• खंडवा: लव जिहाद मामले में कार्रवाई तेज, बुलडोजर से आरोपी के ठिकानों को किया ध्वस्त

    खंडवा
     हरसूद क्षेत्र में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुरू हुए हंगामे और जनता के आक्रोश के बीच गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। लव जिहाद के आरोपों में जेल भेजे गए आरोपी अरबाज शाह और उसके चाचा आशिक शाह के मकानों को राजस्व विभाग और हरसूद पुलिस ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

    फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग

    दरअसल जिले के हरसूद में लव जिहाद के आरोपी अरबाज के घर बुलडोजर की कार्रवाई हुई है। आरोपी अरबाज पर युवती के फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग कर रहा था। इतना ही नहीं धर्म परिवर्तन का भी दबाव बना रहा था।

    आरोपी जेल में बंद

    आरोपी अरबाज की प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने जहर खा लिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। आरोपी अरबाज पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में जेल में बंद है। कार्रवाई के दौरान हरसूद नगर परिषद और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद थे।

    युवती ने प्रताड़ना से तंग आकर खाया था जहर
    परिजनों के अनुसार, आरोपी अरबाज शाह लंबे समय से उनकी बेटी पर दोस्ती और शादी के लिए दबाव बना रहा था। परिवार का आरोप है कि अरबाज लगातार फोन और मैसेज के जरिए उसे परेशान करता था। युवती के बालिग होने के बाद यह दबाव और बढ़ गया था। परिवार ने बताया कि अरबाज की प्रताड़ना के कारण जिस युवक से युवती की शादी तय हुई थी, वह रिश्ता भी टूट गया। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी। 28 अक्टूबर 2025 को विवाद के दौरान आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की। घर लौटने पर उसने तनाव में आकर जहर खा लिया। परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन 29 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    मौत के बाद हरसूद में भड़का गुस्सा
    युवती की मौत की खबर फैलते ही हरसूद में तनावपूर्ण माहौल बन गया था। बड़ी संख्या में लोग हरसूद थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे थे। प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम तक कर दिया था। भीड़ का कहना था कि आरोपी की गिरफ्तारी के बिना अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

    धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और IPC की धाराओं में मामला दर्ज
    हरसूद थाना पुलिस ने आरोपी अरबाज शाह के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके साथ ही आईपीसी की तीन अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं। घटना के बाद आरोपी कुछ दिनों तक फरार रहा। पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए उसे पकड़ा और जेल भेज दिया। परिवार के अन्य सदस्यों पर भी कार्रवाई की गई और सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    हिंदू संगठनों ने की थी बुलडोज़र कार्रवाई की मांग
    घटना के बाद कई हिंदू संगठनों ने एसपी खंडवा से मिलकर आरोपी के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। प्रशासन ने इस संबंध में मकान की वैधता की जांच शुरू की। तहसील कार्यालय की जांच में पाया गया कि अरबाज और उसके चाचा आशिक शाह के मकानों में निर्माण संबंधी कई अनियमितताएँ थीं। अवैध निर्माण पाए जाने पर ध्वस्तीकरण की तैयारी शुरू कर दी गई। इस दौरान मकान में मौजूद सामान पहले ही तहसीलदार की निगरानी में बाहर निकलवाकर तहसील कार्यालय में सुरक्षित रखवा दिया गया था, क्योंकि आरोपी का परिवार जमानत मिलने के बाद इस घर में रहना बंद कर चुका था।

    भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहाए गए दोनों मकान
    गुरुवार सुबह प्रशासनिक दल, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरा देकर कार्रवाई शुरू कराई। जेसीबी मशीन से पहले आरोपी अरबाज का मकान ढहाया गया, इसके बाद उसके चाचा आशिक शाह के मकान पर भी कार्रवाई की गई। ध्वस्तीकरण के दौरान पुलिस अधिकारी, तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम न केवल अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए है, बल्कि अपराधियों को संदेश देने के लिए भी जरूरी है।

    आरोपी ने बेटी की जिंदगी छीन ली
    मृत युवती के परिवार के अनुसार, आरोपी अरबाज ने लगातार धमकाकर और मानसिक प्रताड़ना देकर उनकी बेटी को टूटने पर मजबूर किया। परिजनों ने कहा कि हमने कई बार समझाया, पर वह पीछा नहीं छोड़ता था। शादी का रिश्ता टूटने के बाद वह और ज्यादा दबाव बनाने लगा। अंततः हमारी बेटी ने हार मान ली।

    न्याय की दिशा में मजबूत कदम
    हरसूद पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की यह प्रक्रिया कानूनन थी और सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी की गईं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है ताकि समाज में भय और अविश्वास का माहौल न बने।

  • भोपाल पुलिस ने पकड़ा अवैध शराब का ट्रक, डेढ़ करोड़ की कीमत की 1200 पेटी बरामद

    भोपाल
     मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अवैध शराब को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डेढ़ करोड़ की अवैध शराब जब्त की है। 12 सौ पेटी अवैध शराब पकड़ी है। नए साल से पहले पुलिस भोपाल के खजुरी थाना क्षेत्र में रात साढ़े तीन बजे अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक में बारह सौ पेटी शराब रखी थी।
    थाने के सामने लगाया स्टॉपर, भागने का प्रयास

    जानकारी के अनुसार, खजूरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बड़ा ट्रक अवैध रूप से शराब लेकर इंदौर की दिशा में जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने थाने के सामने नाकाबंदी की। गुरुवार तड़के 3:00 से 4:00 बजे के बीच ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो ड्राइवर ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन स्टॉपर लगाकर उसे पकड़ लिया गया।

    पूछताछ में ड्राइवर कोई वैध दस्तावेज दिखाने में असफल रहा। ड्राइवर का कहना है कि उसे भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में माल भरवाया गया था और इंदौर में एक व्यक्ति माल रिसीव करने वाला था। कंटेनर में शराब को प्लास्टिक दाना दिखाकर भेजा जा रहा था। पुलिस ने प्रथमदृष्टया कागज भी फर्जी पाए हैं।

    ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को चमका देकर भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया साथ ही ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक डेढ़ करोड़ की अवैध शराब भोपाल से गुजरात भेजी जा रही थी।

    ट्रक में प्लास्टिक दाना बताकर शराब भेजी जा रही थी। ट्रक ड्राइवर के पास जो दस्तावजे मिले वो फर्जी पाए गए। फिलहाल खजुरी पुलिस ने शराब जब्त कर आबकारी विभाग को सूचना दे दी है। आगे की कार्रवाई आबकारी विभाग करेगा।

    शराब के ये ब्रांड मिले

        सिग्नेचर
        ओल्ड मंक
        बैक पाइपर
        रॉयल स्टेज
        रॉयल चैलेंज

    आगे की जांच आबकारी विभाग करेगा सब इंस्पेक्टर संतराम खन्ना के अनुसार, यह अब तक की साल 2025 की सबसे बड़ी कार्रवाई है। पूरी जब्ती कर ट्रक और ड्राइवर को थाने लाया गया है। शराब जब्ती की सूचना आबकारी विभाग को दे दी गई है, जो अब आगे की विधिक कार्रवाई करेगा।

  • खनिज क्षेत्रों की नीलामी के बाद अब सतही अधिकार सीधे जिला कलेक्टर से लिए जा सकेंगे

    नीलामी से आवंटित खनिज क्षेत्रों के शीघ्र संचालन हेतु केंद्र सरकार ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश; अब सफल बोलीदाता जिला कलेक्टर से सीधे माँग सकेंगे सतही अधिकार

     रायपुर 
    खनन मंत्रालय, भारत सरकार ने खनिज एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 20A के तहत एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है, जिसके माध्यम से राज्यों को सतही अधिकार मुआवज़ा निर्धारण और भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया को समयबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं।

    यह आदेश निजी भूमि खरीद में होने वाली देरी, बिचौलियों की भूमिका और भूमि मूल्य वृद्धि जैसी समस्याओं को समाप्त कर खनिज ब्लॉकों के शीघ्र संचालन का मार्ग प्रशस्त करेगा।

    मुख्य प्रावधान: जिला कलेक्टर के माध्यम से सीधे सतही अधिकार प्राप्त करने की सुविधा

    इस आदेश का सबसे बड़ा सुधार यह है कि अब नीलामी में सफल बोलीदाता सीधे जिला कलेक्टर के पास सतही अधिकार के लिए आवेदन कर सकेंगे।

    पहले कंपनियों को भूमि मालिकों से सीधे भूमि खरीदनी पड़ती थी, जिससे:
    * लंबी देरी,
    * दलालों/मध्यस्थों की दखलअंदाजी,
    * भूमि मूल्य का अनावश्यक बढ़ना, और
    * परियोजना समय-सीमा में बाधा जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती थीं।

    अब सतही अधिकार जिला प्रशासन/राजस्व विभाग के माध्यम से दिए जाएँगे, जिससे:
    प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होगी,
    दलालों की भूमिका समाप्त होगी
    परियोजना शीघ्र शुरू होगी,
    वास्तविक भूमि मालिक को पूरा और उचित लाभ मिलेगा ।

    राज्यों के लिए अनिवार्य समय-सीमाएँ

    आदेश के अनुसार:
        1.    राज्य 30 दिनों के भीतर मुआवज़ा निर्धारण हेतु अधिकारी नियुक्त करें (नियम 52, MCR-2016)।
        2.    नियुक्ति न होने पर जिला कलेक्टर/DM/DC स्वतः अधिकृत अधिकारी माने जाएँगे।
        3.    वार्षिक सतही मुआवज़ा प्रत्येक वर्ष 30 जून तक अनिवार्य रूप से देय होगा।
        4.    वर्ष के मध्य में खनन शुरू होने पर प्रो-राटा मुआवज़ा अग्रिम रूप से देना होगा।
        5.    प्राप्त आवेदन पर मुआवज़ा निर्धारण का निर्णय 90 दिनों में अनिवार्य है।
        6.    धारा 24A के अनुसार खनन क्षेत्र में निर्बाध प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।

    सुधार का उद्देश्य

    सैकड़ों खनिज ब्लॉक नीलाम होने के बावजूद, सतही अधिकार प्राप्त करने में देरी के कारण बहुत कम ब्लॉक चालू हो पाए हैं। यह आदेश:
    * खनन परियोजनाओं की गति बढ़ाएगा,
    * उत्पादन में वृद्धि करेगा,
    * स्थानीय रोजगार सृजित करेगा, और
    * राज्यों की राजस्व प्राप्ति (प्रीमियम, रॉयल्टी, DMF आदि) बढ़ाएगा।

    उद्योग जगत, विशेष रूप से नेशनल एम्प्लॉयर्स फेडरेशन (NEF) ने इस कदम का स्वागत किया है और इसे “गेम-चेंजर” बताया है, जो भूमि संबंधी अड़चनों को दूर करके वास्तविक किसानों और भूमि मालिकों को लाभ देगा।

  • अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मी अब फाइलों के झंझट के बिना सम्मानित होंगे, उज्जैन पुलिस की नई व्यवस्था

    उज्जैन

    उज्जैन पुलिस ने एक नई व्यवस्था की शुरुआत की है, जिसके तहत अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मियों को ऑन द स्पॉट अवॉर्ड और प्रमाणपत्र दिया जा सकेगा। इसके लिए विशेष इनाम आदेश बुक तैयार कराई गई है, जिसमें दो दिनों के भीतर पांच पुलिस कर्मियों को ऑन द स्पॉट अवॉर्ड दिया गया। 

    उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, पुलिस महकमे में प्रदेश स्तर पर यह पहला प्रयोग है। शर्मा ने बताया कि यदि कोई पुलिसकर्मी बेहतर काम करता है, तो उसे उसी समय पुरस्कृत करना हमारी जिम्मेदारी है ताकि उसका मनोबल बढ़ सके। इनाम आदेश बुक में अवॉर्ड देते समय यह उल्लेख भी किया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मी को किस कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है।

    इसी रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कर्मियों की विशेषज्ञता की श्रेणी भी तैयार की जा रही है। उदाहरण के लिए, यदि किसी पुलिसकर्मी ने साइबर ठगी के मामले में उत्कृष्ट कार्य किया है, तो उसकी कैटेगरी साइबर एक्सपर्ट के रूप में तय की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों में उसकी मदद ली जा सके। पहले की प्रक्रिया में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी।

    पहले नोटशीट चलानी पड़ती थी

    पहले एसपी की अनुमति के बाद स्टेनो संबंधित पुलिसकर्मी का नाम नोट करता था। इसके बाद स्टेनो द्वारा अवॉर्ड देने हेतु नोटशीट चलाई जाती थी। कई बार नोटशीट की प्रक्रिया में ही 10 से 15 दिन लग जाते थे। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों को भी याद नहीं रहता था कि किस पुलिसकर्मी को और किस कारण अवॉर्ड देना था।

    नोटशीट गुम हो जाने की स्थिति में पुलिसकर्मी पुरस्कार से वंचित रह जाते थे। अवॉर्ड मिलने के बाद भी सर्विस रिकॉर्ड में उसकी एंट्री कई दिनों बाद होती थी और फाइल गुम होने पर कभी-कभी एंट्री हो ही नहीं पाती थी।

    इन 5 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही दिया गया अवॉर्ड

    मंगलवार को भैरवगढ़ थाने में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान, अपराध निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने पर एसपी ने एसआई महेंद्र पाल सेंधव को 500 रुपए नकद और इनाम प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

    भैरवगढ़ थाने के ही हेड कांस्टेबल महेश मालवीय और आरक्षक जीवन कटारिया को क्षेत्र के गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ बॉन्ड ओवर की प्रभावी कार्रवाई करने पर पुरस्कृत किया गया।

    रात्रि गश्त के दौरान मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एसपी ने चेकिंग पाइंट्स का निरीक्षण किया। चेकिंग पाइंट्स पर सक्रिय रहते हुए चाकूबाज को पकड़ने पर नीलगंगा थाने के आरक्षक वीरसिंह यादव और दामोदर पटेल को 500-500 रुपए नकद और इनाम प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

  • मंडीदीप: दुष्कर्म मामले में प्रदर्शन हिंसक, छह जिलों की पुलिस आरोपी सलमान की खोज में जुटी

     गौहरगंज

    रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें से पहले वीडियो में सलमान एक ट्रैक्टर ड्राइवर को रास्ता बताता दिख रहा है। दूसरे वीडियो में वह एक दुकान से सिगरेट खरीद रहा है।
     6 वर्षीय मासूम से दुष्कृत्य करने वाले आरोपी सलमान के पुलिस पकड़ में न आने से हिंदू संगठनों सहित आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को गौहरगंज के स्कूल खेल मैदान में जन आक्रोश रैली और धरने के बाद हालात एकदम बिगड़ गए।

    भीड़ में से कुछ लोग मुस्लिम बाहुल्य बस्ती की तरफ जाने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिससे बात और बिगड़ गई। भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। भीड़ से निपटने पुलिस को सख्ती दिखाना पड़ी। अश्रु गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।

    इस दौरान मस्जिद की तरफ पथराव होने से स्थिति और बिगड़ने लगी, लेकिन पुलिस ने समय रहते इस पर काबू पा लिया। गौहरगंज में फिलहाल अघोषित कर्फ्यू के हालात हैं। लोग घरों में बंद हैं। यहां सड़कें पूरी तरह से सुनसान हैं। लोग सहमे हुए भी हैं।
    प्रदर्शनकारियों पर दागे आंसू गैस के गोले

        प्राप्त जानकारी अनुसार 6 जिलों की पुलिस ने यहां मोर्चा संभाल कर रखा है, जिसमें 300 से अधिक पुलिसकर्मी हालात पर नजर रख रहे हैं। क्विक रिस्पॉन्स फोर्स भी मौके पर है। डीआईजी प्रशांत खरे के मुताबिक, हालात कंट्रोल में हैं।

    उल्लेखनीय है कि 6 साल की बच्ची से दुष्कृत्य का आरोपित सलमान उर्फ नजर फरार है, जिसकी तलाश पुलिस की 20 टीमें कर रही हैं। इससे पहले सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वारदात के पांचवें दिन बुधवार को गौहरगंज के स्कूल ग्राउंड में शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन किया गया। उसके बाद लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे।

    इसी दौरान कुछ युवकों का झुंड मुस्लिम बाहुल्य बस्ती की ओर जाने लगा। पुलिस ने उन्हें रोका, हल्का लाठी चार्ज भी किया। इससे नाराज होकर युवकों ने पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े तो उपद्रवी भाग निकले। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़िता के पिता से फोन पर चर्चा की है। उन्होंने पिता को आश्वस्त किया है कि बेटी के स्वास्थ्य और भविष्य की चिंता की जाएगी।
    धारा 144 लागू

        जन आक्रोश रैली के दौरान हुए उपद्रव के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। गौहरगंज थाना क्षेत्र में एहतियातन धारा 144 लागू कर दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 163 के प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने आदेश जारी किए हैं।

        गौहरगंज में 4 से अधिक की संख्या में लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाई गई है। गौहरगंज में आरएएफ सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपित सलमान की गिरफ्तारी के लिए 6 जिलों की 300 से अधिक पुलिस कर्मियों की 20 टीमें सर्चिंग में लगी हुई हैं। आईजी मिथलेश शुक्ला खुद मौके पर मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

    रायसेन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने पुष्टि की है कि यह फुटेज गौहरगंज क्षेत्र के ही हैं और इनमें दिख रहा शख्स सलमान उर्फ नजर ही है।

    वहीं, आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला ने कहा- जहां भी हमें लीड मिल रही है, पुलिस की टीमें वहां पहुंचकर उसकी खोज में लगे हैं। जल्द ही हम उसे पकड़ लेंगे।

    20 टीमों के 300 पुलिसकर्मी ढूंढ रहे 21 नवंबर की शाम 6 साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सलमान (23) वहां से गुजरा। बच्ची को अकेला देख उससे बातें करने लगा, फिर चॉकलेट दिलाने का कहकर अपने साथ ले गया। कुछ दूर जंगल में ले जाकर उसने बच्ची से रेप किया और भाग निकला।

    देर तक बच्ची नजर नहीं आई तो परिजन उसे ढूंढने निकले। इसी दौरान कुछ लोगों ने बताया कि वह सलमान के साथ दिखी थी। जिसके बाद सभी जंगल की ओर गए। वहां मासूम रोती हुई मिली।

    परिजन उसे औबेदुल्लागंज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई। डॉक्टर ने बच्ची को भोपाल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका एम्स में इलाज चल रहा है।

    सलमान की तलाश में पुलिस की 20 टीमों के 300 पुलिसकर्मी लगे हैं। जगह-जगह उसके पोस्टर लगाए गए हैं। ड्रोन के जरिए भी उसे तलाशा जा रहा है। उस पर 30 हजार का इनाम भी घोषित है।

    गौहरगंज में 6 जिलों की पुलिस तैनात उधर, रायसेन के गौहरगंज में बुधवार को अघोषित कर्फ्यू के हालात रहे। लोग घरों में बंद और सड़कें सुनसान दिखे। 6 जिलों की पुलिस ने मोर्चा संभाला। 500 से अधिक जवानों ने हालात पर नजर बनाए रखे।क्विक रिस्पॉन्स फोर्स भी मौके पर है। DIG प्रशांत खरे के मुताबिक, हालात कंट्रोल में हैं।

    हालांकि, 6 साल की बच्ची से रेप का आरोपी सलमान उर्फ नजर फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं।

    इससे पहले सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वारदात के पांचवें दिन बुधवार को गौहरगंज के स्कूल ग्राउंड में शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे। इसी दौरान कुछ युवकों का झुंड मुस्लिम बावली बस्ती की ओर जाने लगा।

    पुलिस ने उन्हें रोका, हल्का लाठी चार्ज भी किया। इससे नाराज होकर युवकों ने पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े तो उपद्रवी भाग निकले।

     

  • इरादा मजबूत हो तो कोई बाधा रोक नहीं सकती — वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

    रायपुर : कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह: आनंद कुमार और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

    सपने देखें, संकल्प लें, धारा के विपरीत मेहनत कर आगे बढ़ें —  आनंद कुमार

    इरादा मजबूत हो तो कोई बाधा रोक नहीं सकती — वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

    रायपुर

    वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी के पहल पर सरिया में आयोजित कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में सुपर–30 के संस्थापक पद्म आनंद कुमार ने हजारों युवाओं को प्रेरणा से भर दिया। स्कूल मैदान में 3 हजार से अधिक युवा, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। पूरा मैदान युवाओं की तालियों और फ्लैशलाइट की रोशनी से गूंज उठा।

    “मेहनत और अच्छे व्यवहार से सबकुछ संभव”—  आनंद कुमार

    मुख्य अतिथि आनंद कुमार ने छात्रों से कहा कि जीवन में बड़ा सपना देखें और उसे पूरा करने के लिए संकल्प और निरंतर मेहनत करें।
    उन्होंने कहा कि “जीवन में जितनी मुश्किलें आएंगी, सफलता उतनी बड़ी होगी। पढ़ाई मेहनत से होती है, पैसे से नहीं। शिक्षक नौकरी समझकर नहीं, बल्कि यज्ञ और जिम्मेदारी की भावना से पढ़ाएं।”

    अपनी संघर्ष यात्रा बताते हुए उन्होंने कहा कि कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में चयन होने के बाद भी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे नहीं जा पाए। पिता के निधन के बाद पापड़ बनाकर और बेचकर पढ़ाई जारी रखी।
    ज़रूरतमंद बच्चों के लिए सुपर-30 शुरू किया और विक्की–भोलू जैसे कैरेक्टरों के जरिए बच्चों को पढ़ने के विभिन्न तरीके सिखाए।

    उन्होंने बताया कि कोचिंग माफियाओं ने पांच बार उन पर हमला करवाया, धमकियां भी मिलीं, लेकिन वे रुके नहीं।
    केबीसी में अमिताभ बच्चन द्वारा 25 लाख की मदद, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा जीवनी का लोकार्पण और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा पद्म सम्मान का

    उल्लेख कर उन्होंने कहा—
    “आज यहाँ का कोई बच्चा भविष्य में अवार्ड लेकर कहे कि उसे प्रेरणा सरिया में मिले इस कार्यक्रम से मिली, वही मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान होगा।”

    “कठिनाई जितनी अधिक, सफलता उतनी बड़ी”— वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी

    वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने युवाओं से कहा कि मजबूत इरादा किसी भी बाधा को पार करा सकता है।

    फिल्म 'सुपर-30' का प्रसिद्ध संवाद उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा—
    “जब समय आएगा, सबसे ऊंची छलांग हम ही लगाएंगे।”

    उन्होंने तमिलनाडु की एक युवती की प्रेरक कहानी साझा करते हुए कहा कि हर बच्चा अपने घर की परिस्थिति के हिसाब से कैरियर चुने, किसी दबाव में नहीं।

    “सिंसियर बनें, सही कोर्स चुनें और अभी से अपना प्लान तय करें। यूट्यूब चैनल पर आईएएस विजन संबंधी वीडियो देखें, यह आपके लिए उपयोगी होगा।”

    चौधरी ने अपने संघर्ष के दिनों की कहानी भी सुनाई— गांव से लेकर दिल्ली तक आईएएस की किताबों की खोज और विपरीत परिस्थितियों में पढ़ने का किस्सा युवाओं को बेहद प्रेरित कर गया।

    कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, पूर्व विधायक  विजय अग्रवाल, रायगढ़ मेयर  जीववर्धन चौहान, विभिन्न पदाधिकारी और गणमान्य नागरिकों सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

    मेधावी छात्रों को सम्मान और 5–5 हजार की घोषणा

    कार्यक्रम में सीजीपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों, कक्षा 10वीं–12वीं के मेधावी विद्यार्थियों सहित 100 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

    वित्त मंत्री ने सभी सम्मानित बच्चों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की, जिसका युवाओं ने जोरदार स्वागत किया।

    यूपीएससी प्री उत्तीर्ण करने वालों को 1 लाख रुपये

    युवाओं को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने घोषणा की—
    “प्रदेश का कोई भी युवा यूपीएससी प्री परीक्षा उत्तीर्ण करेगा, उसे 1 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।”

    सरिया में आयोजित यह भव्य कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणा, ऊर्जा और नए संकल्पों का संगम साबित हुआ।

  • गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में विभागीय योजनाओं का मूल्यांकन, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की गहन समीक्षा

    रायपुर : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में विभागीय कार्यों की व्यापक समीक्षा

    रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तीन माह में पूर्ण करने के निर्देश बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए दिलाया शपथ

    रायपुर

    महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रवास के दौरान विभागीय योजनाओं, प्रगति और मैदानी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। न्यू सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे सहित दोनों विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

    मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि विभागीय योजनाएँ छोटे बच्चों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका समेत सभी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया अधिकतम तीन माह के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही सभी उपस्थित अधिकारियों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प की शपथ दिलाई।

    जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि लगातार प्रयासों से जिले में कुपोषण में 6.04 प्रतिशत की कमी आई है। महतारी वंदन योजना के तहत 94,780 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं और 824 स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों में से 800 पूर्ण हो चुके हैं। सखी वन स्टॉप सेंटर भवन निर्माण भी प्रगति पर है। समाज कल्याण विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांगजन प्रमाणीकरण, छात्रवृत्ति और नशामुक्ति कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में सभी एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

  • बस्तर में 15 किलोमीटर की एकता यात्रा का समापन, वनमंत्री केदार कश्यप ने सरदार पटेल के योगदान को किया नमन

    रायपुर : सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय -वन मंत्री  केदार कश्यप

    बस्तर में 15 किलोमीटर की एकता मार्च का समापन

    रायपुर

    लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में बस्तर जिले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 15 किलोमीटर लंबी एकता मार्च (यूनिटी मार्च) का सोमवार को जगदलपुर टाउन क्लब में भव्य समापन हुआ। यह पदयात्रा विकासखण्ड बकावंड के करीतगांव से आरंभ हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।

    बस्तर में 15 किलोमीटर की एकता मार्च का समापन

    यूनिटी मार्च देश की एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है
              वन मंत्री  केदार कश्यप ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपनी अद्भुत संगठन क्षमता और दूरदर्शिता से देश की रियासतों को एकजुट कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। मंत्री  कश्यप ने कहा कि सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर आयोजित यह यूनिटी मार्च उनके आदर्शों को अपनाने और देश की एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है, विशेषकर युवा पीढ़ी को उनके विचारों से सीख लेने की आवश्यकता है।

    सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोया
             बस्तर सांसद  महेश कश्यप ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। सांसद  कश्यप ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान को पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने की महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में सभी ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का संकल्प लिया।

    मंदिर परिसर स्वच्छता अभियान चलाया और किया वृक्षारोपण
             खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रभारी अधिकारी  ऋषिकेश तिवारी ने बताया कि पदयात्रा करीतगांव से आरंभ होकर मालगांव पहुँचने पर प्रतिभागियों ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण किया। इसके बाद यात्रा दंतेश्वरी मंदिर के समीप रूद्रप्रताप देव टाउन क्लब प्रांगण में आयोजित सभा के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष  रूपसिंह मंडावी, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप नगर पालिक निगम के सभापति  खेमसिंह देवांगन सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

  • मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े का औचक निरीक्षण—सखी सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र में सुविधाओं की समीक्षा

    रायपुर : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सखी वन स्टॉप सेंटर और नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण

    रायपुर

    महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में संचालित सेवा संस्थानों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं, केस रजिस्टर और संधारित पंजी का गहन अवलोकन किया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने केंद्र में सुरक्षा, परामर्श, कानूनी सहायता और त्वरित सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान गौरेला के गोरखपुर स्थित नशा मुक्ति सह पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपचार ले रहे लोगों से आत्मीयता से बातचीत की, उनका हालचाल पूछा और नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने केंद्र में उपचार, काउंसलिंग, पुनर्वास गतिविधियों और उपलब्ध संसाधनों की भी समीक्षा की।

    निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दोनों संस्थानों में सेवाओं को और अधिक मजबूत, संवेदनशील और जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।

  • रायपुर में वनमंत्री केदार कश्यप ने चलाया जनजागरूकता अभियान, मतदाता सूची सुधार में सहयोग पर जोर

    रायपुर : वनमंत्री केदार कश्यप ने ग्रामीणों को किया जागरूक, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में सहयोग का आग्रह

    रायपुर

    वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री  केदार कश्यप ने आज बस्तर तहसील के मुंडागांव, मांदलापाल और कुँगारपाल ग्रामों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की महत्ता पर जोर दिया। वनमंत्री  कश्यप ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए, ताकि कोई भी जानकारी के अभाव में मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पुनरीक्षण कार्य के दौरान संबंधित अधिकारियों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और पूरी प्रक्रिया में सहयोग करें।

    बी एल ओ मतदाता को फार्म भरने में करें सहयोग

         मंत्री  कश्यप ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे। कोई भी ग्रामीण जानकारी के अभाव में परेशान न हो। हम ग्रामीण क्षेत्रों में ही प्रत्येक समस्या का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीब, बुजुर्ग तथा अशिक्षित लोगों को फॉर्म भरने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और उन्हें पूरा सहयोग प्रदान किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मती वेदवती कश्यप, जिला पंचायत सदस्य  निर्देश दिवान और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

  • रायपुर: छत्तीसगढ़ की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग का ब्रेकथ्रू सफल, तीन राज्यों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

    रायपुर : छत्तीसगढ़ के पहले राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग का ब्रेकथ्रू पूरा

    छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी होगी मजबूत 

    रायपुर

    छत्तीसगढ़ ने  अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक मील का पत्थर पार किया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू कर लिया है। 2.79 किलोमीटर लंबी यह सुरंग रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे (NH-130CD) का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा तेजी से किया जा रहा है। यह छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच तेज़, सुरक्षित और निर्बाध कनेक्टिविटी स्थापित करेगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और यातायात व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

    छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी होगी मजबूत

    गौरतलब है कि 30 सितम्बर 2025 को इस टनल के लेफ्ट हैंड साइड का ब्रेकथ्रू पूरा किया जा चुका था। आज हुए ब्रेकथ्रू के साथ टनल के दोनों हिस्सों का निर्माण एक निर्णायक चरण में पहुँच चुका है। यह सुरंग ट्विन ट्यूब टनल के रूप में विकसित की जा रही है, जो आधुनिक मानकों के अनुरूप अत्यंत सुरक्षित, सुगम और उच्च गुणवत्ता वाला यातायात अनुभव प्रदान करेगी। 

    रायपुर से विशाखापट्टनम तक 464 किमी लंबे सिक्स-लेन एक्सप्रेस-वे का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। यह राजमार्ग रायपुर, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, कोरापुट और सब्बावरम जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए विशाखापट्टनम बंदरगाह तक पहुँचेगा। इसका निर्माण भारतमाला परियोजना के तहत किया जा रहा है। इसके पूर्ण रूप से तैयार हो जाने के बाद रायपुर से विशाखापट्टनम के बीच यात्रा समय में कमी आएगी, जिससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को गति मिलेगी तथा छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

  • उपमुख्यमंत्री ने नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण में भाग लेने की अपील की

    रायपुर : उपमुख्यमंत्री ने मतदान केंद्र पहुंचकर भरा अपना एसआईआर का फॉर्म

    एसआईआर के संबंध में लोगों को किया जागरूक- उपमुख्यमंत्री

    उपमुख्यमंत्री ने नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण में भाग लेने की अपील की

    रायपुर

    उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा ने आज अपने कवर्धा प्रवास के दौरान मतदान केंद्र में जाकर अपना विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का फार्म भरा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  शर्मा कवर्धा के वार्ड क्रमांक 23 में स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 238 में पहुंचकर बीएलओ के साथ चर्चा कर अपना फॉर्म भरा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को एसआईआर के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक और लोगों को हो रही समस्या के संबंध में जाना। उन्होंने फार्म में त्रुटियों के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।

    एसआईआर के संबंध में लोगों को किया जागरूक

          उप मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चुनाव आयोग द्वारा कराई जाने वाली यह एक अत्यंत आवश्यक प्रक्रिया है। मतदाता सूची के सही होने से निर्वाचन प्रक्रिया उचित तरीके से सम्पन्न हो सकेगी। एसआईआर की प्रक्रिया कराने के लिए अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म भर सकते हैं या खुद भी ऑनलाइन आवेदन भरा जा सकता है। उन्होंने बीएलओ के साथ बैठकर आये आवेदनों पर समीक्षा भी की।

  • मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की दी बधाई

    रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बसना सलखण्ड में मां महालक्ष्मी पूजन कार्यक्रम में हुए शामिल

    मुख्यमंत्री ने की ग्राम सलखंड में महतारी सदन बनाने की घोषणा

    मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की दी बधाई

    रायपुर

    मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय महासमुंद जिले के बसना तहसील अंतर्गत ग्राम सलखण्ड में ग्रामीणों द्वारा आयोजित महालक्ष्मी देवी पूजन कार्यक्रम में  शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मां लक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजन कार्यक्रम के दौरान पुजारियों द्वारा पारंपरिक मंत्रोच्चार किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं और स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा भी साथ थे। 

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम सलखंड में महतारी सदन की बनाने की घोषणा की। साथ ही यहां एनीकेट निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग को आवश्यक जानकारी जुटाकर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पवित्र अगहन मास के अवसर पर मां महालक्ष्मी की पूजा में शामिल होकर हृदय से अत्यंत आनंद और सौभाग्य की अनुभूति हो रही है। बसना और सलखंड के ग्रामवासियों ने वर्षों से जिस भक्ति और परंपरा को जीवित रखा है, वह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का गौरवपूर्ण उदाहरण है।अगहन मास हमारे अंचल के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। यह मास अन्न, धन और समृद्धि का प्रतीक है। इसी समय नई फसल खेतों में लहलहाती है, और घर-परिवार में सम्पन्नता के द्वार खुलते हैं। मां महालक्ष्मी जीवन में केवल धन ही नहीं, बल्कि सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और सदभाव का आशीर्वाद भी प्रदान करती हैं। इसी भावना के साथ हम सभी इस पूजन में शामिल होते हैं। उन्होंने मां लक्ष्मी से राज्य के प्रत्येक नागरिक के लिए सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित वातावरण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं। सलखंड गांव की यह 25 वर्षों से चल रही परंपरा न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सामुदायिक जागरूकता का भी उदाहरण है। यहां आयोजित मेला ग्रामीण संस्कृति, लोकाचार और पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बन चुका है। 

    मुख्यमंत्री श्री साय ने संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिर्माण में जनभागीदारी के महत्व को बताते हुए कहा कि संविधान हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है और यही दस्तावेज भारत को एक सशक्त, एकजुट और प्रगतिशील राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने की दिशा देता है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ निर्माण समिति के सदस्यों के ऐतिहासिक योगदान का सम्मानपूर्वक उल्लेख किया और कहा कि समिति की दूरदृष्टि एवं प्रयासों ने आज के मजबूत और विकसित होते छत्तीसगढ़ की नींव रखी है। 

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के अग्रसर लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आवास निर्माण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 18 लाख आवासों की स्वीकृति इसी संकल्प की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ प्रदान किया जा रहा है, जो महिलाओं के सम्मान और आर्थिक मजबूती की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री श्री साय ने संविधान के प्रति निष्ठा, समरसता, समानता और राष्ट्रीय विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की और कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की संयुक्त प्रतिबद्धता से छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाएगा। 

    कार्यक्रम में बसना विधायक श्री सम्पत अग्रवाल, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष सिंह एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।

  • प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से मुलाकात कर किया सौजन्य संवाद

    पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा से मध्यप्रदेश कैडर के प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों ने की सौजन्य भेंट

    पुलिस वर्दी कर्तव्ये, समर्पण, साहस और सेवा का प्रतीहक – डीजीपी  मकवाणा

    भोपाल

    पुलिस मुख्‍यालय भोपाल में पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा से मध्‍यप्रदेश कैडर के 9 प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों ने सौजन्‍य भेंट की।

    पुलिस महानिदेशक  मकवाणा ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस वर्दी कर्तव्य, समर्पण, साहस और सेवा का प्रतीक है। प्रशिक्षण अवधि बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए इसे पूरे मन, लगन और अनुशासन के साथ पूरा करें। जिले में प्रशिक्षण के दौरान जितना अधिक सीखेंगे, आगे का नेतृत्व उतना ही प्रभावी होगा।

    उन्होंने एक अध्ययन का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य को वास्तविक खुशी पद या पैसे से नहीं, बल्कि दूसरों की सहायता करने से मिलती है। पुलिस सेवा इसी भावना का विस्तार है—भगवान ने हमें सेवा का माध्यम बनाया है। पुलिस का मूलमंत्र भी यही है- देशभक्ति और जनसेवा।

    पुलिस महानिदेशक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को यह सलाह दी कि हमेशा जनता के साथ विनम्र, मधुर और सम्मानजनक व्यवहार रखें। किसी भी परिस्थिति में त्‍वरित कार्रवाई करना, ईमानदारी से काम करना और निष्पक्ष रहना—एक अच्छे अधिकारी की पहचान है।

    उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों को हमेशा प्रोत्साहित करें। कानूनों, नियमों, अधिनियमों तथा वित्तीय प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन करें, क्योंकि एक सक्षम अधिकारी वही है जो अपने कार्यक्षेत्र का संपूर्ण ज्ञान रखता हो। जनता का विश्वास अर्जित करना पुलिस का सबसे बड़ा निवेश है—विश्वास होगा तो सहयोग मिलेगा, और सहयोग से व्यवस्था मजबूत होगी।

     मकवाणा ने यह भी कहा कि हमेशा सही रास्ते पर चलें, सही काम करते रहें और सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनने की कोशिश करें। समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, इसलिए हमेशा सतर्क, संवेदनशील और संतुलित बने रहें।

    डीजीपी ने साइबर सुरक्षा के महत्व को भी रेखांकित करते हुए कहा, "आज के युग में, जब सूचना का प्रवाह तेज़ है, पुलिस को नवीनतम तकनीकों और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग कर अपने कार्यों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। साइबर अपराधों का खतरा बढ़ रहा है। हमें न केवल अपराधों की रोकथाम में अग्रणी होना है, बल्कि हमें साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।"

    उन्‍होंने मध्‍यप्रदेश पुलिस के जनजागरूकता अभियान ‘’नशे से दूरी-है जरूरी की जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि राज्‍यव्‍यापी जनजागरूकता अभियान ने अपनी व्‍यापकता, प्रभावशीलता तथा वृहद स्‍तर पर जनसहभागिता के चलते वर्ल्‍ड रिकॉर्ड भी कायम किया है।

    उन्‍होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि वर्तमान में जन अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं अत: व्‍यावसायिक उत्‍कृष्‍टता, पारदर्शिता एवं व्‍यवहार कुशलता से ही आप इन अपेक्षाओं पर खरे उतर सकते हैं।

    उन्होंने पुलिस बल के मनोबल, टीमवर्क, सहकर्मियों की समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में संवेदनशील नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर दिया। एक अधिकारी की पहचान तभी बनती है जब वह अपनी टीम को समझे, सहयोग दे और सही दिशा दिखाए।

    मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर बात करते हुए डीजीपी ने कहा कि इन मंचों का जिम्मेदार उपयोग पुलिस की पारदर्शिता, जनसंपर्क और विश्वसनीयता को सुदृढ़ बनाता है।

    उन्‍होंने अपने सेवाकाल में बस्तर, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर और मुरैना जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में ड्यूटी के दौरान आए जमीनी हालातों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धैर्य, सूझबूझ और परिपक्व नेतृत्व अनिवार्य है—और यही गुण एक अधिकारी को विशेष बनाते हैं।

    उल्‍लेखनीय है कि संघ लोकसेवा आयोग द्वारा वर्ष 2024 में चयनित इन अधिकारियों का प्रशिक्षण लाल बहादुर शास्त्री अकादमी, मसूरी में आधारभूत प्रशिक्षण से प्रारंभ हुआ था। इसके बाद, इन अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

    अब, यह अधिकारी मध्य प्रदेश में 29 सप्ताह का जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रारंभ करने जा रहे हैं। इस दौरान, प्रशिक्षु अधिकारी मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी में 4 सप्ताह के लिए संबद्ध होंगे। उन्हें राज्य की सांस्कृतिक एवं जनजातीय विरासत के अंतर्गत इंदौर, उज्जैन और महेश्वर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, आसूचना संकलन, अपराध अनुसंधान विभाग, एसटीएफ, योजना, प्रबंध, कल्याण जैसे सभी महत्वपूर्ण अंगों से परिचय कराया जाएगा। डायल-112 एवं नवीनतम तकनीकों के प्रयोग से भी अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही सिंहस्थ की तैयारियों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, ताकि अधिकारी आगामी चुनौतियों एवं व्यवस्थाओं से भली-भांति परिचित हो सकें।

    पीएसओ टू डीजीपी  विनीत कपूर ने पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाणा का संपूर्ण परिचय दिया।

    इस अवसर पर अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक  शाहिद अबसार, एसओ टू डीजीपी  मलय जैन एवं अन्‍य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

     

  • मुरैना को देंगे विकास कार्यों की सौगातें

    भोपाल 
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 नवंबर को श्योपुर जिले के बड़ौदा में आयोजित कार्यक्रम में श्योपुर सहित 6 जिलो के किसानों को फसल क्षति की राहत राशि का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 3 लाख 5 हजार 410 प्रभावित किसानों के बैंक खातों में 238 करोड़ 78 लाख रूपये की राशि अंतरित करेंगे। श्योपुर, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम, धार, खण्डवा जिलों की 23 तहसीलों के 2 हजार 148 ग्रामों के किसानों को अतिवृष्टि, बाढ और पीला मौजेक कीट व्याधि से हुई फसल क्षति की राहत राशि अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी दिन मुरैना जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में 162 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे।

    बड़ौदा में इन कार्यों का होगा लोकार्पण एवं शिलान्यास
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव बडौदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत 2 करोड 75 लाख रूपये की लागत से सेसईपुरा में निर्मित आदिवासी बालक आश्रम का लोकार्पण होगा। इसके साथ ही 14 करोड 80 लाख की लागत से श्योपुर में बनने वाले नर्सिग कॉलेज भवन, 14 करोड 95 लाख की लागत से श्योपुर में बनने वाले 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय, 96 लाख की लागत से श्योपुर में बनने वाले बागवानी और खाद प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केन्द्र, ग्राम लहरौनी में 2 करोड 61 लाख, ग्राम बलावनी में 2 करोड 53 लाख एवं डाबीपुरा में 2 करोड 49 लाख की लागत से बनने वाले नवीन 33/11 केव्ही विद्युत उपकेन्द्रों के निर्माण के लिए शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही विभिन्न विभिन्न योजनाओ में हितग्राहियों को लाभान्वित किया जायेगा।

    मुरैना में इन कार्यों की देंगें सौगात
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुरैना में 70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आयुर्वेदिक महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन करेंगे। इस महाविद्यालय के अंतर्गत 100 बिस्तरीय चिकित्सालय का निर्माण भी किया जाएगा। इस चिकित्सालय के माध्यम से आसपास के लगभग 20 ग्रामों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोठ एवं अम्बाह का लोकार्पण भी करेंगे। वर्तमान में सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोठ में 812 विद्यार्थी तथा सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बाह में 1799 विद्यार्थी नामांकित हैं।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से निर्मित संयुक्त तहसील एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय मुरैना का लोकार्पण करेंगे। इसके माध्यम से अनुविभाग मुरैना के अंतर्गत आने वाले 182 ग्रामों की लगभग 7 लाख 52 हजार आबादी को सुविधा होगी। अम्बाह में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास का लोकार्पण भी करेंगे। यह छात्रावास 3 करोड़ 93 लाख 36 हजार रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है।

  • सेक्सटॉर्शन पर ध्यान दें: मध्य प्रदेश में बढ़ते मामले, ऑनलाइन धमकियों से खतरा

    भोपाल 

    ऑनलाइन अपराध ‘सेक्सटॉर्शन’ (sextortion) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में अपराधी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और अश्लील वीडियो कॉल का सहारा लेकर लोगों को धमकाकर पैसे ऐंठ रहे हैं।

    जानें क्या है ‘सेक्सटॉर्शन’ (sextortion)

    सेक्सटॉर्शन वह अपराध है, जिसमें बदमाश किसी की निजी या आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे या अन्य फायदे मांगते हैं।

    sextortion से कैसे बचें?

    अनजान लोगों से निजी फोटो या वीडियो साझा न करें।

    संदिग्ध वीडियो कॉल, लिंक या प्रोफाइल को तुरंत ब्लॉक करें।

    ब्लैकमेलर को पैसे न भेजें, इससे धमकियां बढ़ती हैं।

    सभी सबूत सुरक्षित रखें और तुरंत पुलिस में शिकायत करें।
    sextortion की शिकायत कहां करें?

    भोपालसाइबर क्राइम हेल्पलाइन: 9479990636 राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन: 1930

  • मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सरल और सुविधाजनक तरीके से त्‍वरित नवीन बिजली कनेक्‍शन प्रदान किए जा रहे हैं

    भोपाल
    मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के सभी श्रेणी के उपभोक्‍ताओं के लिये सरल और सुविधाजनक तरीके से त्‍वरित नवीन बिजली कनेक्‍शन प्रदान किए जा रहे हैं। इसके लिए उपभोक्‍ताओं को सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से आवेदन करते ही निर्धारित समयावधि में घर बैठे ही नवीन कनेक्‍शन उपलब्‍ध कराये जा रहे हैं।  

    गौरतलब है कि कंपनी द्वारा विगत जुलाई 2023 से शुरू किये गये ऑनलाइन सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से अब तक भोपाल शहर में 65 हजार से अधिक नए कनेक्‍शन प्रदान किए जा चुके हैं, जबकि पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में 4 लाख 56 हजार से अधिक नए कनेक्‍शन सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से सफलतापूर्वक प्रदान किये गए हैं। इनमें 10 किलोवॉट तक के अस्थायी कनेक्शन भी शामिल हैं।  

    मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री क्षितिज सिंघल ने बताया है कि कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल पर आवेदन करते ही निर्धारित समयावधि में तत्काल नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। नये कनेक्‍शन लेने के लिये उपभोक्‍ताओं को बिजली कंपनी के पोर्टल https://saralsanyojan.mpcz.in:8888/home अथवा UPAY ऐप पर जाकर जरूरी दस्‍तावेज अपलोड कर समस्‍त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए निर्धारित शुल्‍क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। आवेदक द्वारा विधिवत ऑनलाइन आवेदन और भुगतान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत बिजली कंपनी द्वारा सर्वे एवं अन्‍य औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर उपभोक्ता के परिसर में नया कनेक्शन उपलब्‍ध करा दिया जाएगा।

  • उत्तर भारत से MP जुड़ेगा तेज रफ्तार रेल से, देवास-मक्सी लाइन दोहरीकरण को मिली हरी झंडी

    देवास

     देवास-मक्सी के बीच 36 किमी की रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोहरीकरण के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (final location survey) के लिए टेंडर प्रक्रिया हो गई है। इस दौरान देवास से मक्सी के बीच ड्रोन व ग्राउंड लेवल पर सर्वे किया जाएगा। सर्वे के बाद डीपीआर बनाकर रेलवे मंत्रालय को भेजी जाएगी। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य शुरु किया जाएगा। बताया जा रहा है कि मार्च तक कंपनी द्वारा सर्वे किया जाएगा।

    भोपाल को उत्तर भारत से जोड़ेगी ये लाइन

    उल्लेखनीय है कि उक्त रेलवे लाइन देवास से मक्सी होते हुए भोपाल और उत्तर भारत को जोड़ने वाले मार्ग के लिए महत्वपूर्ण है। दोहरीकरण से ट्रेनों की रफ्तार और क्षमता में वृद्धि होगी जिससे यातायात आसान होगा और माल ढुलाई में मदद मिलेगी।

    110 किमी गति से दौड़ेगी ट्रेनें

    उल्लेखनीय है कि वर्तमान में मक्सी से देवास के बीच रेलवे ट्रैक काफी पुराना है। देवास-मक्सी के बीच काली मिट्टी होने से ट्रैक का फॉरमेशन कमजोर था। ऐसे में पूर्व में यहां 45 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से ट्रेनें निकाली जाती थी। इसके बाद करीब 14 साल पहले कुछ क्षेत्र में ट्रैक को मजबूत कर नई पटरियां डाली गई थी। उसके बाद यहां ट्रेनों की स्पीड 75 किमी प्रतिघंटा हो गई थी। दोहरीकरण के बाद रेलवे की इस ट्रैक पर 110 किमी की रफ्तार से ट्रेर्ने संचालित करने की योजना है।

    अभी क्रॉसिंग के समय रुकती है ट्रेनें

    उल्लेखनीय है कि देवास और मक्सी होकर करीब 17 ट्रेनें विभिन्न रुट पर आती-जाती है। ऐसे में कॉसिंग के दौरान ट्रेनों को विभिन्न स्टेशन पर रोकना पड़ता है। इससे समय भी अधिक लगता है। दोहरीकरण होने के बाद ट्रेनों को कॉसिंग के दौरान स्टॉपेज नहीं देना होगा। ऐसे में समय की बचत होगी और देवास-मक्सी के बीच आने-जाने में कम समय लगेगा।

    सर्वे स्वीकृत हो गया

    देवास-मक्सी रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए सर्वे स्वीकृत हो गया है। सर्वे होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोहरीकरण होने के बाद ट्रेनों की गति भी बढ़ेगी।- अश्वनी कुमार, डीआरएम, पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल

  • लक्ष्य बड़े रखें, उत्साह से कार्य करने पर निश्चित रूप से मिलेगी सफलता : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

    उप मुख्यमंत्री ने जेंडर कैंपेन नई चेतना 4.0 का किया शुभारंभ
    पंचायतों में बिना मांग स्वीकृत किए नए भवन, अब तीन मंजिल तक कर सकेंगे निर्माण: मंत्री श्री पटेल
    पंचायत प्रतिनिधियों एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन

    भोपाल 
    पंचायतों को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 24 नवंबर से चल रही पंचायत प्रतिनिधियों एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों की तीन दिवसीय कार्यशाला का बुधवार को समापन हो गया। कार्यशाला के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने जिला पंचायत सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित जेंडर कैंपेन नई चेतना 4.0 का शुभारंभ किया। उत्कृष्ट लोक अधिकार केंद्रों के माध्यम से महिलाओं के हक एवं अधिकारों पर कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता, लक्ष्य बड़ा होना चाहिए। मन में काम करने का उत्साह रहेगा तो सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने कार्यशाला में मौजूद जन-प्रतिनिधियों से सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने की अपील की।

    पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि इस बार कार्यशाला में सरपंच संगठन, सचिव संगठन और जीआरएस संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा की जनप्रतिनिधियों को अधिकारों और कर्तव्यों पर गंभीरता से विचार कर सार्वजनिक जीवन में बनी नकारात्मक धारणा को समाप्‍त करते हुए पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जहां पंचायत भवन नहीं थे, वहां बिना मांग के नए भवन स्वीकृत किए गए। अब पंचायत भवन तीन मंजिला बनाए जाएंगे, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार उनका उपयोग हो सकेगा। इसी तरह ग्राम पंचायत, जनपद पंचायतों में सामुदायिक भवन भी बनवाए जा रहे हैं। पंचायतों को ग्राम सुरक्षा, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विषयों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि को स्वयं से तीन प्रश्न जरूर पूछने चाहिए। पहला- मेरे कर्तव्य क्या हैं? दूसरा- मेरा वित्तीय प्रबंधन कितना पारदर्शी है? और तीसरा- समाज के लिए मेरा योगदान क्या है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य और ईमानदारी पर अडिग रहना ही जनसेवा का मूल सिद्धांत है।

    कार्यशाला के आखिरी दिन दो सत्र हुए। इसमें प्रदेश के जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए। जिला पंचायत की स्थायी समितियों की नियमित बैठकें एवं जिला पंचायत डेवलपमेंट प्लान को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बेहतर विकास को लेकर सुझाव दिए। बैठक में क्षेत्र के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, संचालक श्री छोटे सिंह, एसआरएलएम की सीईओ श्रीमती हर्षिका सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प वर्षा के साथ हुआ स्वागत

    नर्मदा प्रवाह यात्रा यूनिटी मार्च का हुआ भव्य स्वागत
    इंदौर से धार-झाबुआ होते हुए गोधरा के लिए रवाना हुई यात्रा

    भोपाल 
    लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की  150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा का बुधवार को इंदौर में अगवानी कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में यात्रा सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रतिमा से शुरू होकर मधुमिलन चौराहा,  आरएनटी मार्ग होते हुए छावनी चौराहा पहुँची।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की प्रेरणा से नागपुर से  नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा की शुरुआत हुई है , जो नागपुर से बैतूल होते हुई इंदौर पहुंची। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने रियासतों को मिलाकर जो कार्य किया वह अद्वितीय है। इसके लिए हमें विराट व्यक्तित्व के धनी सरदार वल्लभ भाई पटेल से प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति और विकास के पत्र पर आगे बढ़ रहा है।

    यात्रा में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग ,  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, सुश्री कविता पाटीदार, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री मधु वर्मा, श्री महेन्द्र हार्डिया, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, श्री जीतू जिराती, श्री श्रवण चावड़ा, श्री सुमित मिश्रा,  यात्रा प्रभारी श्री कपिल परमार आदि विशेष रूप से शामिल हुए।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा के दौरान एक विशाल वाहन में सवार थे। यात्रा में सबसे आगे स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं और जनजाति समाज के महिला एवं पुरुष कलाकार लोक नृत्य करते हुए शामिल हुए। यात्रा में देशभक्ति की धून बजाते हुए बैंड भी शामिल थे। साथ ही महिलाएं एवं पुरूष बड़ी संख्या में उपस्थित थे। रास्ते भर विभिन्न मंचों के द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव सभी का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। जगह-जगह मंच लगाकर नागरिकों द्वारा फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर एकता यात्रा का स्वागत किया। महिलाओं ने घरों की छत से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वाहन पर फूलों की पंखूड़िया उड़ाकर स्वागत किया। यात्रा मार्ग पर भारत माता की जय और सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहे के उद्घोष लगे।

    सरदार पटेल प्रतिमा से शुरू होकर नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए छावनी चौराहा पहुँची ,  जहां नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान कृष्ण की प्रतिमा और तलवार भेंटकर उनका स्वागत किया।