• रहस्यमयी मौत का शक: जंगलनुमा क्षेत्र में मिला नर कंकाल, पहचान की कोशिश जारी

    दुर्ग

     कुम्हारी रेलवे स्टेशन के परसदा रेलवे फाटक के पास झाड़ियाें में नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शव लंबे समय से पड़े रहने के कारण सड़ चुका है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज भेजा।

    दरअसल राजेश नाम का व्यक्ति रेलवे लाइन के किनारे अपनी बकरियों को चरा रहा था। तभी अचानक बकरियां दौड़ने भागने लगी, जिससे राजेश को अनहोनी की आशंका हुई। जब राजेश झाड़ियों के बीच पहुंचा तो उसने सड़ी गली अवस्था में नर कंकाल देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव की पहचान शुरू कर दी है।

  • कांकेर जिले के धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का लिया जायज़ा : सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने

    रायपुर,

    खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की आयुक्त श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज कांकेर जिले के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने चारामा तहसील के माहुद, चारामा, लखनपुरी और कांकेर तहसील के नाथिया नवागांव एवं सरोना स्थित खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया।

    निरीक्षण के दौरान सचिव ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने धान विक्रय टोकन की प्रक्रिया का परीक्षण किया और किसानों को बताया कि टोकन सोसायटी मॉड्यूल के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

    सचिव ने जिला खाद्य अधिकारी और सहकारी बैंक के नोडल अधिकारियों से कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति, उनके प्रशिक्षण, नमी मापक यंत्र, बारदाना उपलब्धता, डेमेज एवं हमाल की व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

    जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 94 हज़ार 192 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है तथा 85 प्रतिशत बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। सचिव के द्वारा निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अरुण वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री जे.जे. नायक, उप पंजीयक सहकारी समिति श्री आशुतोष डडसेना, तहसीलदार चारामा श्री सतेन्द्र शुक्ल, नायब तहसीलदार श्री कृष्ण कुमार पाटले, तहसीलदार सरोना श्री मोहित साहू, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री मनोज वानखेडे तथा नान के जिला प्रबंधक श्री आकाश राही भी उपस्थित रहे।

  • महराजपुर में धान खरीदी शुरू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा रहे मुख्य अतिथि

    रायपुर,

    कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित महराजपुर धान उपार्जन केंद्र में आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महापर्व का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परम्परागत रूप से तौल यंत्रों की पूजा-अर्चना कर, किसानों का तिलक करते हुए श्रीफल भेंट किया। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत कर किसानों का उत्साहवर्धन किया।

    इस दौरान ग्राम कांपा के किसान श्री भगत कौशिक से 36 क्विंटल धान का विक्रय किया गया। उन्होंने किसान के साथ मिलकर धान का तौल कराया एवं किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना। उल्लेखनीय है कि महराजपुर उपार्जन केंद्र के अंतर्गत महराजपुर, कांपा, जीताटोला और डगनिया के कुल 769 पंजीकृत किसान हैं।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने किसानों से आत्मीय चर्चा कर उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टोकन व्यवस्था एवं खरीदी प्रक्रिया का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करते हुए किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिससे किसानों को लाभ, सुचारू व्यवस्था और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा।

    उपमुख्यमंत्री ने सभी किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय वृद्धि और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुव्यवस्थित खरीदी प्रबंधन से इस वर्ष भी किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

  • आपत्तिजनक शब्दों का मामला: कथावाचक आशुतोष महाराज को कथा स्थल से किया गिरफ्तार

    तखतपुर

    सतनामी समाज को लेकर विवादित बयान देने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को बिलासपुर पुलिस ने आज कथास्थल से ही गिरफ्तार कर बिलासपुर ले गई. कथावाचक के व्यासपीठ से कहे गए विवादित बयान से आक्रोशित सतनामी समाज के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर तखतपुर थाने का घेराव किया था.

    बता दें कि तखतपुर के टिकरी पारा में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा महापुराण में कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने सतनामी समाज को लेकर आपत्तिजनक बातें कही थी, जो सोशल मीडिया के जरिए तेजी से वायरल हो गई. समाज के लोगों को इस बात की भनक लगते ही आक्रोशित हो गए.

    कथावाचक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर समाज के लोगों ने तखतपुर थाने का घेराव कर दिया. स्थिति को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी के निर्देश पर कथावाचक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के धारा 353 (2) के साथ एससी-एसटी एक्ट की भी धारा जोड़ी गई थी.

    कार्रवाई का दिया था आश्वासन
    एडिशनल एसपी अर्चना झा ने कथावाचक के खिलाफ सतनामी समाज की आपत्ति पर प्राथमिक जांच के बाद धारा 353 (2) के तहत एफआईआर दर्ज करने की जानकारी देते हुए विधिवत जांच कर वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया था. इसके साथ ही समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी.

  • राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में की सहभागिता

    भोपाल 
    पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि अमर सेनानी, महानायक भगवान बिरसा मुंडा गौरव और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और श्रेष्ठ कर्मों से जन-जन के हृदय में अमिट छाप छोड़ी है। उनके जीवन से युवाओं को निरंतर प्रेरणा मिलती है। वह असाधारण व्यक्तित्व थे, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्यमंत्री श्रीमती गौर भोपाल के एकलव्य आवासीय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।

    राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर युवाओं को अद्वितीय संदेश दिया। उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध सशक्त संघर्ष किया। बचपन से ही अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की चेतना उनमें जागृत हो चुकी थी। केवल 15 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा हेतु आंदोलन प्रारंभ किया। 25 वर्ष की अल्पायु तक उन्होंने क्रांति की अलख पूरे देश में जगाई और 'धरती और जल पर हमारा अधिकार हो' ये संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया।

    जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सांसद श्री वी.डी. शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

  • DG–IG कॉन्फ्रेंस पूर्व सुरक्षा तैयारियाँ तेज़, अपराध नियंत्रण पर पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक

    रायपुर

    छत्तीसगढ़ में आगामी DG–IG कॉन्फ्रेंस को ध्यान में रखते हुए राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण क्राइम बैठक जारी है, जिसमें शहर में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विस्तृत रणनीतियों पर मंथन किया जा रहा है। यह बैठक कंट्रोल रूम स्थित C4 सभागार में हो रही है, जहां आईजी और एसएसपी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

    सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य फोकस हाल के दिनों में बढ़ रहे चाकूबाजी के मामलों पर सख्ती से नकेल कसना है। पुलिस अधिकारी शहर के ऐसे संवेदनशील इलाकों की पहचान कर रहे हैं, जहां इस तरह की वारदातें अधिक हो रही हैं। इसके साथ ही साल के अंत (ईयर-एंडिंग) से पहले लंबित मामलों के निराकरण में आ रही दिक्कतों पर भी विस्तृत चर्चा की जा रही है।

    28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन होगा। इसे ध्यान में रखते हुए राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष रूप से समीक्षा की जा रही है। बैठक में बताया गया कि इस राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, देशभर के लगभग 70 डीजी/आईजी रैंक के अधिकारी और 6 अन्य विशेष डिग्निट्री शामिल होंगे। ऐसे में रायपुर पुलिस के लिए सुरक्षा प्रबंधन चुनौतीपूर्ण होने वाला है, जिसे देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

    बैठक में शहर के सभी एएसपी, सीएसपी और प्रत्येक थाना प्रभारी मौजूद हैं। पुलिस अधिकारियों को शहर में फ्लैग मार्च, नाइट पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का मानना है कि संयुक्त प्रयासों और सख़्त मॉनिटरिंग से न केवल शहर में अपराध नियंत्रण के प्रयासों को गति मिलेगी, बल्कि आगामी बड़े कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहेगी।

  • छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का औपचारिक आगाज़: मंत्री बघेल ने अधिकारियों को पारदर्शी और सुचारू संचालन के सख्त निर्देश दिए

    सूरजपुर

     प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का बहुप्रतीक्षित सीजन आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के तहत किसान अब सीधे अपने नजदीकी धान उपार्जन केंद्रों में धान बेच सकेंगे। सूरजपुर जिले में खरीदी का आगाज़ प्रदेश के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने चंदरपुर धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान उन्होंने किसानों का स्वागत करते हुए तौल कांटे पर धान की पहली बोरी तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की।

    किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री बघेल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि धान बेचने के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी समिति प्रबंधक द्वारा किसान से दुर्व्यवहार किया गया या धान पलटी करने जैसे अवैध कार्य कराने की शिकायत मिली तो संबंधित प्रबंधक पर तत्काल सख़्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री बघेल ने यह भी निर्देश दिया कि धान खरीदी के बाद 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान अवश्य पहुंच जाए।

    उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज, प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

    जिले में खरीदी का लक्ष्य और व्यवस्था
    सूरजपुर जिले में इस वर्ष 425009 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले की 54 समितियों में कुल 63,819 पंजीकृत किसान इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। पहले ही दिन लगभग पाँच किसानों से करीब 250 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

    प्रदेश में खरीदी व्यवस्था : 15 नवंबर से 31 जनवरी तक अभियान
    राज्य सरकार ने धान खरीदी के लिए इस वर्ष भी 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक का समय निर्धारित किया है।
    किसानों को सप्ताह में पाँच दिन- सोमवार से शुक्रवार धान बेचने की अनुमति होगी।

    समर्थन मूल्य और लक्ष्य
        समर्थन मूल्य : 3100 रुपये प्रति क्विंटल
        राज्य स्तरीय लक्ष्य : 160 लाख मीट्रिक टन धान उठाव
        पूरे प्रदेश में उपार्जन केंद्र : 2739

    अवैध परिवहन पर निगरानी तेज
    राज्य सरकार ने अवैध खरीद–फरोख्त रोकने कड़े कदम उठाए हैं। सीमा क्षेत्रों पर चेक पोस्ट सक्रिय कर दिए गए हैं, ताकि बाहरी राज्यों से धान की अनियमित ढुलाई रोकी जा सके। खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रेनेज व्यवस्था, तिरपाल और अन्य सुरक्षा साधन लगाए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध बिक्री या परिवहन पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    तुंहर टोकन ऐप अनिवार्य, किसानों के लिए राहत
    राज्य में पंजीकृत किसानों को इस वर्ष भी तुंहर टोकन ऐप से ही टोकन लेना होगा। किसान घर बैठे ही अपने निर्धारित तारीख के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। जो किसान ऐप का उपयोग नहीं कर पा रहे, उनके लिए मंडी स्तर पर टोकन जारी करने की सुविधा रखी गई है।

    टोकन वितरण नियम
        2 एकड़ तक जमीन वाले किसान : 1 टोकन
        2 से 10 एकड़ तक : 2 टोकन
        10 एकड़ से अधिक : अधिकतम 3 टोकन

    ऐप से रोज़ाना सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक टोकन लिए जा सकेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी किसान को टोकन या पंजीयन में कोई समस्या न आए।

  • शराब तस्करी का अनोखा तरीका: एंबुलेंस से 52 पेटियाँ बरामद, चालक भागा

    खरगोन

     अजब-गजब मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य विभाग का गजब कारनामा सामने आया है। एंबुलेंस से स्वास्थ्य सुविधाओं की जगह की अवैध शराब की तस्करी जा रही थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई है। एंबुलेंस से परिवहन करते शराब की 52 पेटी हेलापड़ावा चौकी पुलिस ने जब्त की है। कार्रवाई के दौरान ड्राइवर एंबुलेंस छोड़कर मौके से फरार हो गया।

    दरअसल सोशल मीडिया पर एंबुलेंस से शराब तस्करी का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद थाना चैनपुर पुलिस ने 52 पेटी शराब व एंबुलेंस को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी के सामने लगे बेरिकेड्स को तोडकर ड्राइवर भागने में सफल हो गया।

    आज हेलापड़ावा में स्वास्थ्य शिविर
    आपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इस मामले में फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बना ली और जानकारी देने में आनाकानी करते रहे। आज हेलापड़ावा में स्वास्थ्य विभाग का स्वास्थ्य शिविर लगा रहा है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि तस्करी में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत हो सकती है। यदि ऐसा नहीं है तो स्वास्थ्य विभाग अंधेरे में पड़ा है।

  • 106 करोड़ की सड़क 6 महीने में बदहाल: हाईकोर्ट ने NHAI से विस्तृत रिपोर्ट की तलब

     

    इंदौर

     मध्यप्रदेश के हाईकोर्ट की इदौर खंडपीठ ने NHAI (National Highways Authority of India भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के बनाए गए 8.5 किलोमीटर के हाईवे (सड़क) को लेकर लगी याचिका मामले में 15 दिसंबर तक जवाब मांगा है।

    गड्ढों के कारण हो रहे हादसे
    याचिकाकर्ता के एडवोकेट के मुताबिक 106 करोड रुपए की लागत से बनी सड़क 6 महीने में उखड़कर गड्ढे में तब्दील हो गई है। मामले में इंदौर हाईकोर्ट ने NHAI से 15 दिसंबर तक जवाब मांगा है। याचिका में बताया गया है कि सड़क पर हुए गड्ढों के कारण हादसे हो रहे हैं।

    इंदौर सेंधवा हाईवे का मामला
    इंदौर हाईकोर्ट ने NHAI को सड़क ठीक करने के निर्देश दिए हैं। साल 2009 से 2024 के बीच 3000 से ज्याद एक्सीडेंट में 450 से ज्यादा मौतें हो चुकी है। घाट को कम करने के लिए 8.5 किलोमीटर का रोड का निर्माण किया था। जनहित याचिका लगने के बाद ही इंदौर सेंधवा हाईवे का यह रोड बनाया गया था।

  • उमंग सिंघार का BJP पर हमला: बिरसा मुंडा जयंती पर आदिवासी वोट बैंक की राजनीति का आरोप

    भोपाल

     नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “भगवान बिरसा मुंडा जी ने देश की आजादी और आदिवासी धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनकी 150वीं जयंती पर हम सभी को उनके बलिदान को याद करना चाहिए।”

    सिंघार ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “भाजपा देश में आदिवासी वोट बैंक की राजनीति कर रही है। बिरसा मुंडा जी की जयंती पर पखवाड़ा मना तो रही है, लेकिन 150वीं जयंती के अवसर पर आदिवासियों के लिए प्रधानमंत्री द्वारा कोई भी घोषणा नहीं की गई।”  

    आदिवासी युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा, “मैं सभी से आह्वान करता हूं कि बिरसा मुंडा जी की जयंती पर हम शपथ लें कि उनके विचारों को जीवित रखेंगे और अपने धर्म व संस्कृति का संरक्षण करेंगे।”  बता दें, 15 नवंबर को देशभर में बिरसा मुंडा की जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाई जा रही है।

  • अनियंत्रित कार ने बस स्टैंड पर खड़े ग्रामीणों को रौंदा, एक की मौत, मां-बेटी अस्पताल में भर्ती

    गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

    छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. बस के इंतेजार में कुछ ग्रामीण सड़क किनारे खड़े हुए थे. इस दौरान तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंद दिया. भीषण हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. यह घटना पेंड्रा-सिवनी मुख्य मार्ग के मझगवां गांव के पास की है.

    जानकारी के मुताबिक, MG Hector काफी स्पीड से आ रही थी. बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत था. उसने कार से नियंत्रण खो दिया और ग्रामीणों को रौंद दिया. घटना के बाद कार सड़क किनारे पलट गई और मौके पर स्थानीय निवासी पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने कार ड्राइवर की जमकर धुनाई कर दी. सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाइश देकर शांत करवाया, फिर आरोपी चालक और घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया.

    फिलहाल गंभीर घायल मां-बेटी को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है. पेंड्रा थाना और यातायात पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई जुटी है.

  • भोपाल में चलती बस में आग का हादसा, BCLL की TR-4 पूरी तरह धुआँ-धुआँ

     भोपाल

    राजधानी भोपाल की सड़कों पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जब बीसीएलएल की लो फ्लोर रेड बस में आग लगने की घटना होते-होते बच गई। पूरा मामला भोपाल के लिंक रोड नंबर एक का है, जहां बोर्ड ऑफिस चौराहे से न्यू मार्केट की ओर जा रही लो फ्लोर बस से अचानक धुआं निकलने लगा।

    बस लगातार सड़क पर दौड़ रही थी, लेकिन समय रहते चालक और यात्रियों की सतर्कता से धुएं को काबू कर लिया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। यह बस टीआर-4 रूट पर बैरागढ़ से एम्स तक संचालित होती है। गौरतलब है कि बीसीएलएल की बसों की खराब हालत को लेकर इलाके में लगातार सवाल उठते रहे हैं। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

  • ग्राहकों को बड़ी सुविधा: MP के जिला सहकारी बैंकों में NEFT/RTGS सेवा लागू – डी.पी. आहूजा

    भोपाल
    अपेक्स बैंक के प्रशासक एवं मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव, सहकारिता श्री डी.पी.आहूजा ने आज अपेक्स बैंक मुख्यालय में 72 वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह की शुरूआत पर मध्यप्रदेश के 38 जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की पैक्स कम्प्यूटराईजेशन योजना पर राज्य स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह निर्देश दिये कि सभी पैक्स को सॉफ्टवेयर कार्यप्रणाली पर लाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मध्यप्रदेश के सभी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अपेक्स बैंक के सदस्य बनकर सीधे एन.ई.एफ.टी.(नेफ्ट) एवं आर.टी.जी.एस. की सुविधा आरंभ करेंगे। 

    उन्होंने कहा कि व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के दौर में यदि आधुनिक तकनीकी का सहकारी बैंकें उपयोग करेंगी तो निश्चित रूप से इसका भरपूर लाभ बैंक के व्यवसाय संवर्द्धन को मिलेगा और बैंक के काम में पारदर्शिता व गति भी आयेगी ।  उन्होंने कहा कि आज से 72 वां अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह आरंभ हो रहा है एवं सरकार की मंशानुरूप अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के दौरान हमें ''सहकार से समृद्धि'' की दिशा में अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, समर्पण एवं निष्ठाभाव से सम्पादित करने का भी आज संकल्प लेना होगा । 

    बैठक में अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने अपेक्षा की कि आज के चुनौतीपूर्ण दौर में व्यवसाय का विविधीकरण बहुत जरूरी हो गया है, अतः हमें पारम्परिक कार्यप्रणाली के बजाय नवीन संसाधनों का उपयोग आई.बी.पी.एस. के माध्यम से चयनित नवीन अधिकारियों/कर्मचारियों से कराने की शुरूआत करना चाहिए ।  इसके लिये हम अपेक्स बैंक स्तर पर एवं जिला स्तर पर भी प्रशिक्षण समय-समय पर प्रदान कर रहे हैं, फिर भी यदि आपको किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो हमें बताईये, हरसंभव उसका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा । उन्होंने यह भी कहा कि आज देश में मध्यप्रदेश का अपेक्स बैंक एकमात्र बैंक है, जिसने देश की बैंकिंग क्षेत्र में  भर्ती करने वाली सबसे बड़ी संस्था आई.बी.पी.एस. के माध्यम से पूरे प्रदेश में अधिकारियों/कर्मचारियों की भर्ती की है, जिसका अनुसरण देश के अन्य राज्यों द्वारा भी करने के प्रयास शुरू हो गये हैं और हमारी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना भी हुई है ।

    बैठक में श्री अरूण मिश्र, वि.क.अ., श्री के.टी.सज्जन, उप महाप्रबंधक एवं श्री अरविंद बौद्ध, वि.क.अ. ने बैंकिंग, कृषि अकृषि ऋण वितरण, वसूली, उपार्जन, पैक्स कम्प्यूटराईजेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये ।  

    बैठक में आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक श्री मनोज पुष्प, नाबार्ड मध्यप्रदेश की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सी.सरस्वती, अपेक्स बैंक की विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्रीमती अरूणा दुबे, उप महाप्रबंधक नाबार्ड श्री नन्दू के.नायक के साथ बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण तथा 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारीगण भी उपस्थित हुए ।

  • EVM आरोपों पर राजनीति तेज: डिप्टी सीएम शर्मा ने उठाए कांग्रेस की दलीलों पर सवाल

     रायपुर

     बिहार चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी के कांग्रेस के आरोपों पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि वह चुनाव में काम नहीं करते और ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हैं, लेकिन जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया है. वह दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए और फिर भी नेता प्रतिपक्ष बने बैठे हैं. किसको श्रेय जाता है, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी इस पर सोचना चाहिए कि उन्होंने संस्थाओं को बर्बाद और बदनाम भी. जहां आपकी (कांग्रेस) की जीत हुई, वहां ईवीएम ठीक कैसे हो गई?

    छत्तीसगढ़ में आज से शुरू हो चुके धान खरीदी को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि इस बार 1 लाख अतिरिक्त किसानों ने पंजीयन कराया है. रकबा भी बढ़ा है. सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी. एग्रीस्टेक के माध्यम से पंजीयन प्रक्रियाएं जारी है. उन्होंने कहा कि जहां धान नहीं होगा, वहीं का पंजीयन रोका जाएगा.

    प्रदेश में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी : डिप्टी सीएम शर्मा
    वीरेन्द्र तोमर की गिरफ्तारी और करणी सेना के प्रदर्श की चेतावनी मामले पर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि कोई भी सामाजिक संस्था अच्छे काम के लिए होती है, अपराधियों के समर्थन के लिए नहीं. अपराधी तो अपराधी होता है, फिर चाहे वह किसी भी संस्था से जुड़ा हो. यदि अपराधी संस्था से जुड़े है, उस संस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गड़बड़ करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा. उनके खिलाफ सख़्ती से कार्रवाई की जाएगी.

  • फिल्म ‘जानकी’ ओटीटी पर करेगी धमाकेदार एंट्री, छत्तीसगढ़ सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि

    रायपुर

    छत्तीसगढ़ में बनी पहली हिन्दी फिल्म जानकी पिछले कुछ महीनों से विवादों में चल रही थी. सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दिया था. वहीं, अब जल्द ही ये फिल्म एन. माही फिल्म्स ओटीटी में रिलीज होने जा रही है.

    बता दें कि फिल्म के प्रोड्यूसर मोहित साहू ने अपने फेसबूक पर एक पोस्ट शेयर करके सभी को जानकारी दिया है कि फिल्म जानकी जो पहले 13 जून को रिलीज होने वाली थी, वो अब 21 नवंबर को रिलीज होगी. ये फिल्म पूरे 9 भाषा हिन्दी, छत्तीसगढ़ी, उड़िया, भोजपुरी, बंगाली, गुजराती, सिंधी, तेलुगू, तमिल में रिलीज होने वाले हैं.

    ये है मुख्य कलाकार
    फिल्म जानकी-भाग 1 में जानकी के रोल में अनिकृति चौहान और रघु के किरदार में दिलेश साहू नजर आने वाले हैं. इनके अलावा जीत शर्मा, नीरज उइके, नितीन ग्वाला, अमित गोस्वामी, सुमित्रा साहू, अनुनय शर्मा, दीवाना पटेल, मोहित जोशी, पप्पू चंद्राकर, तेजराम साहू और अमर दास लहरे दिखाई देंगे. इस फिल्म को मोहित साहू ने प्रोड्यूसर और एक्शन डिजाइन किया है. गजेन्द्र देवांगन, आशीष कुमार गोयल और रवि माहवार फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं. कौशल उपाध्याय ने फिल्म की स्क्रिप्ट और निर्देशन किया है. फिल्म के एडिटर गौरांग त्रिवेदी हैं, तो वहीं तोषांत कुमार और मोनिका वर्मा ने संगीत दिया है. फिल्म में गायकों की बात करें तो कैलाश खेर, शान, जावेद अली, देव नेगी, नक्श अजीज और मोनिका वर्मा ने अपनी आवाज दी है.

  • बिहार में NDA की जीत का असर— सीएम साय बोले, ‘बंगाल भी अब व्यवस्था परिवर्तन चाहता है’

    रायपुर

    बस्तर दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिहार चुनाव के परिणाम को लेकर कहा कि जनता ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है. बिहार में एनडीए की बड़ी जीत हुई है. पहले बिहार को कुशासन और जंगलराज से जोड़कर देखा जाता था. लेकिन अब एनडीए सरकार में सुशासन और विकास हो रहा है. उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भी जंगलराज है, वहां की जनता भी उससे छुटकारा चाहती है.

    धान खरीदी पर कांग्रेस के आरोप पर सीएम साय का पलटवार
    धान खरीदी को लेकर सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है, हार से बौखलाए हुए हैं. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने वहां की कमान संभाली थी, लेकिन उनके पास कुछ नहीं है, इसलिए कुछ भी बोल रहे हैं. पूरे प्रदेश में आज से धान खरीदी की भव्य शुरुआत हो रही है.

    जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सीएम होंगे शामिल
    बस्तर के जगदलपुर दौरे को लेकर सीएम साय ने जानकारी दी और कहा कि आज 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है. सीएम ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया. उन्होने कहब कि इसी शुभ दिन पर धान खरीदी की भी भव्य शुरुआत हो रही है.

  • रैन बसेरा सुविधाएँ बेहतर हों: महापौर ने शाहजहानी पार्क में रात में किया निरीक्षण, दुरुस्ती के निर्देश जारी

    भोपाल

    राजधानी भोपाल में कड़ाके की ठंड के बीच महापौर मालती राय ने देर रात शाहजहानी पार्क स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। महापौर मालती राय ने बताया, यह भोपाल का सबसे बड़ा रैन बसेरा है। सर्दी तेज होने के कारण मैंने स्वयं जाकर देखा कि यहां रुकने वाले लोगों को गर्म कंबल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। पिछले साल हमने निर्णय लिया था कि सभी रैन बसेरों में सर्दियों में हीटर लगाए जाएं। आज उसकी व्यवस्था की भी जांच की गई है।

    उन्होंने आगे कहा कि केयरटेकर को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शराब या किसी मादक पदार्थ का सेवन करके आने वाले व्यक्तियों को रैन बसेरे में प्रवेश न दिया जाए, क्योंकि इससे अन्य जरूरतमंदों को परेशानी होती है। निरीक्षण के बाद महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश दिए। शहर के सभी रैन बसेरों में हीटर, गर्म कंबल, स्वच्छ बिस्तर और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

  • सरकार ने खोले धान खरीदी केंद्र: CM साय ने इसे किसानों के विश्वास का पर्व बताया

    रायपुर

    प्रदेश में तयशुदा कार्यक्रम के हिसाब से आज से धान खरीदी शुरू हुई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के जरिए धान खरीदी केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि का यह सफर आज फिर एक नई उम्मीद और किसानों के अटूट विश्वास की रोशनी के साथ आगे बढ़ रहा है.

        आज भोर की सुनहरी किरणों के साथ छत्तीसगढ़ की धरती पर फिर शुरुआत हुई है छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की । यह धान खरीदी किसान भाइयों की मेहनत और सरकार पर उनके विश्वास का उत्सव है।

    छत्तीसगढ़ सरकार 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक धान की खरीदी करेगी. किसान सोमवार से शुक्रवार तक केंद्र में धान बेच सकेंगे. धान खरीदी के लिए किसानों को पिछली बार की तरह इस बार भी प्रति क्विंटल 3100 रुपये के दाम मिलेंगे. धान खरीदी के लिए प्रदेश भर में 2739 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं. सरकार ने इस बार समर्थन मूल्य पर 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है.

    धान अवैध बिक्री पर रोक
    प्रदेश में धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए सरकार ने निर्देश दिए हैं. अन्य राज्यों की सीमा में चेक पोस्ट बनाकर कड़ी निगरानी की जा रही है. धान की सुरक्षा के लिए खरीदी केन्द्रों में ड्रेनेज और तारपोलिन आदि की व्यवस्था की गई है. सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. सरकार के निर्देश के अनुसार अगर कोई अवैध परिवहन या बिक्री करते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    किसानों को लेना पड़ेगा टोकन
    रजिस्टर्ड किसानों को धान बेचने के लिए तुंहर एप से टोकन लेना पड़ता है. टोकन के लिए एप लॉन्च किया गया है. जिसकी मदद से हर किसान को निर्धारित तिथि पर संबंधित खरीदी केंद्र में धान बेचने के लिए टोकन ले सकते हैं. किसान घर बैठे टोकन ले सकते हैं. जो किसान ऑनलाइन टोकन नहीं ले पा रहे हैं उसने लिए मंडी में टोकन की व्यवस्था की गई है. मंडी में किसानों के लिए भी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.

    कितने टोकन पर कितनी धान बिकेगी
    तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के जरिए किसान हर दिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ऑनलाइन टोकन ले सकते हैं. 2 एकड़ या उससे कम जमीन वाले किसानों को अधिकतम एक टोकन मिलेगा. 2 से 10 एकड़ जमीन वाले छोटे किसानों को दो टोकन और 10 एकड़ से ज़्यादा जमीन वाले बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन दिए जाएंगे.

  • वारंट जारी करने में गड़बड़ी का बड़ा मामला उजागर, कोर्ट भी हैरान—पुलिस ने रातभर रखा लॉकअप में

     इंदौर

     जिला अदालत में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घरेलू हिंसा के एक केस में कोर्ट के आदेश के बिना ही पति के खिलाफ वसूली वारंट निकल गया। बिना आदेश के जारी इस फर्जी वारंट को लेकर एसपी से लेकर थाने के टीआई तक पूरी पुलिस टीम तामिली में लग गई और विकलांग शासकीय शिक्षक पति को पकड़कर रातभर लॉकअप में रख दिया। जब पीड़ित को अगले दिन कोर्ट में ले जाया गया तो न्यायालय भी दंग रह गया कि ऐसा वारंट तो कभी जारी हुआ ही नहीं। कोर्ट ने तत्काल पति को रिहा करने का आदेश दिया और वारंट जारी करने वाली प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संबंधित न्यायालयीन अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। घटना ने जिला न्यायालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    फर्जी वसूली का पूरा खेल
    जानकारी के मुताबिक पत्नी ने घरेलू हिंसा के मामले में 8,500 रुपये अंतरिम भरण-पोषण का आदेश प्राप्त किया था। पति ने इसे वरिष्ठ न्यायालय में चुनौती दी और वरिष्ठ न्यायालय ने यह आदेश रद्द कर दिया। आदेश रद्द होने के बाद भी पत्नी ने चालाकी से उसी अस्तित्वहीन आदेश पर वसूली का केस एक अन्य कोर्ट में लगा दिया। कोर्ट ने सिर्फ नोटिस जारी किए थे, किसी भी तरह के वारंट का आदेश जारी नहीं किया था। इसके बावजूद पत्नी ने प्रोसेस राइटर को गुमराह करते हुए बिना आदेश के वसूली वारंट निकलवा लिया, जिसमें तामिली के लिए एसपी इंदौर का नाम भी फर्जी रूप से दर्ज करवा दिया गया। वारंट के कागज पर “कोर्ट आदेश” देखकर पुलिस भी भ्रमित हो गई और हातोद थाना टीआई सहित पूरी टीम पति को पकड़ लाने में लग गई।

    रातभर लॉकअप, समाज में अपमान
    विकलांग शासकीय शिक्षक पति को रातभर लॉकअप में रहना पड़ा। अपमान का दर्द अलग।अगले दिन कोर्ट को जब यह बताया गया कि आदेश पत्रिका में वारंट का कोई आदेश है ही नहीं, तो कोर्ट हतप्रद रह गया और तुरंत पति को रिहा करने के निर्देश दिए।कोर्ट ने इस मामले में लापरवाही पर गंभीर रुख अपनाया और संबंधित अधिकारी से जवाब तलब किया।

    पत्नी, कोर्ट स्टाफ और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग
    पीड़ित पति ने इस पूरे मामले में आरोप लगाते हुए मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, प्रशासनिक न्यायमूर्ति इंदौर और जिला जज इंदौर को याचिका देकर स्वतः संज्ञान लेने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित का आरोप है कि पत्नी ने प्रोसेस राइटर सहित अज्ञात लोगों से मिलीभगत कर फर्जी वारंट निकलवाया, जो धारा 245, 246, 247 BNS के तहत गंभीर अपराध है, जिसकी सजा दो साल तक हो सकती है।

    बिना आदेश वारंट दंडनीय अपराध
    हाईकोर्ट एडवोकेट कृष्ण कुमार कुन्हारे ने बताया कि यह मामला न्याय व्यवस्था को प्रभावित करने वाला है। पत्नी ने कपटपूर्वक झूठी वसूली का केस लगाया और बिना आदेश वारंट जारी हुआ, जो सीधे-सीधे दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने हाई कोर्ट में ज्ञापन देकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है।एडवोकेट डॉ. रूपाली राठौर ने कहा कि यह मामला न्यायिक प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला है और ऐसे मामलों में माननीय न्यायालय स्वयं भी संज्ञान ले सकता है।

  • 72 वें सहकारी सप्ताह पर अपेक्स बैंक अधिकारियों/कर्मचारियों ने ली ईमानदारी एवं शुचिता की शपथ: मनोज गुप्ता, प्रबंध संचालक

    भोपाल
    अपेक्स बैंक, मुख्यालय, भोपाल के टी.टी.नगर स्थित प्रांगण में 72 वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के आयोजन की शुरूआत हर्षोंल्लास के साथ हुई।  बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने ’’सहकारी ध्वज’’ फहराया एवं बैंक के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी एवं समर्पण भाव से शुचिता के साथ अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निवर्हन करने की शपथ दिलाई एवं सहकारिता अमर रहे के नारे भी लगवाए।  
    इस अवसर पर बैंक के विषेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्रीमती अरूणा दुबे, श्री अरूण मिश्र, श्री संजय मोहन भटनागर, श्री अरविंद बौद्ध, उप महाप्रबंधक श्री के.टी.सज्जन के साथ अपेक्स बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, जिला सहकारी बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए ।