• मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 83 करोड़ रूपए के 14 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

    जीआई टैग मिलने से पन्ना डायमंड को मिली है वैश्विक पहचान
    रैपुरा में बनेगा नवीन महाविद्यालय
    ग्राम पंचायत शाहनगर को नगर परिषद बनाया जाएगा
    शाहनगर ब्लॉक में खुलेंगे दो अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र
    भोपाल 

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पन्ना की रत्नगर्भा भूमि किसी पहचान की मोहताज नहीं है। पन्ना ने खुद के साथ मध्यप्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों जहां देखो, उधर अपना पन्ना ही चमक रहा है। पन्ना की पुण्यधरा से निकलने वाले पारस (हीरा) से मध्यप्रदेश पूरे विश्व में मशहूर हो रहा है। मध्यप्रदेश को 'डायमंड स्टेट' और 'टाइगर स्टेट' का दर्जा दिलाने का श्रेय भी पन्ना को ही जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पन्ना डायमंड को जीआई टैग मिलने पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जीआई टैग ने पन्ना की पहचान पर अब वैश्विक मुहर लगा दी है। अब पूरी दुनिया यहां के हीरों को 'पन्ना डायमंड' के नाम से ही जानेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'पन्ना डायमंड' अब एक ब्रांड के रूप में उभर रहा है। इससे न सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में पहचान बढ़ेगी, बल्कि वैल्यू-चेन, माइनिंग, प्रोसेसिंग, एक्सपोर्ट और जेम-आधारित उद्योग, सबमें निवेश के नए अवसर सामने आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना जिले को बहुत जल्द मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने वाली है। आज पन्ना और छतरपुर के बीच भव्य राजगढ़ पैलेस होटल का शुभारंभ भी हुआ है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को पन्ना जिले की पवई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाहनगर में हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां करीब 83 करोड़ रूपए की लागत वाले 14 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 9 करोड़ रूपए की लागत से बनी बिसानी-श्यामगिरी-कल्दा-सलेहा वाया मैन्हा मार्ग के उन्नयन कार्य का लोकार्पण एवं 74 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 4.25 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले पवई में तिघरा बैराज का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन कर हितग्राही सम्मेलन की शुरूआत की। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मारतम् गायन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

    मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर रैपुरा में नवीन महाविद्यालय खोलने, वर्तमान ग्राम पंचायत शाहनगर को नगर परिषद बनाने तथा शाहनगर ब्लॉक में दो अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने करीब 135 करोड़ की लागत से टिकरिया-रीठी वाया खमरिया मार्ग का निर्माण करने, शाहनगर-बोरी-चमरईया सड़क मार्ग के चौड़ीकरण सहित पुराने बांधों की नहरों का सर्वे कराकर मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का काम कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पवई और शाहनगर महाविद्यालय में विधि और विज्ञान संकाय भी शुरु किया जाएगा तथा शाहनगर के बंद उद्योग फिर से शुरू कराए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पन्ना के विकास को नई उड़ान देने के लिए राज्य सरकार पन्ना में 15 करोड़ की लागत से डायमंड बिजनेस पार्क तैयार कर रही है। यह पार्क पन्ना की अर्थव्यवस्था में एक नया अध्याय लिखेगा। इसके साथ बड़ागांव में 40 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक पार्क का विकास लगभग पूर्ण है। वर्षों से बंद पड़ी एनएमडीसी परियोजना को हमने पुनः प्रारंभ कराया गया है, जिससे बड़े स्तर पर हीरो का खनन एक बार फिर प्रारंभ हो चुका है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आने वाले समय में केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना जिले के विकास को नया रूप देगी। केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना से जिले में 1 लाख 35 हज़ार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 600 से अधिक गांवों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। हमारे पवई को भी इसका भरपूर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पन्ना टाइगर रिज़र्व, विश्व प्रसिद्ध हीरे, समृद्ध वन संपदा, केन नदी का अ‌द्भुत कछार और राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियां सब मिलकर आने वाले वर्षों में जिले की अर्थव्यवस्था को एक नए स्वरूप में ढालने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पन्ना टाइगर रिज़र्व वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। बाघों की बढ़ती संख्या, पार्क की वैश्विक प्रतिष्ठा और पर्यटकों का रुझान, स्थानीय युवाओं के लिए गाईडिंग, होटल रिसॉर्ट, ट्रांसपोर्ट और हैंडीक्राफ्ट जैसे क्षेत्रों में रोज़गार के नए अवसर बना रहा है। सरकार द्वारा होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म और कनेक्टिविटी सुधारने के प्रयासों से क्षेत्र के विकास को गति मिल रही है। हम पन्ना जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण में पन्ना पूरे प्रदेश में अग्रणी है। यहां 10 हज़ार 301 स्व-सहायता समूहों की 1 लाख से अधिक बहनों को 180 करोड़ रुपए से ज़्यादा का बैंक लिंकेज मिला है, जिसमें से लगभग 18 हज़ार महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पन्ना जिले की महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। लाड़ली बहनों को प्रति माह 1500 रुपए राशि भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापना के लिए करीब 25 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है और संबंधित निवेशक के साथ एमओयू भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पवई बांध ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना द्वारा 158 ग्रामों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
     

  • कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बीएलओ से संवाद कर प्रतिदिन कार्य की करें समीक्षा

    भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना और सचिव श्री बिनोद कुमार ने वर्चुअल बैठक, एसआईआर कार्य के प्रगति की समीक्षा की
    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र, सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी व अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी नगर पालिक निगमों के कमिश्नर हुए शामिल
    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र श्री संजीव कुमार झा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 बीएलओ को किया सम्मानित

    भोपाल
    भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना एवं सचिव श्री बिनोद कुमार ने बुधवार को वर्चुअल बैठक की। इस दौरान प्रदेश में चल रहे एसआईआर के कार्य की प्रगति की जिलेवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र श्री संजीव कुमार झा सहित सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी नगर पालिक निगमों के कमिश्नर शामिल हुए।

    भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना ने कहा कि एसआईआर के कार्य को सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंभीरता से लें। चुनावी मोड पर कार्य करें। लापरवाही ना करें। बैठक के दौरान निदेशक श्रीमती सक्सेना ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को बांटे जा रहे गणना पत्रक, मैपिंग और डिजिटलाइजेशन के कार्य की समीक्षा की और बेहतर कार्य करने वाले जिलों की प्रशंसा की।

    भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना ने सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी कमिश्नर नगर पालिक निगम को जल्द से जल्द डिजिटलाइजेशन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी जिले कार्ययोजना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। प्रत्येक दिन बीएलओ के कार्य की समीक्षा कर बीएलओ से संवाद करें एवं कार्य में आ रही कठिनाइयों का त्वरित निराकरण करें। सहयोग के लिए वालेंटियर्स को लगाएं। कलेक्टर मैदानी स्तर पर जाकर एसआईआर कार्य की प्रगति देखें। आयोग द्वारा प्रतिदिन आपके कार्य की निगरानी और समीक्षा की जा रही है। आप भी अपने अपने जिलों में प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें। इस दौरान प्रदेश में सबसे अच्छा कार्य करने वाले जिले अशोक नगर, सीहोर, पांढुर्णा, बालाघाट और नर्मदापुरम् के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से उनकी कार्यप्रणाली जानी गई जिससे अन्य कलेक्टर्स भी आवश्यक सुधार कर सकें। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र श्री संजीव कुमार झा ने सभी कलेक्टर्स को प्रतिदिन समीक्षा और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 10% से अधिक गणना पत्रक के डिजिटलाइजेशन के कार्य का लक्ष्य तय करें। एक सप्ताह के अंदर सभी कार्य पूरा करें। जो डाटा मैपिंग हो चुका है उसका डिजीटलाइजेशन सुनिश्चित करें।

    प्रदेश के 6 बीएलओ हुए सम्मानित
    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने मध्यप्रदेश निर्वाचन सदन भोपाल में 6 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारियों) को उत्कृष्ट कार्य करने पर शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा ने कहा कि प्रदेश के अन्य बीएलओ को इनसे प्रेरणा लेकर त्वरित लक्ष्य पूर्ति के लिये प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा में सर्वप्रथम शत् प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले बीएलओ को भोपाल में सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा ने राजगढ़ जिले के बीएलओ श्री देवकरण शर्मा, देवास जिले के श्री महेन्द्र सिंह परमार, सीहोर जिले के श्री भूरुलाल गहरवाल, श्री गजराज सिंह, बैतूल जिले के श्री दीपक वर्मा और भोपाल जिले के बीएलओ श्री सुरेश वर्मा को सम्मानित किया है।

    बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजय श्रीवास्तव, श्रीमती सुरभि तिवारी व श्री राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

     

  • सटीक निशाना, अटूट धैर्य—कुशाग्र ने जीता अंतर्राष्ट्रीय सम्मान

    50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट में हासिल किया कांस्य पदक

    भोपाल 
    टोक्यो में आयोजित 25वीं समर डेफलंपिक में भारत तथा मध्यप्रदेश के लिए मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के प्रतिभावान शूटर कुशाग्र सिंह राजावत ने गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज कराई है। शूटर कुशाग्र सिंह ने 50 मीटर राइफल प्रोन (पुरुष वर्ग) स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि से अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी मंच पर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

    शानदार प्रदर्शन से चमका मध्यप्रदेश का सितारा
    कुशाग्र सिंह राजावत ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी उत्कृष्ट तकनीक, धैर्य और सटीकता का अद्वितीय प्रदर्शन किया। कड़े अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी माहौल में भी उन्होंने संतुलित खेल दिखाते हुए पदक तालिका में स्थान बनाकर देश एवं प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उनके इस प्रदर्शन ने युवाओं के लिए प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

    अकादमी की विशेषज्ञ कोचिंग और सुविधाओं का हासिल हुआ गौरवपूर्ण परिणाम
    संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित एमपी शूटिंग अकादमी द्वारा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, अत्याधुनिक सुविधाएँ तथा विशेषज्ञ कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है। अकादमी द्वारा प्रदान किए गए व्यवस्थित प्रशिक्षण, वैज्ञानिक पद्धतियों तथा सतत मूल्यांकन के परिणामस्वरूप खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हो रहे हैं। कुशाग्र सिंह राजावत की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में अकादमी के कोचों, तकनीकी विशेषज्ञों तथा सपोर्ट स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

    खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी शुभकामनाएँ
    सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कुशाग्र सिंह राजावत को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कुशाग्र ने अनुशासन, एकाग्रता और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के बल पर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का परचम लहराया है। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि उचित मार्गदर्शन एवं सतत अभ्यास से विश्व पटल पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया जा सकता है। मंत्री श्री सारंग ने आशा व्यक्त की कि कुशाग्र भविष्य में भी देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

    मध्यप्रदेश सरकार की खेल प्रतिभा विकास के प्रति प्रतिबद्धता
    खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोत्तम प्रदर्शन हेतु अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य सरकार द्वारा खेल अवसंरचना विस्तार, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, खेल छात्रवृत्ति एवं अंतर्राष्ट्रीय अवसर उपलब्ध कराये जाने जैसी पहलें निरंतर जारी हैं, जिनका स्पष्ट परिणाम अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है। मध्यप्रदेश के उभरते हुए निशानेबाज कुशाग्र सिंह राजावत का यह पदक उनकी व्यक्तिगत मेहनत और समर्पण के साथ मध्यप्रदेश की खेल नीतियों व अकादमी प्रणाली की प्रभावशीलता का परिणाम है।

     

  • मंत्री काश्यप ने अनुकंपा नियुक्ति पत्र किए वितरित

    भोपाल 
    सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्‍य कुमार काश्‍यप ने बुधवार को विभाग के दिवंगत कर्मचारियों के पात्र आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किए। लाभांवित परिवारजन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य शासन का आभार व्यक्त किया।

    मंत्री श्री काश्यप ने सहायक ग्रेड वर्ग-3 के पद पर सर्वश्री शुभम सोनकर, जकाउल्‍ला और सुश्री समृद्धि शर्मा को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। श्री लोकेश मोहार को भृत्‍य के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। इस अवसर पर विभाग के संयुक्‍त संचालक श्री अंबरीश अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने की विभागीय समीक्षा

    “सेवाएँ समय पर, संवेदनशीलता से और हर लाभार्थी तक पहुँचें

    भोपाल 
    महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को विभागीय योजनाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों से जुड़ी प्रत्येक सेवा का क्रियान्वयन संवेदनशील, समयबद्ध और पारदर्शी हो।

    महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने विभाग की प्रमुख योजनाओं—मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, पोषण अभियान और आंगनवाड़ी सेवाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग की प्रत्येक योजना सीधे उन महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों तक पहुँचती है जो सुरक्षा, पोषण और सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता रखते हैं, इसलिए क्रियान्वयन में किसी तरह की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

    सुश्री भूरिया ने विशेष रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के संचालन पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि ये सेवाएँ चौबीसों घंटे पूरी संवेदनशीलता के साथ सक्रिय रहें। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में एक त्वरित प्रतिक्रिया किसी बच्चे या महिला के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।

    मंत्री सुश्री भूरिया ने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारियों को लाभार्थियों से सीधे संवाद करते हुए मौके पर सुनवाई और समाधान की प्रक्रिया को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभाग ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं और अब लक्ष्य है कि इन उपलब्धियों को और अधिक गहराई तक पहुँचाया जाए।

    आयुक्त श्रीमती निधि निवेदिता ने विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन, चयन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी भर्ती, पोषण स्तर में सुधार, टेक-होम राशन की गुणवत्ता और जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष योजनाओं के क्रियान्वयन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक योजना का लाभ जमीनी स्तर तक सुचारु रूप से पहुँचे। हम सभी जिलों में मॉनिटरिंग को और मजबूत कर रहे हैं तथा फील्ड स्तर पर त्वरित समस्या-निवारण को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संयुक्त संचालक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • शिक्षक सहायता कोष को बढ़ाने का होगा प्रयास : स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह

    राष्ट्रीय शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान की कार्यकारिणी समिति की हुई बैठक

    भोपाल 
    स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिये प्रतिबद्ध है। संकट के दौरान शिक्षकों को समय पर हर संभव मदद दी जायेगी। मंत्री श्री सिंह बुधवार को मंत्रालय में शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान की राज्य स्तरीय समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती शिल्पा गुप्ता और संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र श्री हरजिंदर सिंह भी उपस्थित थे।

    बैठक में तय हुआ कि वर्ष 2026 में शिक्षक दिवस पर प्रत्येक जिले से 2 शिक्षकों को उनके श्रेष्ठ कार्यों के लिये सम्मानित किया जायेगा। इससे प्रदेश के प्रत्येक जिले को प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग की ओर से जिला स्तर पर भी शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रतिष्ठान की हर 3 माह में बैठक हो यह सुनिश्चित किया जाये। शिक्षकों को संकट के समय आर्थिक सहायता समय पर मिले, इसके लिये राज्य, संभाग और जिला 3 स्तर पर कमेटियाँ होंगी।

    शिक्षक सदन पर हुई चर्चा
    बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 18 शिक्षक सदन संचालित हो रहे हैं। इन शिक्षक सदनों का जरूरत के हिसाब से संधारण किया जायेगा। भोपाल स्थित शिक्षक सदन भवन पर 2 करोड़ 80 लाख रुपये व्यय कर वहाँ केंटीन समेत आधुनिक रूप से व्यवस्थित किया जायेगा।

    लंबित अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों की होगी नियमित समीक्षा
    स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि दिवंगत शिक्षकों के परिजनों के अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जायेगी। प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द कैसे मदद हो, इसका संतोषजनक रास्ता निकाला जायेगा। बैठक में संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र श्री डी.एस. कुशवाहा एवं शिक्षक संघों के प्रतिनिधि डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर, श्री दिनेश शर्मा, श्री राकेश गुप्ता, श्री महेन्द्र सिंह रघुवंशी और श्री सत्यनारायण शर्मा भी उपस्थित थे।

     

  • पैक्स एवं स्व-सहायता समूह साझेदारी से खुलेगा ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण का नया अध्याय

    मंत्री श्री सारंग ने ली सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक

    भोपाल
    सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीपीपीपी अंतर्गत जीआईएस-2025 के दौरान हुए एमओयू की प्रगति, नवाचार प्रकोष्ठ की गतिविधियों तथा सहकारिता तंत्र को मजबूत बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

    मंत्री श्री सारंग ने कहा कि पैक्स और स्व-सहायता समूहों के बीच सहयोगात्मक ढांचा तैयार कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बड़े अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि पैक्स–स्व सहायता समूह के बीच साझेदारी का स्पष्ट एवं क्रियाशील रोडमैप तैयार किया जाए। जिससे ग्रामीण स्तर पर नए रोजगार व उद्यमों को बढ़ावा दिया जा सके।

    मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सहकारिता ही वह सशक्त नेटवर्क है जो हर घर तक आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को पहुँचा सकता है। हमें स्थानीय आवश्यकताओं और संसाधनों को पहचानकर योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि CPPP (Co-operative Public Private Partnership) नवाचार की सक्सेस स्टोरी तैयार की जाए। इस नवाचार को दस्तावेज़ रूप में भी संकलित किया जाए।

    मंत्री श्री सारंग ने कहा कि जिला स्तर पर सहकारी बैंकों के सीईओ के माध्यम से किसानों, सहकारी समितियों के प्रबंधकों तथा अन्य संबंधित हितधारकों से सुझाव एकत्र किए जाएं। जिससे मुख्यालय से आवश्यक सुधार करते हुए योजनाओं का प्रभावी कियान्वयन किया जा सके।

    बैठक में प्रमुख सचिव सहकारिता श्री डी.पी. आहूजा, आयुक्त सहकारिता श्री मनोज पुष्प, प्रबंध संचालक (उपभोक्ता संघ) श्री ऋतुराज रंजन, प्रबंध संचालक (बीज संघ) श्री महेंद्र दीक्षित, प्रबंध संचालक (अपेक्स बैंक) श्री मनोज गुप्ता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

  • मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय वाहन चोरी के प्रकरणों में व्यापक कार्रवाई

    अभियान के दौरान चार जिलों से 51 दुपहिया एवं 1 चार पहिया वाहन जब्‍त

    भोपाल 
    मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करने हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत छतरपुर, खण्डवा और शिवपुरी जिलों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। सतत मॉनिटरिंग, तकनीकी विश्लेषण,  मुखबिर तंत्र की सक्रियता और त्वरित फील्ड कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए कुल 39 दोपहिया एवं 1 चार पहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 31 लाख रूपए से अधिक आंकी गई है।

    प्रमुख कार्रवाई
    रीवा- जिले की कोतवाली पुलिस ने मोटर साइकल चोरी में लिप्त एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटर साइकलें बरामद की गईं, जिनकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा रीवा सहित अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

    छतरपुर- जिले में थाना सिविल लाइन एवं कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में छतरपुर, पन्ना, जालौन, दतिया एवं महोबा जिलों से चोरी की गई कुल 23 मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत लगभग 14 लाख रूपए है, बरामद हुईं।

    खण्डवा- जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी कीमत लगभग 8 लाख रूपए  है। इसके अलावा गुलमोहर कॉलोनी से चोरी हुई कार (6 लाख रूपए) का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

    शिवपुरी- जिले में थाना कोलारस पुलिस ने मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से चोरी की गई 06 मोटरसाइकिलें एवं विभिन्न वाहनों के इंजिन, चेसिस, टंकी और सीट कवर आदि सामान बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी वाहनों का रंग बदलकर और नकली नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचने का प्रयास कर रहा था। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख आंकी गई है।

    उल्‍लेखनीय है कि इससे पूर्व नवंबर माह में ही मध्यप्रदेश पुलिस ने विभिन्न जिलों से कुल 54 मोटरसाइकिलें बरामद की थीं, जिनमें छतरपुर,  दमोह,  अशोकनगर,  मंडला,  मंदसौर,  शिवपुरी, बैतूल, ग्वालियर, छिंदवाड़ा और उज्जैन जिले शामिल हैं। यह उपलब्धि पुलिस की निरंतर मॉनिटरिंग, मजबूत मुखबिर तंत्र और समय पर की गई कार्रवाई का प्रत्यक्ष परिणाम है।

    इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट होता है कि मध्यप्रदेश पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया तथा फील्ड पर केंद्रित कार्यप्रणाली के चलते वाहन चोरी से जुड़े प्रकरणों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। इस प्रकार की कार्रवाई से नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।

     

  • भावांतर योजना में सोयाबीन का मॉडल रेट बढ़कर हुआ 4263 रुपए

    भोपाल 
    भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए 19 नवंबर को 4263 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी किया गया है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी।

    सोयाबीन के मॉडल रेट में लगातार वृद्धि जारी है। पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए, 11 नवंबर को 4056 रुपए, 12 नवंबर को 4077 रुपए, 13 नवंबर को 4130 रुपए, 14 नवंबर को 4184 रुपए, 15 नवंबर को 4225 रुपए, 16 नवंबर को 4234 रुपए, 17 नवंबर को 4236 रुपए तथा 18 नवंबर को 4255 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ था।

    राज्य सरकार की गारंटी है कि किसानों को हर हाल में सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य की 5328 रुपए प्रति क्विंटल की राशि मिलेगी।भावान्तर का मॉडल रेट बढ़ने का आशय यह है कि मंडी में सोयाबीन का भाव बढ़ रहा है। दिन-ब-दिन नमी कम होने से सोयाबीन की गुणवत्ता ठीक होने के कारण रेट का बढ़ना अत्यंत स्वाभाविक है। अर्थात् किसानों को मंडी में अच्छा भाव मिल रहा है। वैसे भी मॉडल भाव पिछले चौदह दिन के सोयाबीन के बाजार भाव का भारित औसत है। एमएसपी से ऑक्शन भाव / मॉडल भाव के अंतर की राशि सरकार दे रही है और किसान के नुक़सान की भरपाई कर रही है।

    प्रदेश में भावान्तर योजना के सफल क्रियान्वयन ने किसानों को एमएसपी की राशि मिलने की गारंटी दी है। व्यापारियों को मंडी से व्यापार मिल रहा है, जो उपार्जन की वजह से प्रभावित हो जाता है।

     

  • मध्यप्रदेश पुलिस की प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध सतत एवं प्रभावी कार्रवाई, लगभग डेढ़ करोड़ रूपएकी जब्ती

    भोपाल
    मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्य में चल रहे अवैध मादक पदार्थों के तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण के लिये निरंतर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सघन निगरानी, खुफिया सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण तथा त्वरित फील्ड कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने हाल ही में विभिन्न जिलों में उल्लेखनीय सफलताएँ दर्ज की हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान करोड़ों रुपए मूल्य के डोडाचूरा, कोकीन, स्मैक, एमडी तथा ब्राउन शुगर जब्त की गई है।

    नीमच-522 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त
    जिले की सिंगोली पुलिस ने हाल ही में मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन से 522 किलोग्राम डोडाचूराजप्त किया है। नाकाबंदी देखकर वाहन चालक द्वारा वाहन को मोड़कर भागने की कोशिश की गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पकड़ा।जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 78 लाख 30 हजार रुपये आँकी गई है। पुलिस द्वारा तस्करी नेटवर्क के स्रोत, परिवहन और संबंधित आरोपियों की जांच की जा रही है।

    इंदौर में अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर कार्रवाई
    इंदौर नारकोटिक्स विंग ने एक अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने रेसिडेंसी क्षेत्र में कार्रवाई कर कोटेडीआइवर (पश्चिम अफ्रीका) की एक महिला तस्कर को पकड़ा, जिसके पास से 31.85 ग्राम कोकीन बरामद हुई। बरामद कोकीन की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 15 लाख 50 हजार रुपये है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि उक्त महिला मुंबई के नालासोपारा क्षेत्र में रहकर ड्रग सप्लाई गतिविधियों में संलिप्त थी और इंदौर शहर में भी ग्राहकों की तलाश में आई थी। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से ड्रग सप्लाई के इस अंतरराष्ट्रीय स्रोत को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया गया है।

    विगत दिनों में शिवपुरी, भोपाल और खरगोन जिलों द्वाराकी गई कार्रवाइयाँ—
    प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाइयाँ की गईं। शिवपुरी जिले में पुलिस टीम ने 56 लाख रूपए की 280 ग्राम स्मैकजप्त की। इसी तरह भोपाल पुलिस ने एक महिला से 9 ग्राम MD ड्रग तथा एक एप्पल मोबाइल जप्त किया, जिसकी कीमत 1लाख 52हजार रूपए है। वहीं खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में पुलिस ने 55 हजार रूपए की 5.47 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कीहै। इन कार्रवाइयों में लगभग 57.57 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जप्त किए गए। यह उपलब्धि पुलिस की सतत रणनीति, जिलों के मध्य समन्वित प्रयासों और फील्ड स्तर पर सक्रिय निगरानी का परिणाम है।

    मध्यप्रदेश पुलिस राज्य को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ प्रतिबद्धता और कठोरता से कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर सतत निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई तथा जनजागरूकता के प्रयास जारी हैं।मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी आमजन से की गई है, जिससे समाज को इस घातक अवैध कारोबार से मुक्त किया जा सके। 

  • प्रमुख सचिव श्री यादव की अध्यक्षता में हुई राज्य सुपरवाइजरी बोर्ड की बैठक

    भोपाल
    प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य शिक्षा श्री संदीप यादव की अध्यक्षता में गर्भधारण एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) राज्य सुपरवाइजरी बोर्ड पी.सी.पी.एन.डी.टी. की बैठक में अनेक निर्णय लिये गये। बैठक में विधानसभा सदस्य श्रीमती प्रियंका मीणा, आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण राठी, अतिरिक्त सचिव विधि एवं विधायी कार्य श्री निशित खरे सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियों तथा तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागिता की गयी।

    राज्य सुपरवाइजरी बोर्ड की बैठक में लिये गये मुख्य निर्णयों में मध्यप्रदेश में भ्रूण लिंग चयन संबंधी सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने एवं सामाजिक भागीदारिता को बढ़ावा देने के लिये "पुनरीक्षित मुखबिर पुरस्कार योजना'' संचालित है, जिसका प्रदेश में अधिकाधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा "पुनरीक्षित मुखबिर पुरस्कार योजना'' अंतर्गत 2 लाख रुपये के पुरस्कार का प्रावधान है, जिसमें मुखबिर के सूचना पर पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम अंतर्गत प्रकरण सफल स्टिंग ऑपरेशन होने अथवा प्रकरण पंजीबद्ध होने पर मुखबिर या सूचनादाता को 50 हजार रुपये दिये जाने का प्रावधान है। साथ ही न्यायालय द्वारा पंजीबद्ध प्रकरण में दंडित किये जाने पर मुखबिर या सूचनादाता को पुन: 30 हजार रुपये दिये जाने का प्रावधान है। पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम की धारा-22 अंतर्गत किसी भी व्यक्ति, संगठन, केन्द्र द्वारा लिंग चयन सुविधाओं के संबंध में किसी भी प्रकार का विज्ञापन भौतिक या इंटरनेट के माध्यम से प्रकाशन, वितरण एवं संसूचित करने पर प्रतिबंध है।

    लिंग चयन के संबंध में साइबर एडवर्टाइजमेंट, ई-कॉमर्स प्लेटफार्म पर बेची जा रही सामग्री, इंटरनेट पर उपलब्ध आपत्तिजनक ब्लॉग्स/वीडियोज आदि को साइबर निगरानी द्वारा नियंत्रित किये जाने की आवश्यकता है। इसके लिये विभाग द्वारा पुलिस महानिरीक्षक, इंटेलिजेंस के समन्वय से सुदृढ़ कार्यवाही पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम, 1994 एवं आई.टी. अधिनियम, 2000 के स्थापित प्रावधान अनुरूप कार्यवाही की जायेगी। समाज में लिंग चयन आधारित गर्भपात से संभावित सामाजिक असंतुलन एवं लैंगिक हिंसा के नियंत्रण के लिये जन-प्रतिनिधियों के सोशल मीडिया पेज तथा जिलों के आधिकारिक वेबसाइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से सामाजिक जागरूकता एवं जन-भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी।

     

  • आसियान देशों के प्रतिनिधियों ने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची का किया भ्रमण

    भोपाल 
    मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा आसियान देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के लिए यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची स्तूप का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक व पर्यटन सहयोग को और मजबूत बनाना था।

    आसियान समिति प्रतिनिधि मंडल भारत में वियतनाम के राजदूत श्री गुयेन थान्ह हाई, भारत में फिलीपींस के राजदूत श्री जोसेफ एफ. इग्नासियों, भारत और श्रीलंका में कंबोडिया की राजदूत सुश्री रथ मनी, भारत में तिमोर लेस्ते के राजदूत श्री कार्लितो नुनेस, भारत में थाईलैंड की राजदूत सुश्री छवनार्ट थांगसुमफंट, भारत और भूटान में इंडोनेशिया की राजदूत सुश्री इना एच कृष्णमूर्ति और मिशन प्रमुख द्वितीय सचिव ब्रुनेई दारुस्सलाम गणराज्य श्री पेंगिरन मोहम्मद शफी अलवाली बिन पेंगिरन अबू बकर शामिल थे। प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश की प्राचीन सांस्कृतिक एवं बौद्ध विरासत को समझने और भारत–आसियान संबंधों को गहराई देने के उद्देश्य से यह भ्रमण किया।

    प्रतिनिधियों ने सांची के महान स्तूप, अशोक स्तंभ, तोरण द्वारों और पुरातात्विक संग्रहालय का अवलोकन करते हुए इसकी कलात्मकता और संरक्षण कार्यों की सराहना की। पुरातत्व विशेषज्ञों ने उन्हें सांची के 2300 वर्ष पुराने इतिहास, मौर्य कालीन धरोहर, बौद्ध धर्म के प्रसार में इसकी भूमिका और दक्षिण–पूर्व एशिया से इसके ऐतिहासिक संबंधों के बारे में जानकारी दी।

    प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सांची जैसे धरोहर स्थल भारत–आसियान सांस्कृतिक साझेदारी को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और भविष्य में पर्यटन, निवेश तथा सांस्कृतिक आदान–प्रदान के नए अवसर खोलते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे संरक्षण और पर्यटन विकास प्रयासों की भी सराहना की।

     

  • भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में अभ्युदय मध्यप्रदेश के दर्शन

    एक भारत, श्रेष्ठ भारत की अवधारणा पर मध्यप्रदेश की विरासत से विकास की झांकियां बनीं आकर्षण
    21 नवंबर को मध्यप्रदेश दिवस समारोह

    भोपाल 
    अभ्युदय मध्यप्रदेश के दर्शन प्रगति मैदान दिल्ली में चल रहे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में किए जा सकते हैं। 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' थीम पर 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले मेला में मध्यप्रदेश की विरासत से विकास की अद्भुत झांकी, एक जिला-एक उत्पाद और परम्परागत कलाकृतियों ने आगंतुकों को आकृषित किया है। मंडप में आगामी 21 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मध्यप्रदेश दिवस भी मनाया जाएगा।

    मध्यप्रदेश मण्डप
    44वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में मध्यप्रदेश मण्डप ग्वालियर किला के रूप में तैयार किया गया है तथा मण्डप के केन्द्र में 64 योगिनी मन्दिर मुरैना के दर्शन होते है। मण्डप को मेले की थीम एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अनुरूप सजाया गया है। गौरतलब है कि लुटियन्स ने जब भारतीय संसद भवन का डिजाइन तैयार किया था तब उन्होने भारत वर्ष की नामी गिरामी इमारतों के डिजायन बुलवाये थे जिसमें से उन्होने मुरैना जिले के 64 योगिनी मन्दिर का चुनाव किया था। इसके आधार पर ही उन्होने भारतीय संसद के भवन का निर्माण कराया था। इस स्थान पर सभी देशी विदेशी पर्यटक भ्रमण करने के लिए आते हैं। जिससे एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना मजबूत होती है। मण्डप में मध्यप्रदेश की विश्व धरोहार खजुराहों, सांची स्तूप एवं भीमबेटका के साथ प्रस्तावित धरोहर स्थलों, विभिन्न सांस्कृतिक माहोत्सव, हस्तशिल्प, हाथकरघा, जी.आई. ओ.डी.ओ.पी. उत्पादों को भी सजाया गया है।

    इन उत्पादों को होलोग्राफिक इमेज से भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इन उत्पादों की बिक्री भी हो रही है। राज्य शासन की विभिन्न नीतियों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। मण्डप में औद्योगिक विकास के साथ पर्यटन की भी पूर्ण जानकारी प्रदर्शित की गयी है। मण्डप में सिंहस्थ 2028 की तैयारी को भी स्थान दिया गया है। इन्दौर के जी.आई. उत्पाद, चमड़े के खिलौने एवं टेराकोटा का संजीव प्रदर्शन हो रहा है। स्टार्ट-अप भी अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के साथ विकय भी कर रहे हैं। मध्यप्रदेश मण्डप, निर्मित विरासत, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय विरासत एवं वन्य जीवन को आकर्षक रूप से प्रदर्शित करता है। मण्डप जहां एक ओर प्रदेश की गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित कर रहा है वही दूसरी ओर सम्पूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधने का संदेश भी दे रहा है। यही कारण है कि मेले में इस बार फिर मध्यप्रदेश मण्डप लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। यहां अभ्युदय मध्यप्रदेश की झलक साफ देखी जा सकती है।

    मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। यहां कि एतिहासिक धरोहर, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल, लोक परम्पराओं की समृद्धि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प "एक भारत श्रेष्ठ भारत" को न केवल पूरी कर रही है अपितु विश्व पर्यटन मानचित्र पर इसे अग्रणी स्थान दिला रही है। एक अंतर्राष्ट्रीय पत्रिका ने विगत वर्ष मध्यप्रदेश को दुनिया के टॉप 10 टूरिज्म डेस्टिनेशन में शामिल किया जो गौरव का विषय है। इस सन्दर्भ का उल्लेख प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 25 दिसम्बर को खजुराहो में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेई की जयंती कार्यक्रम में किया गया था।

    सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की ओर से मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा विगत 43 वर्षों से इस मेले में नोडल एजेंसी के रूप में कार्य किया जा रहा है। इस मेले में विगत दो वर्षों से निरन्तर मध्यप्रदेश राज्य को विषयांतर्गत प्रस्तुति के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। मेला में राज्य दिवस समारोह 21 नवम्बर को मनाया जाएगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं विशेष अतिथि के रूप में मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम श्री चेतन्य कुमार काश्यप के शामिल होना प्रस्तावित है। इस समारोह के अंत में मध्यप्रदेश राज्य के सांस्कृतिक कार्यकम बघेली लोक गायन, मटकी एवं पनिहारी लोक नृत्य होगा।

    भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला प्रत्येक वर्ष प्रगति मैदान, नई दिल्ली में दिनांक 14-27 नवम्बर के मध्य भारत व्यापार संवर्धन सगंठन (ITPO) के द्वारा आयोजित किया जाता है। इस वर्ष मेले का यह 44 वों संस्करण है। इस मेले में विभिन्न राज्य, केन्द्र शासित प्रदेश, भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के अलावा विभिन्न राष्ट्रों द्वारा भाग लिया जाता है। आम नागरिकों के लाभ के लिए राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं और भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तथा व्यापार, उद्योग एवं सेवाओं को बढावा देने का यह मेला एक मंच है। इससे "एक भारत श्रेष्ठ भारत" की थीम के अनुरूप भारत के विभिन्न राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में रहने वाले विविध संस्कृति के लोगों के बीच सक्रिय रूप से सम्पर्क, आपसी समझ और जुड़ाव को बढावा मिलेगा तथा भारत की एकता एवं अखण्डता मजबूत होगी। इससे स्वदेशीय वस्तुओं के निर्यात, अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन, निवेश को बढावा मिलेगा, जिससे अर्थव्यवस्था और अधिक विकसित होगी तथा उसे वैश्विक रूप प्राप्त होगा।

     

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नक्सली मुठभेड़ में शहीद हॉक फोर्स के निरीक्षक श्री शर्मा को दी श्रद्धांजलि

    भोपाल
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नक्सलियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए मध्यप्रदेश हॉक फोर्स के निरीक्षक श्री आशीष शर्मा को विनम्र श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निरीक्षक श्री शर्मा के परिजन के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सल उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान में निरीक्षक श्री शर्मा का सर्वोच्च बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने अभूतपूर्व वीरता और साहस का प्रदर्शन किया। हॉक फोर्स के निरीक्षक श्री शर्मा मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की संयुक्त टीम द्वारा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के जंगलों में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी ऑपरेशन में शामिल थे। उन्हें पूर्व में भी ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस, असाधारण बहादुरी प्रदर्शित करने के लिए भारत सरकार ने दो बार वीरता पदक से सम्मानित किया था।

     

  • एसआईआर कार्य के लिए प्रत्येक मतदाता के घर अनिवार्य रूप से जाएं बीएलओ

    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र श्री संजीव कुमार झा ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
    प्रदेश में चल रहे एसआईआर कार्य के बारे में कराया अवगत

    भोपाल 
    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र श्री संजीव कुमार झा ने बुधवार को निर्वाचन सदन भोपाल में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और प्रदेश में चल रहे एसआईआर कार्य के बारे में जानकारी दी। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने को लेकर चर्चा की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा ने कहा कि एसआईआर कार्य के लिए बीएलओ अपने मतदान केंद्र अंतर्गत आने वाले प्रत्येक मतदाता के घर जाएंगे और मतदाता का भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रमण आधारित सत्यापन से न केवल नई मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया मजबूत होगी, बल्कि त्रुटियों में भी सुधार होगा।

    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र श्री झा ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आग्रह किया है। जिससे मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटि रहित बनाया जा सके। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सुझाव प्राप्त किए। साथ ही उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

    बैठक में आम आदमी पार्टी से श्री सुमित सिंह चौहान, बहुजन समाज पार्टी से श्री सीएल चौहान, भारतीय जनता पार्टी से श्री भगवान दास सबनानी, श्री रजनीश अग्रवाल, श्री एसएस उप्पल, कांग्रेस श्री सज्जन सिंह वर्मा, श्री जेपी धनोपिया, श्री ललित सेन, सीपीआई मार्स्कसिस्ट श्री वीवी रामचंद्रन, श्री पूषन भट्‌टाचार्य उपस्थित रहे। 

  • विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना को बढ़ाने के लिये होगा एनसीसी का विस्तार

    स्कूल शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई एसएसी की मीटिंग

    भोपाल 
    स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि प्रदेश के स्कूलों में नेशनल केडेट कोर (एनसीसी) के विस्तार के लिये ठोस पहल की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 एनसीसी ट्रेनिंग अकादमी की स्थापना में स्कूल शिक्षा विभाग हर संभव मदद करेगा। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह मंत्रालय में बुधवार को एनसीसी राज्य सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

    बैठक में बताया गया कि भोपाल, जबलपुर और सागर में बनने वाली ट्रेनिंग अकादमी को भूमि का आवंटन हो चुका है। प्रदेश में एनसीसी के विस्तार के लिये राज्य शासन की सैद्धांतिक सहमति प्राप्त किये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। सहमति मिलने पर 20 हजार 320 केडेटों की संख्या में वृद्धि होगी। वर्तमान में 77 हजार केडिट्स को प्रशिक्षण दिये जाने की व्यवस्था है।

    बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 45 एनसीसी यूनिट में से केवल एक यूनिट एनसीसी सागर का संचालनालय कौशल विकास जबलपुर द्वारा किया जा रहा है। इस बटालियन को एनसीसी संचालनालय में हस्तांतरित किये जाने की आवश्यकता है। बैठक में बताया गया कि राज्य शासन को एनसीसी केडेट को दिये जाने वाले भत्तों में वृद्धि का प्रस्ताव मंजूर हो चुका है। इससे केडेट्स को ट्रेनिंग के दौरान सुविधा हो रही है।

    बैठक में सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल, आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती शिल्पा गुप्ता, एनसीसी के अपर महानिदेशक श्री विक्रांत एम. डुमणे, उप महानिदेशक श्री रजनीश सिंह गौर और संचालक एनसीसी श्री आलोक श्रीवास्तव मौजूद थे।

     

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ल्ड बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर सुश्री वंदना ठाकुर को दी बधाई

    भोपाल
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंडोनेशिया में वर्ल्ड बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप्स 2025 में स्वर्ण पदक अर्जित करने पर इंदौर निवासी सुश्री वंदना ठाकुर को हार्दिक बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सुश्री ठाकुर ने प्रतियोगिता के 55 प्लस किलोग्राम वर्ग में इतिहास रचते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सुश्री ठाकुर की यह उपलब्धि प्रदेशवासियों और खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

     

  • अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह समापन समारोह 20 नवंबर को

    सहकारिता मंत्री श्री सारंग होंगे शामिल

    भोपाल 
    सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग गुरूवार 20 नवंबर को 72वाँ अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसमें "परिचालन दक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता के लिये डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने" विषय पर चर्चा होगी। यह समारोह अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के मद्देनजर आयोजित किया जा रहा है।

    अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने बताया कि समापन समारोह समन्वय भवन, अपेक्स बैंक, भोपाल में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस राज्य स्तरीय आयोजन में मध्यप्रदेश की सभी प्रादेशिक सहकारी संस्थाओं एवं सहकारी बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। 

  • देश के लिए कुर्बान: नक्सल ऑपरेशन में नरसिंहपुर के बहादुर इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद

    नरसिंहपुर/बोहानी
    छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बोरतलाव थाना क्षेत्र में हुई एक भीषण नक्सली मुठभेड़ में, नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील के बोहानी गांव के निवासी और मध्यप्रदेश हॉक फ़ोर्स के जाँबाज इंस्पेक्टर आशीष शर्मा वीरगति को प्राप्त हो गए हैं।

    उनकी शहादत ने पूरे क्षेत्र को शोक संतप्त कर दिया है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र पुलिस की एक संयुक्त सर्चिंग टीम बुधवार सुबह सीमावर्ती इलाक़े में नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी, जहां तीनों राज्यों के बॉर्डर पर स्थित बोरतलाव क्षेत्र में करीब 25 से 30 नक्सलियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी।  
    जैसे ही संयुक्त सर्चिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची, नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया है कि इंस्पेक्टर आशीष शर्मा उस समय तीनों टीमों का नेतृत्व कर रहे थे, और इसी फायरिंग की जद में आने से उन्हें गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल आशीष शर्मा को तत्काल डोंगरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

    वर्ष 2016 में उनका चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हुआ था, हालांकि इससे पहले वह इंटेलिजेंस में आरक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके थे। नक्सल विरोधी अभियानों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उन्हें आउट ऑफ टर्न प्रमोशन मिला था, और उनकी बहादुरी के लिए उन्हें पिछले दो सालों में भारत सरकार की ओर से दो वीरता पदक से भी सम्मानित किया जा चुका था।

    परिजनों और पारिवारिक मित्रों ने बताया कि उनकी शादी आगामी जनवरी 2026 में होने वाली थी, लेकिन देशसेवा में दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शहादत की सूचना मिलते ही, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) एवं स्थानीय विधायक ने तत्काल शहीद के निवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को संवेदनाएं प्रदान कीं।

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर इंस्पेक्टर आशीष को श्रद्धांजलि अर्पित की, और लिखा कि उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्रीय नक्सल उन्मूलन अभियान में सदैव अविस्मरणीय रहेगा तथा उन्होंने नरसिंहपुर जिले के गौरवशाली इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कर दिया है।

  • रतलाम में सर्वे टीम बनी हिंसा का निशाना, अधिकारियों पर बरसाए पत्थर; पुलिस ने दो को पकड़ा

    रतलाम
    सैलाना विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण) कार्य का निरीक्षण करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अज्ञात बदमाशों ने पत्थरों से हमला कर दिया। घटना रावटी थाना क्षेत्र के जुलवानिया पंचायत के अधरशिला गांव हुई।

    हमले में नायब तहसीलदार रामकलेश साकेत और बीएलओ विक्रम सिंह राठौड़ घायल हुए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना के बाद एडीएम शालिनी श्रीवास्तव और एएसपी राकेश खाखा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली।

    पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों की पहचान कर दो आरोपितों ग्राम उमर निवासी 28 वर्षीय सायसिंह पुत्र रायसिंह गामड और ढोल फंटा ग्राम उमर निवासी 55 वर्षीय बापू ताड़ पुत्र बज्या ताड़ को गिरफ्तार किया है। तीसरा आरोपित 31 वर्षीय शोकसिंह पुत्र रायसिंह गामड़ की तलाश पुलिस के रही है।
     
    नायब तहसीलदार रामकलेश साकेत के साथ गए पटवारी बाबूलाल मुनिया ने बताया कि वे अधरशिला गांव की नहर पुलिया के पास बीएलओ विक्रमसिंह और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से एसआईआर कार्य की जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग, जो नशे की हालत में थे, मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने टीम से पूछा कि रोड पर क्यों खड़े हो और पथराव शुरू कर दिया।

    पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, आरोपितों की जारी है तलाश
    सूचना मिलते ही रावटी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को पहले रावटी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें मेडिकल कालेज भेजा गया। सैलाना एसडीएम तरुण कुमार जैन ने बताया कि नायब तहसीलदार और बीएलओ निर्वाचन संबंधी एसआईआर कार्य के निरीक्षण पर गए थे। वहीं तीन शरारती तत्वों ने बिना किसी कारण हमला कर दिया। दोनों अधिकारियों को चोटें आई हैं। पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।