होने तथा अपराधिक गतिविधियों से शांति व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पडऩे की संभावना को ध्यान में रखते हुए आगामी 6 माह के लिए राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, दुर्ग, बालोद, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी तथा महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया एवं बालाघाट जिला की राजस्व सीमाओं से हट जाने (जिला बदर) का आदेश पारित किया है।

    रवि शेण्डे को एक सप्ताह के भीतर जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाने एवं 28 फरवरी 2026 के पहले प्रवेश नहीं करने के निर्देश दिया गया है। आदेश का पालन नहीं करने पर बलपूर्वक जिलों की सीमाओं से बाहर निकाल दिया जाएगा, यदि इसके बाद भी आदेश का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

  • CG : मिनी माता सम्मान(महिला उत्थान) हेतु आवेदन 25 तक…

    कोरिया । महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी है कि संचालनालय महिला एवं बाल विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा महिलाओं, विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की एक महिला एवं अशासकीय संस्था को 2 लाख रूपये की राशि एवं प्रशस्ति पटिट्का सम्मान के रूप में प्रदान किये जाने का प्रावधान है।

    ‘‘मिनी माता सम्मान’’ हेतु नामांकन प्रस्ताव मंगाने हेतु उपरोक्त विषय के संबंध में शेष जानकारी कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त कर सकते है। पात्र अभ्यर्थी अपना आवेदन 25 सितम्बर 2025 तक कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

  • CG : दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को जिला प्रशासन ने दी राहत…

    रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन आपदा और दुर्घटनाओं के मामलों में तेजी से कार्रवाई कर रही है। आरबीसी 6-4 के तहत मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर प्रभावित परिवारों को सहायता राशि प्रदान की जा रही है।

    इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में जान गंवाने वाले जिले के दो मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

    बनरसी निवासी निर्मला जोशी (आग में जलने) तथा जोरापारा रायपुरा निवासी नजीर मोहम्मद (नदी में डूबने से मृत्यु) हो गई थी। जिनके परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है। राज्य सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने की इस पहल से संकटग्रस्त परिजनों को आर्थिक संबल मिलेगा।

  • CG : प्रोजेक्ट पाई पाई : एसबीआई चीफ मैनेजर ने दिए वित्तीय योजनाओं की जानकारी…

    अधिकारियों और कर्मचारियों को मिला आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का प्रशिक्षण

    रायपुर । प्रोजेक्ट पाई पाई के अंतर्गत आज मल्टीलेवल पार्किंग स्थित प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को वित्तीय साक्षरता संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण भारतीय स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर स्वप्निल देवांगन द्वारा दिया गया।

    प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैलरी पैकेज के विशेष लाभ, डेबिट कार्ड पर उपलब्ध निःशुल्क लाइफस्टाइल बेनिफिट्स, ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधाएँ, पब्लिक प्रोविडेंट फंड, सुकन्या समृद्धि योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के अंतर्गत तिमाही ब्याज प्रावधान तथा कैपिटल गेन अकाउंट जैसी विभिन्न वित्तीय योजनाओं और सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया और वित्तीय साक्षरता संबंधी विषयों पर अपने ज्ञान का विस्तार किया।

  • राजनांदगांव : दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम को सुनने के लिए समूह की महिलाओं में रहा विशेष उत्साह

    – महिलाओं को शासन की योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया गया प्रोत्साहित

    राजनांदगांव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत जिला पंचायत के सभाकक्ष में दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम जिला पंचायत, सभी जनपद पंचायत मुख्यालयों और सीएलएफ सेंटर में की गई। दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। दीदी के गोठ कार्यक्रम में बिहान समूह की आत्मनिर्भर बन चुकी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

    दीदी के गोठ रेडियो प्रसारण सुनने के लिए जनपद पंचायत, संकुल संगठनों एवं ग्राम संगठन स्तर पर बिहान की स्वसहायता समूह सदस्यों ने उत्साह के साथ बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। अपने  बीच की ही महिला का प्रसारण सुनने हेतु महिलाओं में अलग ही उत्साह नजर आया। स्वयं  इस कार्यक्रम को सुनने की इच्छा जागृत हुई तथा आत्मविश्वास बढ़ा। दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम को सुनने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम जनपद पंचायत डोंगरगढ़, जनपद पंचायत डोंगरगांव सहित जनपद पंचायत छुरिया में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जनपद पंचायत डोंगरगांव में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पड़ौती, जनपद सभापति श्रीमती रेशमा साहू, विकासखंड परियोजना अधिकारी श्री देवेन्द्र, क्षेत्रीय समन्वयक श्रीमती चंचल देवी, जनपद पंचायत राजनांदगांव में जनपद सदस्य श्री दुष्यंत धनकर, सीईओ जनपद पंचायत श्री मनीष साहू सहित बड़ी संख्या में महतारी आजीविका संकुल संगठन की महिलाएं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।