• मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत के तहत नमो युवा रन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    भोपाल
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तन और मन की शुचिता के साथ इनका स्वस्थ रहना भी हम सबके लिए बेहद जरूरी है। मनुष्य को पहला सुख निरोगी काया से ही मिलता है। इसलिए हमेशा फिजिकली फिट रहने की कोशिश करें और किसी भी प्रकार के नशे के सेवन से बचें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार की सुबह अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सभी नागरिकों विशेषत: युवाओं से यह अपील की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान के संकल्प पूर्ति एवं जन-जागरूकता के लिए आयोजित नमो युवा रन (मैराथन दौड़) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान नमो युवा रन का आयोजन हम सबको देश की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है।

    मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में नमो युवा रन के मोमेंटों (लोगो) का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्वयं स्पोर्ट्स ट्रेक सूट में मैराथन दौड़ में शिरकत कर हजारों की संख्या में नमो युवा रन में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। हम सदैव अपनी सोच में, अपने विचारों में, अपने मूल्यों में 'देश सबसे पहले' की भावना रखें। हमेशा स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करें, तभी हमारा राष्ट्र पूरी दुनिया का सिरमौर बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर एक अलग प्रतिष्ठा स्थापित की है। मध्यप्रदेश ने भी प्रधानमंत्री श्री मोदी की सोच और उनके विजन से कदम से कदम मिलाते हुए देश-दुनिया में अपनी अलग जगह और नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने खेलों के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। देश के साथ मध्यप्रदेश का भी खेल स्पर्धाओं में प्रदर्शन दिनों-दिन सुधर रहा है। मध्यप्रदेश के हॉकी खिलाड़ी श्री विवेक सागर, ऑलिम्पिक में पदक विजेता टीम के सदस्य रहे। यह हमें खेल के क्षेत्र में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि यह संकल्प लें कि हम खुद को फिट रखेंगे, नशे से दूर रहेंगे और अपने-अपने काम और कर्तव्यों में भी हमेशा अव्वल रहेंगे।

    कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान के संबंध में एक वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने देश के सभी युवाओं से फिट रहने और नशा नहीं करने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत के लिए हमने राष्ट्रीय योजना तैयार की है। जो एडिक्ट्स हो चुके हैं उन्हें शिक्षित कर उनके उपचार और पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स, केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकारों के सभी विभाग भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। वीडियो संदेश में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं केन्द्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मंडाविया ने भी देश के सभी युवाओं से शरीर की तंदरूस्ती के लिए रोजाना व्यायाम करने और नशे से बचने का विशेष आह्वान किया।

    नमो युवा रन मैराथन दौड़ कार्यक्रम में खेल एवं युवक कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, महापौर श्रीमती मालती राय, श्री हितानंद शर्मा, श्री वैभव पंवार, श्री रविन्द्र यति, श्री रणजीत चौहान, श्री महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

  • डॉ. यादव ने अमावस्या पर पितृों को किया नमन, मांगी आशीर्वाद की प्राप्ति की कामना

    भोपाल 
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पितृ-मोक्ष अमावस्या पर अपने सभी पूज्य पितरों को नमन किया है। उन्होंने कहा कि मनुष्यता और सफलता के नए-नए शिखरों को स्पर्श करने की यात्रा में पूर्वज हम सभी के प्रेरणा होते हैं। पूर्वजों के प्रति समर्पण, श्रद्धा और कृतज्ञता ज्ञापित करने के पर्व 'पितृ मोक्ष अमावस्या' पर सभी पूज्य पितरों के चरणों में सादर प्रणाम करता हूं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि हम सभी अपने पितरों के आदर्शों और मूल्यों पर चलने के लिए संकल्पित हों। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा है कि हम सभी पर पूज्य पितरों और परमात्मा का आशीर्वाद सदा बना रहे।

  • राज्यपाल पटेल ने संदेश में कहा- नवरात्रि का यह पावन पर्व शक्ति, भक्ति और श्रद्धा की आराधना का प्रतीक

    भोपाल 
    राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि सभी का जीवन सुख, समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से परिपूर्ण हो। माँ दुर्गा से प्रार्थना की है कि आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे की भावना और अधिक मजबूत हो।

    राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने अपने संदेश में कहा है कि नवरात्रि का यह पावन पर्व शक्ति, भक्ति और श्रद्धा की आराधना का प्रतीक है। पर्व अपनी आंतरिक शक्तियों और सामर्थ्य को पहचान कर, जीवन को नई दिशा देने के लिए प्रेरित करता है। अंतर्मन को शुद्ध करने और आत्म-अनुशासन को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। माँ दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की उपासना जीवन में नई ऊर्जा, धैर्य, उत्साह और सकारात्मकता से भर देती है। राज्यपाल ने नागरिकों से उत्सव को पारंपरिक उल्लास और सद्भाव के वातावरण में मनाने। समृद्ध और सशक्त प्रदेश बनाने में योगदान देने की अपील की है। 

     

  • गरबा अभ्यास के दौरान सनसनी, मंदसौर में युवती को महिलाओं समेत 7 लोगों ने खींचकर किया किडनैप

    मंदसौर

    मंदसौर में खानपुरा क्षेत्र में भावसार धर्मशाला में गरबा प्रैक्टिस कर रही युवती का दो महिलाओं व पांच युवकों ने अपहरण कर लिया। युवती जाना नहीं चाहती थी तो आरोपित उसे घसीटते हुए ले गए। वहां मौजूद एक महिलाओं व युवतियों ने बचाने की कोशिश की तो लेकिन उसे आरोपितों ने धक्का दे दिया। एक आरोपित के हाथ में कट्टा भी था। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने युवती को छुड़ा लिया है वही मामले सात लोगों को गिरफ्तार करने की सूचना है।

    प्रेम विवाह से जुड़ा मामला
    पूरा मामला प्रेम विवाह से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। युवती के स्वजन इस विवाह से नाराज थे इसलिए उसे जबरन ले गए थे। शनिवार रात लगभग 10 बजे खानपुरा में स्थित भावसार धर्मशाला में महिलाएं और युवतियां गरबा की प्रेक्टिस कर रही थी। तभी चार युवक और दो महिलाएं वहां पहुंची और युवती को पकड़ लिया। वे उसे अपने साथ ले जाने लगे।

    7 आरोपी गिरफ्तार
    वहां मौजूद सभी लोग डरकर पीछे की तरफ भाग गए। सिर्फ एक युवती उसे बचाने आगे आई, लेकिन आरोपित महिलाओं ने उसे धक्का दिया। और युवती को अपने साथ ले गए। सूचना के बाद पुलिस की टीमें सक्रिय हुई। और लगभग तीन चार घण्टे में युवती को छुड़ा लिया। इस मामले में लगभग 7 आरोपित को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। एसपी दोपहर प्रेस कांफ्रेंस में आरोपितों के नाम का खुलासा करेंगे।

  • मप्र रेलवे अलर्ट: कोतमा स्टेशन के पास मालगाड़ी हादसा, चार बोगियां पटरी से उतरीं

    अनूपपुर
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत कोतमा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कोयला खदान कोयला लोड करने जा रही एक मालगाड़ी के 6 बोगियां पटरी से उतर गई, जिनमें से दो पलट भी गई। शनिवार रात 11:30 का यह घटनाक्रम है। कोतमा रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर दूरी पर मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतर गईं।

    कोतमा से एसईसीएल के गोविंदा कालरी साइडिंग जब मालगाड़ी जा रही थी तभी का यह मामला है। रेलवे के इंजीनियरिंग और संचालन विभाग द्वारा रात को ही पहुंचकर क्षतिग्रस्त मालगाड़ी की बोगियों को पटरी से हटाने और पटरी पर खड़ा करने का काम शुरू कर दिया था। सुबह बिलासपुर से भी रेलवे की एक टीम कोतमा पहुंचकर रेल ट्रैक को सही करने के कार्य में जुट गई थी।

    यात्री ट्रेन प्रभावित नहीं हुई
    जानकारी अनुसार शनिवार रात चिरमिरी से बिलासपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बैहा टोला रेलवे स्टेशन में रोका गया था। जबकि अंबिकापुर से दुर्ग जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को बिजुरी स्टेशन में रोक दिया गया था। कोतमा से अंबिकापुर रोड चिरमिरी रेल लाइन के साथ अनूपपुर के लिए रेल लाइन गुजरती है। हालांकि यात्री ट्रेन प्रभावित नहीं हुई सुबह सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से निकली।

    रविवार सुबह क्षतिग्रस्त पटरी से उतरी बोगियों को ट्रैक पर लाने का काम किया जाता रहा, वहीं जेसीबी मशीन से बोगियों को रेल लाइन से हटाने का काम किया गया। रेल बोगियों के पलटने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि इस घटना के बाद कुछ मालगाड़ियों के परिचालन में देरी हुई।

     

  • खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ‘नमो युवा रन’ का किया शुभारंभ

    रायपुर

    खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वस्थ और नशामुक्त भारत के लिए रायपुर और बिलासपुर में आयोजित ‘नमो युवा रन’ में युवाओं ने जोश और उत्साह से भागीदीरी की. युवाओं को फिट और नशामुक्त रखने देश के 75 शहरों में यह दौड़ आयोजित की गई. राजधानी रायपुर में तेलीबांधा तालाब से शुरू हुई यह दौड़ सुभाष स्टेडियम में समाप्त हुई. वहीं बिलासपुर में सीएमडी कॉलेज मैदान से प्रारंभ कर रीवर-व्यू रोड में इसका समापन किया गया.

     उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर के तेलीबांधा तालाब में झंडा लहराकर ‘नमो युवा रन’ को प्रारंभ किया. प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने युवाओं के साथ दौड़ लगाकर इसकी प्रतीकात्मक शुरूआत की. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, विधायकगण सर्वश्री मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा तथा छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी इस दौरान उपस्थित थे.

    उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश का हर युवा स्वस्थ हो, समर्थ हो, सक्षम हो और नशे से दूर रहे, इसकी जागरूकता के लिए इस दौड़ का आयोजन किया गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं और खेलों की तरक्की के लिए महत्वपूर्ण काम किए हैं. विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से भारत सरकार युवा शक्ति को तैयार करने का काम कर रही है.

     साव ने कहा कि हम हर युवा को फिट रहने के लिए खेल के मैदान से जोड़ना चाहते हैं. वे खेलों से जुड़ेंगे तो नशे से दूर रहेंगे. देश को समृद्ध बनाने के लिए युवा स्वस्थ रहें तथा उत्साह व आत्मविश्वास से भरे रहें, यह जरूरी है. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों से स्वस्थ और नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए संकल्प लेने की अपील की.

    खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से ‘नमो युवा रन’ का  आयोजन किया गया है. रायपुर और बिलासपुर में आयोजित इस दौड़ में भाग लेने के लिए 20 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उच्च शिक्षा तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के सहयोग से इसका आयोजन किया जा रहा है.

    रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ एथलेटिक संघ के जी.एस. बाम्बरा और केनोइंग-कयाकिंग एसोसिएशन के प्रशांत रघुवंशी सहित अनेक खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में ‘नमो युवा रन’ के शुभारंभ और समापन के मौके पर मौजूद थे.

    अर्जुन राय और वंशिका पटेल को मिला प्रथम स्थान

    उप मुख्यमंत्री अरुण साव और अन्य अतिथियों ने सुभाष स्टेडियम में आयोजित ‘नमो युवा रन’ के समापन कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. पुरूष वर्ग में अर्जुन राय को प्रथम, अक्षय कुमार को द्वीतिय और चंद्रप्रकाश को तृतीय स्थान मिला. वहीं महिला वर्ग में वंशिका पटेल प्रथम, रूख्मणि साहू द्वीतीय और चंचल यादव तृतीय स्थान पर रहीं. दोनों वर्गों में प्रथम, द्वीतीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 25 हजार रुपए, 15 हजार रुपए और दस हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई. वहीं चतुर्थ और पंचम स्थान हासिल करने वालों को पांच-पांच हजार रुपए तथा छटवें से दसवें स्थान पर रहने वालों को दो-दो हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.

    अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

    उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर ‘नमो युवा रन’ के सुभाष स्टेडियम में समापन के दौरान अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और बस्तर ओलंपिक के आइकॉन खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के साथ प्रथम पंक्ति में बैठकर मंच साझा किया. साव ने खुद आग्रहपूर्वक सभी खिलाड़ियों को मंच पर अग्रिम पंक्ति में जगह दी और उनके साथ विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए. कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय वेट-लिफ्टर रूस्तम सारंग, हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, फुटबॉलर सुश्री किरण पिस्दा और वॉलीबाल खिलाड़ी दीपेश सिन्हा सहित अन्य खिलाड़ियों हितेश निर्मलकर, प्रवीण कुमार, पलक नाग, राकेश कुमार, मानो ध्रुव, पंडुराम, मानबती बघेल, मनीष मौर्य, अमृत, चुम्मन सिंह, रूपाली साहू, सुनील मोडियाम, सरिता बघेल, अनिरूद्ध, भुनेश्वरी निषाद और दामिनी सिंह को सम्मानित किया गया.

  • राजा भोज सेलिंग चैंपियनशिप: 100 से ज्यादा प्लेयर्स की हवाई दंगल, कौन बनेगा विजेता?

    भोपाल 
    भोपाल के बड़े तालाब पर आयोजित राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैपियनशिप में सेलिंग स्कूल भोपाल की शगुन झा 29ईआर में, शारन्य 29 ईआर बालक में, एकलव्य बाथम 420 ड, राजवीर आईएलसीए-4, और तुलसी पटेल आईएलसीए-4 बालिक में आगे चल रहे हैं। आज दो रेस होंगी। इसी आधार पर विजेता तय हो जाएंगे।

    इस टूर्नामेंट में देश भर के 100 से ज्यादा प्लेयर्स भागीदारी कर रहे हैं। इनमें मप्र राज्य सेलिंग अकादमी भोपाल यानी नेशनल सेलिंग स्कूल के 29 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आमतौर पर भोपाल का मौसम हमेशा स्पर्धा के अनुकूल होता है, लेकिन इस बार तेज हवाओं के कारण स्पर्धा में बाधा भी हुई है।
     
    रंग-बिरंगी बोट पर हवा के साथ तालमेल बनाकर दिखाया दम
    इसके पहले शुक्रवार को सुबह मौसम खराब होने के कारण रेस नहीं हो सकी, लेकिन दोपहर को मौसम अनुकूल होते ही राजा भोज मल्टीकलास सेलिंग चैंपियनशिप में दो रेस आयोजित हुई। महाराष्ट्र की नन्हीं चैंपियन वृतिक म्हात्रे ने अपने वर्ग में जोरदार प्रदर्श किया। वृतिका ने ऑप्टिमिस्ट ग्रीन वर्ग की पहली रेस में पहला और दूसरी में पहला स्थान प्राप्त कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

    बालक वर्ग में आईएनवीटी के अक्षत कुमार ने पहली रेस में पहला तथा दूसरी रेस में आरएमवायी के शिवाय शेखर ने पहला स्थान प्राप्त किया था। बालिका ऑप्टिमिस्ट में टीएएसए की श्रेया कृष्णा लक्ष्मी नारायण ने दोनों रेसों में पहला स्थान प्राप्त किया। बालक ऑप्टिमिस्ट की पहली रेस में टीसीए के तेलगु कार्तिक ने पहला और दूसरी रेस में एनएसएस के समर पचेश्वर ने पहला स्थान पाया। 420 मिक्स्ड इवेंट में एनएसएस के एकलव्य बाथम दोनों रेस में पहले स्थान पर रहे थे।

     

  • GST 2.0 पर CM साय का बयान– टैक्स सिस्टम होगा आसान, हर जगह दिखेगा असर

    रायपुर

    22 सितंबर से लागू हो रहे प्रदेश में जीएसटी 2.0 को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इसका सब जगह असर दिखेगा. जीएसटी के जो 4 स्लैब थे, उसको घटकर के 2 किया गया है. अब केवल 5 और 18 प्रतिशत का स्लैब है. पहले जो 28 प्रतिशत था, वह घटकर 18 हो गया है. इस तरह से 10 प्रतिशत की कटौती है.

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में जीएसटी रिफार्म को लेकर कहा कि इससे उद्योग-व्यापार में लाभ होगा, और हमारे अन्नदाता किसान भाइयों को भी बहुत लाभ होगा. कृषि उपकरण, कीटनाशक की कीमत काफी कम होगी, जिससे कृषि की लागत भी कम होगी, और किसानों को फायदा होगा.

    वहीं भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज भी दिलचस्प मुकाबला होगा. आज इंडिया जीतेगी. इस दौरान बस्तर प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो समाज के कार्यक्रम हैं. सामाजिक भवन का उद्घाटन है.

  • सीसरिंगा से महलंग सहसपुर मार्ग के विकास पर सरकार ने लगाई मुहर, 6.91 करोड़ का बजट मंजूर

    रायपुर,

    मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि जशपुर जिले को एक और बड़ा तोहफ़ा मिला है। राज्य सरकार ने सीसरिंगा से महलंग होकर सहसपुर तक 6.5 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ 91 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

    बरसात में कीचड़ भरे रास्ते और गर्मियों में धूल से परेशान ग्रामीणों को अब सुविधा और सुरक्षित परिवहन की सौगात मिलेगी। स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को होने वाली समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी। नई सड़क के बनने से क्षेत्र में सुगम आवागमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। किसानों की फसलें और ग्रामीण उत्पाद अब तेजी से बाजार तक पहुंच पाएंगे। इसके साथ ही व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।

    राज्य शासन के द्वारा दी गई इस स्वीकृति से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस सड़क से विकास की गति तेज होगी और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

  • भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का छापा, कोयला कारोबारी के ठिकाने से मिल रहे अहम दस्तावेज़

    जांजगीर

    रविवार को ईओडब्ल्यू के साथ एसीबी भी सक्रिय नजर आ रही है. एसीबी ने अकलतरा के अम्बेडकर चौक के पास स्थित कोयला व्यापारी के निवास पर छापा मारा है. सुबह से चल रही कार्रवाई में घोटाले से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं.

    कांग्रेस सरकार के दौरान सचिवालय में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ रहे जयचंद कोसले के निवास पर सुबह डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने दबिश दी. बताया जा रहा है कि जयचंद कोसले का बेटा कोयले का कारोबार करता है. एसीबी की टीम घर में दस्तावेजों को खंगाल रही है.

    ईओडब्ल्यू ने 10 जगह दी दबिश
    एक तरफ अकलतरा में जहां एसीबी ने कोयला घोटाले से जुड़े मामले में दबिश दी है, तो वहीं दूसरी ओर शराब घोटाला में ईओडब्ल्यू ने प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर स्थित शराब कारोबारियों के 10 ठिकानों पर छापेमारी की है. राजधानी में 3 से 4 ठिकानों पर दबिश दी गई है, जिसमें रायपुरा के शिव विहार कॉलोनी स्थित शराब कारोबारी अवधेश यादव का घर भी शामिल है.

    क्या है कोयला लेवी मामला
    दरअसल, राज्य के वरिष्ठ राजनेताओं और नौकरशाहों से मिलीभगत के बाद कुछ लोगों ने ऑनलाइन मिलने वाले परमिट को ऑफलाइन कर कोयला ट्रांसपोर्ट करने वालों से हर टन पर 25 रुपये की अवैध लेवी वसूली गई. खनिज विभाग के तत्कालीन संचालक IAS समीर बिश्रोई ने ऑफलाइन करने का आदेश जारी किया गया था.

    कोल परिवहन के लिए कोल व्यापारियों को यह परमिट दिया जाता था. पूरे मामले का मास्टरमाइंड कोल व्यापारी सूर्यकांत तिवारी को माना गया. इसमें जो व्यापारी पैसे देता उसे ही खनिज विभाग से पीट और परिवहन पास जारी होता था, यह रकम 25 रुपये प्रति टन के हिसाब से सूर्यकांत के कर्मचारियों के पास जमा होती थी. इस तरह से स्कैम कर कुल 570 करोड़ रुपए की वसूली की गई.

    कहां खर्च की अवैध कमाई
    जांच में सामने आया है कि इस घोटाले की राशि को सरकारी अधिकारियों और राजनेताओं को रिश्वत देने में खर्च किया गया. साथ ही चुनावी खर्चों के लिए भी इस अवैध राशि का इस्‍तेमाल किया गया. आरोपियों ने इससे कई चल-अचल संपतियों को खरीदा.

  • भोपाल की हवा अभी भी प्रदूषित, 21 इलेक्ट्रिक रोड स्वैपिंग मशीनों से सफाई की जाएगी नई पहल

    भोपाल 
    भोपाल नगर निगम शहर की सड़कों पर धूल को नियंत्रित करने के लिए 21 नई इलेक्ट्रिक रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदने की योजना बना रहा है। प्रत्येक मशीन की लागत लगभग 65 लाख रुपये होने की उम्मीद है। इसके अलावा, निगम 8 नए ट्रकों पर 5 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक खर्च करेगा। भोपाल नगर निगम ने शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में छठे स्थान से आगे नहीं बढ़ पाने के बाद, निगम ने वायु प्रदूषण के एक प्रमुख कारण, सड़क की धूल को नियंत्रित करने का फैसला किया है। इसके लिए, निगम प्रत्येक जोन के लिए एक-एक, 21 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदने की योजना बना रहा है। प्रत्येक मशीन की लागत लगभग 65 लाख रुपये होने की उम्मीद है। इसके अलावा, निगम 8 नए ट्रकों पर 5 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक खर्च करेगा।

    वर्तमान में 13 स्वीपिंग मशीनें
    जानकारी के लिए बतादें कि भोपाल नगर निगम के पास वर्तमान में 13 स्वीपिंग मशीनें हैं, जिनमें से केवल 10 ही काम कर रही हैं। शहर की सड़कों पर धूल जमाव एक बड़ी समस्या है, जिससे वायु गुणवत्ता खराब होती है। इसलिए अब 21 नई इलेक्ट्रिक रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदने का तैयारी की जा रही है। जिसकी लागत लगभग 65 लाख रुपये प्रति मशीन होगी। साथ ही  8 नए ट्रकों की खरीद, जिस पर 5 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक खर्च होंगे।
     
    प्रतिदिन लगभग 200 किलोमीटर सड़कों की सफाई
    निगम के पास अभी जो मशीने हैं ये प्रतिदिन लगभग 200 किलोमीटर सड़कों की सफाई करती हैं, जिनमें से अधिकांश वीआईपी क्षेत्रों जैसे लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3, चार इमली, अरेरा कॉलोनी, शिवाजी नगर और एयरपोर्ट रोड में केंद्रित हैं। इसके विपरीत, भोपाल में 3,800 किलोमीटर सड़कें हैं, जिनमें 800 किलोमीटर मुख्य सड़कें शामिल हैं, जिनकी नियमित रूप से मशीनों से सफाई की आवश्यकता होती है।
     
    वायु प्रदूषण कम करने निगम की योजना
    1- 21 नई इलेक्ट्रिक रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदना, जिससे प्रतिदिन लगभग 200 किलोमीटर सड़कों की सफाई हो सके।
    2- शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार करने और नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना।
    3- निगम ने शहर की सड़कों पर धूल को नियंत्रित करने के लिए टॉस्क फोर्स और कार्य योजना बनाई है। 

  • उपमुख्यमंत्री शर्मा ने भारत-पाक मैच पर दी बड़ी प्रतिक्रिया, अमित शाह करेंगे छत्तीसगढ़ दौरा

    रायपुर

    भारत-पाकिस्तान के बीच आगामी क्रिकेट मैच को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि इस बार पाकिस्तान को पिछली बार से भी ज्यादा करारी शिकस्त भारत की टीम देगी. इसके अलावा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस सुधारों के तहत कमिश्नर प्रणाली लागू करने की घोषणा की. उन्होंने कहा, कमिश्नर प्रणाली लेकर आएंगे, जिससे पर्याप्त व्यवस्था और निर्णय पुलिस स्वयं कर पाएगी. यह प्रणाली पुलिस को अधिक स्वायत्तता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करेगी, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत होगी.

    विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होंगे अमित शाह
    वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 4 अक्टूबर को राज्य के दौरे पर रहेंगे. मीडिया से बातचीत में  उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे और बस्तर के प्रसिद्ध दशहरा उत्सव में हिस्सा लेंगे. वे विशेष रूप से मुरिया दरबार में शिरकत करेंगे, जो इस 75 दिनों तक चलने वाले ऐतिहासिक आयोजन का केंद्रीय हिस्सा है. बस्तर दशहरा, जो जगदलपुर में आयोजित होता है, आदिवासी परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़ा 600 वर्ष पुराना उत्सव है. यह नक्सलवाद से मुक्त बस्तर की शांति और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का प्रतीक बन चुका है.

     शर्मा ने कहा, “गृहमंत्री जी का यह दौरा बस्तर के लिए ऐतिहासिक होगा. बस्तर अब नक्सलवाद की गिरफ्त से मुक्त होकर शांति और खुशी से अपने त्योहार मना रहा है.” बस्तर सांसद महेश कश्यप ने 19 सितंबर को दिल्ली में शाह से मुलाकात कर यह निमंत्रण दिया था, जिसमें मां दंतेश्वरी की पवित्र छवि भी भेंट की गई. शाह ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वे 75-दिवसीय मुरिया दरबार में भाग लेंगे. यह दौरा राज्य सरकार की नक्सल-मुक्ति अभियान की सफलता को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करेगा.

  • तेज रफ्तार का कहर: पन्ना में बस पेड़ से टकराई, 12 यात्री घायल, महिला की हालत गंभीर

    पन्ना

    पन्ना में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। पन्ना-सतना राष्ट्रीय राजमार्ग -39 पर पांडेय बस सर्विस की एक तेज रफ्तार यात्री बस क्रमांक-MP-35, P-0246 जो गुन्नौर से पन्ना आ रही थी तभी पन्ना शहर के नजदीक काष्टागार के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

    स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ​हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। इस घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं घायलों में ककरहटी निवासी 40 वर्षीय संतोषी पाण्डेय गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं। वे अपनी बहू को देखने के लिए ककरहटी से छतरपुर जा रही थीं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है।

    अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।​ बस में सवार एक यात्री, वनगांव की राजकुमारी बाई, ने बताया कि ड्राइवर बहुत तेज गति से बस चला रहा था। वाहन चालक ने अपना संतुलन खो दिया और बस सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। देखते ही देखते यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या प्रशासन तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों पर लगाम लगा पाएगा।

  • मुख्यमंत्री साय ने असम राइफल्स के शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

    रायपुर,

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मणिपुर में असम राइफल्स पर हुए कायरतापूर्ण हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस हमले में छत्तीसगढ़ के बस्तर के वीर सपूत राइफलमैन रंजीत कश्यप सहित दो जवानों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्र शहीद जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने शहीदों को कोटि-कोटि नमन करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों का यह त्याग हम सबको देश की रक्षा और एकता के मार्ग पर और अधिक दृढ़ संकल्पित करता है।

  • मुख्यमंत्री साय बोले – गुरु तेगबहादुर सिंह जी ने धर्म की रक्षा के लिए दी अपनी शहादत

    रायपुर,
     

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के सेरीखेड़ी में गुरु तेगबहादुर सिंह जी की 350वीं शहादत शताब्दी के अवसर पर आयोजित नगर कीर्तन यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु तेगबहादुर सिंह जी ने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह हमारा सौभाग्य है कि आज छत्तीसगढ़ की धरती पर आयोजित कीर्तन यात्रा का दर्शन कर रहे हैं।
     
    मुख्यमंत्री साय ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी की अगुवाई कर रहे पंच प्यारों का सम्मान भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को पवित्र सिरोपा और कृपाण भेंट की गई।
     
    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए बड़े सौभाग्य और गर्व का विषय है। आज हम नगर कीर्तन यात्रा के दर्शन कर रहे हैं, जो गुरु तेगबहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी के अवसर पर असम के गुरुद्वारा धुबरी साहिब से प्रारंभ होकर देश के अनेक स्थानों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुँची है। लगभग 10 हजार किलोमीटर की यात्रा तय कर यह नगर कीर्तन यहां पहुँचा है। हमारे प्रदेशवासियों के लिए यह ऐतिहासिक क्षण और पुण्य अवसर है कि हमें इस यात्रा का स्वागत करने और इसमें भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ है।
    मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु तेगबहादुर जी की शहादत के बारे में हम सभी भलीभांति जानते हैं। वे मुगलों के सामने कभी नहीं झुके और अपने धर्म की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। आज भी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब गुरु तेगबहादुर जी की शहादत का अमर प्रतीक है। हम गुरु तेगबहादुर जी को नमन करते हैं।
    मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों की शहादत भी अद्वितीय है। साहिबजादों ने मुगलों के सामने झुकने के बजाय धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने साहिबजादों की इस वीरता को नमन करते हुए हर वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी वीर बाल दिवस को पाठ्यक्रम में शामिल करने का निर्णय लिया है।
    इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ नि:शक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, बलदेव सिंह भाटिया, गुरचरण होरा, गुरुद्वारा कमेटियों के प्रमुखजन सहित बड़ी संख्या में सिख धर्म के अनुयायी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

     

  • वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में होंगी अनेक प्रतियोगिताएँ

    रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 27 सितम्बर
    प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर प्रतिभागियों को दिया जायेगा प्रवेश

    भोपाल 
    वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह-2025 का आयोजन एक से सात अक्टूबर तक किया जायेगा। राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह में विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिये रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि 27 सितम्बर, 2025 है।

    राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह में छात्र-छात्राओं के लिये गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इनमें 'चित्रकला, भारत के वन्य-जीव, उनका रहवास एवं आपसी संचार' विषय पर फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता, पक्षी अवलोकन शिविर, जागरूकता के लिये सृजनात्मक कार्यशाला-सह-प्रतियोगिता, महाविद्यालयीन विद्यार्थी वाद-विवाद, तत्कालीन कहानी, कथा-वाचन, खजाने की खोज, मेहंदी, पॉम पेंटिंग, फोटोग्राफी, रंगोली, युवा संसद, रन फॉर वाइल्ड लाइफ, शिक्षक वाद-विवाद, रेस्क्यू एवं वन्य-जीव संरक्षण तथा अनुश्रवण के उपकरणों से संबंधित कार्यशाला, वाइल्ड लाइफ एण्ड नेचर एक्सपो, विद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, मानव-वन्य-जीव-सह-अस्तित्व, मिशन लाइफ के साथ ही से नो टू प्लास्टिक से संबंधित विषयों पर "वॉक थ्रू क्विज कम एग्जीवीशन और टोडलर वॉक प्रतियोगिता का आयोजन होगा।

    कार्यक्रम स्थल पर प्रतिभागियों को प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा। वन्य-प्राणी सप्ताह में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी वन विहार स्थित विहार वीथिका में लगायी जायेगी। प्रदर्शनी के अवलोकन के लिये भोपाल स्थित महाविद्यालय, विद्यालयों के छात्र-छात्राओें को आईडी कॉर्ड पर गेट क्रमांक-2 से नि:शुल्क पैदल प्रवेश दिया जायेगा। अन्य जानकारी के लिये वन विहार के सहायक संचालक एवं कार्यक्रम समन्वयक मोबाइल नम्बर-9424790615, इकाई प्रभारी पर्यटन रेंज ऑफिसर मोबाइल नम्बर-9424790611 और सहायक समन्वयक मोबाइल नम्बर-9424790613 से सम्पर्क किया जा सकता है।

     

  • एक मकान, 89 मतदाता! MP में लोकतंत्र का मजाक उड़ा

    नागौद
    लोकतंत्र के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला मापला जिला के नागौद विकासखंड से सामने आया है। वार्ड क्रमांक 6, गढ़ी टोला में पूर्व पार्षद और विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश पांडे उर्फ फूलन महाराज के मकान क्रमांक 122 में कुल 89 मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं। इनमें अलग-अलग जातियों और परिवारों के लोग शामिल हैं। इस मामले ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।

    कुछ ऐसे रची साजिश
    स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला महज लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश प्रतीत होता है। ओमप्रकाश पांडे ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर बीएलओ से मिलीभगत कर यह फर्जीवाड़ा कराया। रजिस्टर में मकान संख्या का क्रम भी अव्यवस्थित रखा गया, ताकि यह खेल आसानी से पकड़ में न आए।
     
    एक ही मकान में दर्ज 89 मतदाता
    विशेषज्ञों का कहना है कि एक ही मकान में इतनी बड़ी संख्या में मतदाता दर्ज करने से किसी भी उम्मीदवार को कृत्रिम बढ़त दिलाई जा सकती है। यह स्थिति स्थानीय प्रशासन की उदासीनता और संभावित मिलीभगत पर भी गंभीर सवाल खड़ा करती है। सूची में दर्ज नामों में शंकर प्रसाद, चुरेमा कुमार, प्रिया पत्नी सुरेगा कुमार, संदीप पिला, विमला पति मयूरा प्रसाद, आजाद बुनकर, अमर चौरसिया, ज्योति कुमार, दीपक शर्मा, रश्मि, रोशनी और अन्य शामिल हैं।
     
    चुनावी साख पर सवाल
    लोगों का सवाल है कि क्या इतने विविध लोग व एक साथ इतने कमरों वाले मकान में रह सकते हैं? राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के मन में यह धारणा मजबूत होगी कि लोकतंत्र अब केवल सत्ता का खेल बन गया है। क्षेत्रीय लोग और सामाजिक संगठन प्रशासन और निर्वाचन आयोग से मांग कर रहे हैं कि इस मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

     

  • मंदसौर का महंगा ‘कांड’: पौधों की सिंचाई में उड़ाए गए लाखों, ट्रैक्टर विवाद ने मचाई हलचल

    मंदसौर
    गरोठ वन परिक्षेत्र में अफसरों-कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार का नया उदाहरण पेश किया है। हनुमंतिया बीट में पौधे लगाने के बाद उनकी सिंचाई पर दो लाख चार हजार 48 रुपये खर्च किए गए। लगाए गए बिलों के मुताबिक, इनमें 1 लाख 53 हजार 600 रुपये का भुगतान टैंकर के लिए किया गया, वहीं सिंचाई की मजदूरी का भुगतान 50,448 रुपये रहा। खास बात यह है कि बिल में जो नंबर ट्रैक्टर के बताए गए, वह परिवहन विभाग में बाइक, मोपेड व स्कूटर के नाम पर पंजीकृत हैं, जबकि एक नंबर का तो परिवहन विभाग की वेबसाइट पर भी कोई रिकार्ड नहीं मिल रहा।

    बता दें मंदसौर वन मंडल के अंतर्गत गरोठ वन परिक्षेत्र की हनुमंतिया बीट में 95.382 हेक्टेयर वन भूमि है। आरोप है कि यहां पदस्थ रहे वनरक्षक, परिक्षेत्र सहायक और वन परिक्षेत्र अधिकारी की मिलीभगत के चलते अभी तक वन क्षेत्र विकसित नहीं हो पाया है, जबकि कागजों में बिल भी लग रहे हैं। शिकायतकर्ता बालू सिंह निवासी किलगारी ने सूचना के अधिकार के तहत 15 फरवरी 2019 से 22 अप्रैल 2019 के बीच लगाए गए बिलों की पड़ताल की, तो धांधली सामने आई। 8 अप्रैल 2023 को शिकायत के दो साल बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत का निराकरण नहीं किया गया।

  • सात साल का इंतजार खत्म! मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती अधिसूचना अगले सप्ताह

    भोपाल
    पुलिस में उप निरीक्षक या सब इंस्पेक्टर (एसआई) और सूबेदार के पद पर चयन की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) इन पदों के लिए अगले सप्ताह विज्ञापन जारी करने जा रहा है। सात वर्ष बाद इन पदों पर भर्ती होने जा रही है। इसके पहले वर्ष 2018 में इन पदों पर भर्ती हुई थी। सात साल तक भर्ती नहीं होने पर एसआई बनने का सपना देख रहे कई युवा अधिकतम उम्र सीमा पार कर चुके हैं। परीक्षा में पहली बार बड़ा बदलाव किया गया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंकों को जोड़कर प्रावीण्य सूची तैयार की जाएगी।
     
    इसके भर्ती नियम इसी वर्ष जनवरी में शासन ने जारी कर दिए थे। सरकार ने भर्ती नियम तैयार करने में लगभग एक वर्ष लगा दिए, नहीं तो इन पदों पर वर्ष 2024 में ही भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो सकती थी। नियमों में शासन ने प्रारंभिक और लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम भी जारी किया है।

    चुनौतियों से जुड़े विषयों को दी गई प्राथमिकता
    पुलिस के सामने नई चुनौतियों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी गई है। उदाहरण के तौर पर प्रारंभिक और लिखित परीक्षा में साइबर अपराध, संचार तकनीक के साथ आने वाली चुनौतियां, इंटरनेट मीडिया, रोबोटिक्स, एआई, जीआइएस, जीपीएस आदि के बारे में भी प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अतिरिक्त लोकतंत्र और पुलिस, गरीबी और भूख, संगठित अपराध और आतंकवाद से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।

    ऐसी होगी परीक्षा योजना
    सबसे पहले 100 अंकों की प्रारंभिक परीक्षा होगी जो क्वालिफाइंग होगी। इसमें कुल पदों के 10 प्रतिशत अभ्यर्थियों को चयनित किया जाएगा। इसके बाद 600 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रावीण्य सूची में आने वालों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा जो 100 अंकों की होगी। आखिर में 50 अंकों का साक्षात्कार होगा। इस तरह कुल 750 अंकों के प्राप्तांक के आधार पर प्रावीण्य सूची तैयार की जाएगी।

  • बाघों का सफर तय: मध्य प्रदेश से भेजे जा रहे 10 टाइगर, तैयारियां जोरों पर

    भोपाल 
    मध्य प्रदेश के 10 टाइगर उड़ीसा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ भेजे जाएंगे। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के निर्देश पर मध्य प्रदेश के टाइगर की अनुवांशिकता और कुनबा बढ़ाने यह निर्णय लिया गया। मध्य प्रदेश ने उड़ीसा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ टाइगर भेजने की तैयारी तेज कर दी है। इन राज्यों के अधिकारियों को टाइगरों की सुरक्षा और प्रबंधन का प्रशिक्षण देने के लिए पत्र लिखा है। बांधवगढ़, पेंच और कान्हा टाइगर रिजर्व से करीब 10 टाइगरों का चयन कर छत्तीसगढ़, राजस्थान और ओडिशा भेजा जाएगा। इनमें नर-मादा टाइगरों की जोड़ी भी शामिल होगी, ताकि इन राज्यों में टाइगरों की संख्या बढ़ने के साथ ही जीन पूल भी सशक्त हो सके। बांधवगढ़, पेंच और कान्हा टाइगर रिजर्व में टाइगर की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में संख्या बढ़ने से क्षेत्र कम पढ़ रहा है, जिससे टाइगरों का टेरेटरी को लेकर संघर्ष भी बढ़ रहा हैं। 

    एनटीसीए के निर्देश पर हो रहा है ट्रांसलोकेशन
    नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) से मंजूरी मिलने के बाद यह प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। खास बात यह है कि ट्रांसलोकेशन पर आने वाला पूरा खर्च संबंधित राज्य ही वहन करेंगे। यह पहली बार है जब मध्यप्रदेश एक साथ इतने बड़े स्तर पर टाइगरों को बाहर भेजेगा। वर्तमान में प्रदेश में 785 टाइगर हैं, जो देश में सबसे अधिक है और यही कारण है कि यहां से अन्य राज्यों को टाइगर उपलब्ध कराना संभव हो पाया है।  चयनित टाइगरों को अत्याधुनिक वाहनों में सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में अधिकृत पशु चिकित्सक मौजूद रहेंगे और हर चरण पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि बाघों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

    एमपी में होगी अधिकारियों की ट्रेनिंग
    ट्रांसलोकेशन को सफल बनाने के लिए मध्यप्रदेश अक्टूबर 2025 में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इसमें छत्तीसगढ़, राजस्थान और ओडिशा के वन अधिकारी मध्य प्रदेश आकर टाइगरों की देखभाल, ट्रैकिंग और संरक्षण से जुड़ी बारीकियां सीखेंगे। यह ट्रेनिंग सेशन भविष्य में भी इन राज्यों को अपने बाघों के बेहतर प्रबंधन में मददगार साबित होगा।