• मोहन यादव-कांग्रेस नेता के बीच नया रिश्ता पक्का, जानें कब होगी शादी

    उज्जैन 
    मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेटे डॉ अभिमन्यु यादव के बेटे शादी कांग्रेस के दिग्गज नेता की भतीजी से होने जा रही है। उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मलेन दोनों का विवाह होगा। जिसके लिए दो होटल भी बुक किए गए हैं।

    कांग्रेस के दिग्गज नेता की भतीजी
    पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव की भतीजी की डॉ इशिता के साथ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेटे डॉ अभिमन्यु की शादी होगी। बता दें कि, पूर्व डिप्टी सीएम स्व. सुभाष यादव, दिनेश यादव के मौसा हैं। अरूण यादव और दिनेश यादव मौसरे भाई हैं। साथ ही सीएम की बेटी डॉ. आकांक्षा यादव दिनेश यादव की बहू है। अब दिनेश यादव की बेटी इशिता डॉ. मोहन यादव के परिवार की बहू बनने जा रही हैं।
     
    30 नवंबर को होगी शादी
    अभिमन्यु-इशिता की शादी 30 नवंबर को अथर्व होटल के पास स्थित मैदान में होगी। शादी कार्यक्रम में कई वीवीआईपी के पहुंचने की संभावना है। दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार, मंत्री, वरिष्ठ अफसर और पार्टी के प्रमुख के नेता। बताया जा रहा है डॉ मोहन यादव 26 नवंबर को उज्जैन पहुंच जाएंगे। अभिमन्यु-इशिता की शादी पर 5 दिन का कार्यक्रम होगा। जो कि 26 नवंबर से शुरु होगा। उस दिन वीआईपी आवास पर गणेश पूजन होगा। 27 को वीआईपी आवास पर हल्दी, 27 को वीआईपी आवास पर मेंहदी, 28 को गीता कॉलोनी स्थित निवास में माता पूजन, 29 अथर्व होटल में महिला संगीत, 30 की शाम अथर्व होटल में रिसेप्शन होगा।

    बता दें कि, सीएम डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव की सगाई तकरीबन पांच महीने पहले खरगोन के किसान दिनेश यादव की बेटी से हुई थी। अभिमन्यु राजधानी भोपाल के एलएनसीटी मेडिकल कॉलेज में मास्टर्स इन सर्जरी कर रहे हैं। वहीं, डॉ इशिता एमबीबीएस के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं।

  • बीजेपी ने लिया बड़ा फैसला, एमपी की नेत्री को 6 वर्ष के लिए पार्टी से बाहर किया

    सागर
    मध्यप्रदेश में भाजपा पार्टी ने बड़ा एक्शन लेते हुए एक बीजेपी नेत्री को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। मामला सागर जिले के है जहां देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा जैन और उनके पति अलकेश जैन को भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश के बाद जिलाध्यक्ष ने नेहा जैन व उनके पति अलकेश जैन के निष्कासन का आदेश जारी कर दिया है।

    बीजेपी नेत्री 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
    नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन और उनके पति अलकेश जैन को पार्टी से निष्कासित किए जाने का जो आदेश जारी किया गया है उसमें लिका है कि विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान आपके और आपके पति ने भाजपा के प्रत्याशी बृजबिहारी पटेरिया का सीधा विरोध किया था और पार्टी संगठन के पास इसकी शिकायत व प्रमाण मौजूद हैं। आपके द्वारा इस संबंध में जवाब मांगा गया था जो कि आपके द्वारा जवाब दिया गया लेकिन वो भी संतोषजनक नहीं है इसलिए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार आप दोनों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।

    कांग्रेस पार्षद को PIC में किया शामिल
    बता दें कि नेहा जैन पर कांग्रेस पार्षद त्रिवेंद्र जाट को पीआईसी में शामिल करने का भी आरोप था। इस संबंध में भी उनसे पार्टी ने जवाब मांगा था। जिसके जवाब में नेहा जैन ने कहा कि पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने 25 मार्च 2023 को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है जो कि तथ्यहीन है। क्योंकि त्रिवेंद्र जाट सभी भाजपा विरोधी कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय रहे हैं जो कि आज तक जारी है। जिसके प्रमाण स्वरूप इनके सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रमाणित हैं।

  • रीवा-इंदौर के बीच पहली फ्लाइट शुरू, यात्रियों को मिलेगा तेज और आरामदायक सफर

    रीवा 
    मध्यप्रदेश के विंध्य में हवाई सेवाओं का विस्तार लगातार जारी है। रीवा-दिल्ली उड़ान शुरु होने के बाद अब रीवा-इंदौर के बीच सीधी फ्लाइट 22 दिसंबर से शुरु होने जा रही है। जल्द ही इंडिगो एयरलाइंस उड़ान का शेड्यूल जारी करेगा।

    इन इलाकों को पहुंचेगा फायदा
    रीवा-इंदौर के बीच फ्लाइट शुरु होने से रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मैहर, मऊगंज, पन्ना के यात्रियों को फायदा मिलेगा। जिससे इंदौर की दूरी कम समय में तय हो सकेगी। अभी ट्रेन से इंदौर जाने के लिए कम से कम 15-16 घंटे का समय लग जाता है।

    ऐसा रहेगा शेड्यूल
    इंडिगो की रीवा-इंदौर फ्लाइट, इंदौर से सुबह 11:30 उड़ान भरेगी। जो कि रीवा दोपहर 1:15 पर पहुंचेगी। रीवा से फ्लाइट का उड़ान भरने का समय दोपहर 1:35 रहेगा। इंदौर में इसकी लैंडिंग दोपहर 3:20 पर होगी। हालांकि, अभी इंडिगो की वेबसाइट पर ऑफिशियल शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। जिसकी संभावना दिसंबर के पहले सप्ताह में है।

    रीवा एयरपोर्ट के डायरेक्टर योगेंद्र राजक ने बताया कि रीवा-दिल्ली लाइट को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और रीवा-इंदौर के लिए भी काफी इनक्वायरी थीं। इंडिगो एयरलाइंस के विमान में यात्रियों को सुगम सफर और उत्कृष्ट हॉस्पिटैलिटी की सुविधा मिलेगी।
     
    1040 करोड़ के फोरलेन का काम हुआ शुरू, कम होगी MP से यूपी की दूरी
    बता दें कि, रीवा एयरपोर्ट से 10 नवंबर को शुरू हुई रीवा-दिल्ली सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित हो रही है। रीवा-इंदौर लाइट शुरू होने के बाद एयरपोर्ट से कुल तीन लाइटें संचालित होंगी, जिससे विंध्य क्षेत्र की हवाई सुविधा और मजबूत होगी। 

  • CM मोहन यादव और धीरेंद्र शास्त्री का सरल अंदाज़, हाईवे पर बैठकर भोजन का वीडियो वायरल

    भोपाल 
    इंटरनेशनल कथावाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2.0 का रविवार को समापन हो रहा है। इस यात्रा ने शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मथुरा पहुंचे। इस दौरान सीएम ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर बैठकर धीरेंद्र शास्त्री के साथ खाना खाया।

    वृंदावन में समाप्त होगी यात्रा
    धीरेंद्र शास्त्री सनातन हिंदू एकता पदयात्रा 2.0 का समापन आज वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर में होगा। इससे पहले चार धाम के पास ही सनातन सभा का आयोजन किया गया है। जिसमें रामभद्राचार्य महाराज, पुंडरीक महाराज, इंद्रेश उपाध्याय, देवकीनन्दन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में संत महात्मा मंच पर मौजूद हैं। 15 एकड़ के बड़े ग्राउंड में पदयात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

    स्वामी रामभद्राचार्य बोले- हिन्दू एकता पदयात्रा निकालेंगे
    जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने सनातन सभा में कहा कि जल्द दिल्ली से कश्मीर तक हिन्दू एकता पदयात्रा निकालेंगे। मैं पूरा समय दूंगा, अभी तक हम सो रहे थे तो विधर्मी हमारा अपमान कर रहे थे, लेकिन अब हिन्दू जग गया है। बहुत दिनों हम लोगों ने ओम शांति किया लेकिन अब ओम क्रांति ओम क्रांति कर रहे हैं। आगे जगद्गुरु ने कहा कि हम चाहते हैं कि समान नागरिक संहिता लाई जाए। ये भेड़ों की तरह 25-25 बच्चे पैदा कर रहे हैं। सारे हिंदुओं को जागरूक होने की जरूरत है। जो भी हिंदू बनना चाहेंगे। उन्हें हिंदू बनाएंगे और सुरक्षा मुहैया कराएंगे।
     
    10 दिवसीय यात्रा का समापन
    पंडित धीरेंद्र शास्त्री की 10 दिवसीय पदयात्रा 7 से 16 नवंबर तक तीन राज्यों से होकर गुजरी। जिसमें लाखों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना, हिंदुओं में एकता स्थापित करना समेत कई संकल्पों को लेकर चलना था। 

  • एमपी में मेगा इन्वेस्टमेंट मीट: 10 आसियान देश जुड़ेंगे औद्योगिक सहयोग की नई संभावनाओं पर बातचीत

    भोपाल  
    ASEAN- मध्यप्रदेश में निवेश के लिए कवायदों का दौर जारी है। इसके लिए 19 नवंबर को एक बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। होटल कोर्टयार्ड मैरियट में ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेमिनार में आयोजित किया गया है जिसमें राज्य के उद्योगपति, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और प्रमुख निवेशक शामिल होंगे। यहां मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास, इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक नेटवर्क और निवेश-अनुकूल नीतियों की प्रस्तुति दी जाएगी। खास बात यह है कि सेमिनार में आसियान देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। वे मध्यप्रदेश के साथ औद्योगिक सहयोग पर चर्चा करेंगे।

    आसियान देशों के उच्चस्तरीय राजनयिकों का एक प्रतिनिधिमंडल एमपी का दौरा कर रहा है। 18 से 20 नवंबर तक के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान ये प्रतिनिधि कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मध्यप्रदेश और आसियान देशों के बीच आर्थिक, औद्योगिक, निवेश के साथ ही सांस्कृतिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 10 देशों के ये प्रतिनिधि भोपाल में राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।

    पहले दिन ही सीएम से औद्योगिक सहयोग पर चर्चा
    आसियान देशों का प्रतिनिधिमंडल पहले ही दिन 18 नवंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेगा। राज्य सरकार के निवेश-अनुकूल वातावरण, औद्योगिक नीति और आसियान देशों के साथ साझेदारी पर केंद्रित चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक परिदृश्य, आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, एग्री-प्रोसेसिंग, पर्यटन और नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें रात्रिभोज में दिया जाएगा जिसमें दोनों पक्षों के बीच आपसी सहयोग और आर्थिक संबंधों को सुदृढ़ करने पर भी चर्चा होगी।
     
    राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट और निवेश संगोष्ठी में सहभागिता
    आसियान प्रतिनिधिमंडल 19 नवंबर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट करेगा। इसके बाद प्रतिनिधि होटल कोर्टयार्ड मैरियट में आयोजित ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेमिनार में शिरकत करेंगे। इस सेमिनार में राज्य के उद्योगपति, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और प्रमुख निवेशक भी शामिल होंगे। यहां एमपी के औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचनाओं, लॉजिस्टिक नेटवर्क और निवेश-अनुकूल नीतियों के बारे में बताया जाएगा।
     
    आसियान देशों के प्रतिनिधि 19 नवंबर को एमपी के विश्व प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण करेंगे। इनमें सांची और भीमबेटका जैसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची के स्थल भी शामिल हैं। इस प्रकार प्रतिनिधि, एमपी की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा, बौद्ध कला और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हो सकेंगे। 20 नवंबर को ये प्रतिनिधि भोपाल के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय और जनजातीय संग्रहालय भी जाएंगे।

    बता दें कि अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, मजबूत औद्योगिक आधार, निवेश-अनुकूल नीतियों और तेजी से विकसित होते बुनियादी ढांचे से मध्यप्रदेश, आसियान देशों के लिए आकर्षक निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के अनुरूप कार्य कर रही है, जिसके माध्यम से भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच आर्थिक, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत किया जा रहा है।

    क्या है आसियान
    आसियान (एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशन्स) दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का एक क्षेत्रीय संगठन है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, सुरक्षा, सांस्कृतिक संबंध और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करना है।

    आसियान में ये 10 देश
    आसियान में 10 देश हैं। इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस, वियतनाम, म्यांमार, कम्बोडिया,लाओस और ब्रुनेई इस संगठन के सदस्य हैं।

  • एमपी में उद्योगों को बढ़ावा: 8 हजार करोड़ का निवेश, 4300 युवाओं को नौकरी का मौका

    शाजापुर 
    मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविवार को शाजापुर जिले के मक्सी पहुंचे। यहां पर उन्होंने 8,174 करोड़ रुपए की छह औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। साथ ही किसानों 80 हजार किसानों के खाते में सोयाबीन की राहत राशि भी ट्रांसफर की।

    4300 लोगों को मिलेगा रोजगार
    सीएम डॉ मोहन यादव ने मक्सी के पास बरंडवा में जैक्सन ग्रुप के 8 हजार करोड़ से अधिक के मेगा सोलर मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया। यह प्लांट 44 हेक्टेयर में बनेगा। जो कि मक्सी औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के दोनों चरणों में सोलर मॉड्यूल, सोलर सेल, इंगॉट और वेफर का उत्पादन किया जाएगा। जिससे 4300 से अधिक युवाओं को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम जो कह रहे हैं, वह करके दिखा रहे हैं। लगातार युवाओं को रोजगार दिलाने, गरीबी दूर करने का काम हम कर रहे हैं।

    कांग्रेस पर साधा निशाना
    सीएम डॉ मोहन यादव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक कांग्रेस से इनकी विदाई नहीं होगी, कांग्रेस का कलंक मिटने वाला नहीं है। कांग्रेस में फूट दिख रही है। उन्हें अपने हाल पर छोड़ते हैं। आगे उन्होंने कहा कि सुन लो कांग्रेसी, तुमको जो करना है करो। हम गीता जयंती भी धूमधाम से मनाने वाले हैं। 

  • उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा- रीवा में खेलों के कई बड़े आयोजन होते रहे हैं

    स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल का पुत्र होने से मुझे मिली प्रतिष्ठा

    भोपाल 
    उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में खेलों के कई बड़े आयोजन होते रहे हैं। यहाँ के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा की चमक दिखाई है। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। खेलों से हमें प्रतिस्पर्धा और सहयोग की प्रेरणा मिलती है। खेलों में शामिल होने के साथ अच्छी खेल प्रतियोगिता को देखना भी बड़ा आनंददायक होता है। राष्ट्रीय एकता मंच ने 10 से 16 नवम्बर तक क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया। स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल के लिए जो हम लोग नहीं कर पाए उसे आयोजन समिति ने करके दिखा दिया।

    उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल का पुत्र होने पर मुझे गौरव का अनुभव होता है। मैं यदि उनका पुत्र नहीं होता तो मैं जहाँ पर हूँ वहाँ शायद नहीं होता। मेरे पिताजी के सामाजिक कार्यों और जनता की सेवा ने उन्हें यशस्वी बनाया। उनके नाम के साथ जुड़ा होने से मुझे भी बहुत प्रतिष्ठा और यश मिला। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यहाँ फ्लड लाइट की सुविधा शीघ्र दी जाएगी जिससे रात में भी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सके। विधायक जी गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह के प्रयासों से 1983 में रीवा में इसी स्टेडियम में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच रणजी ट्राफी प्रतियोगिता का मैच खेला गया था। अब रीवा में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स तथा अन्य स्टेडियम के रूप में खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। बड़ी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से विन्ध्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। समारोह में विधायक श्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मैं सभी आयोजकों को बधाई देता हूं। खेल संयम और नियम का परिचायक होते हैं। सभी प्रतियोगिताएं खेल भावना से खेली जानी चाहिए। स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल ने सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि खेल भावना से प्रतियोगिता में शामिल होने पर सफलता मिलती है। खेल हमें जीवन के संघर्ष में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। आभार प्रदर्शन नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने किया।

    प्रतियोगिता का फाइनल मैच उड़ीसा और नोएडा के बीच खेला गया। रोमांचक मैच में उड़ीसा की टीम ने विजय प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री तथा विधायक गुढ़ ने विजेता टीम को 10 लाख रुपए तथा ट्राफी प्रदान की। उप विजेता रेड डेविल्स नोएडा को 5 लाख रुपए तथा ट्राफी प्रदान की गई। समारोह में खिलाड़ियों और निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, श्री राजगोपाल मिश्रचारी, श्री मुकेश श्रीवास्तव तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

     

  • बढ़ती शीतलहर के बीच बड़ा फैसला: दो जिलों के स्कूलों का समय बदला, तुर्क आदेश जारी

    छिंदवाड़ा 
    मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड में दस्तक दे दी है। जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कई जिलों में तो स्कूल के समय में बदलाव कर दिया है। मगर, कई जिलों में कलेक्टर ने स्कूल के समय में बदलाव करने के कोई आदेश जारी नहीं किए।

    छिंदवाड़ा में स्कूलों के समय में परिवर्तन
    छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेन्द्र नारायण के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी शासकीय/अशासकीय विद्यालयों का संचालन सुबह 8:30 बजे से पहले नहीं करने का आदेश जारी किया है।

    उमरिया में बदला स्कूलों का समय
    उमरिया जिले में बढ़ती ठंड के कारण स्कूलों के समय में परिवर्त किया गया है। कलेक्टर अभय सिंह ने इसके संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। 17 नवंबर से प्री-प्राइमरी के कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूल सुबह 9 बजे से संचालित होंगे।

    सतना में 14 नवबंर को जारी हुए थे आदेश
    सतना में 14 नवम्बर को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए जिले अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, आईसीएसई, सीबीएसई तथा अन्य मान्यता प्राप्त समस्त विद्यालयों की नर्सरी से कक्षा 8वीं तक समस्त स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। स्कूल सुबह 9 बजे से लगेंगे।

  • भोपाल में राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 18 नवम्बर से

    विभिन्न प्रदेशों के 900 विद्यार्थी एवं शिक्षक विज्ञान मॉडल का करेंगे प्रदर्शन

    भोपाल 
    भोपाल में 18 नवम्बर से 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, श्यामला हिल्स, भोपाल में किया जा रहा है। प्रदर्शनी के आयोजन में स्कूल शिक्षा विभाग सहभागिता कर रहा है। प्रदर्शनी में 35 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 विद्यार्थी एवं शिक्षक विज्ञान पर केन्द्रित प्रोजेक्ट एवं मॉडल प्रदर्शित करेंगे।

    कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना और वैज्ञानिक विचार विकसित करना है। इस कार्यक्रम में देश के समस्त प्रदेश एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली विद्यार्थी शामिल होंगे। बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से विभिन्न वैज्ञानिक संस्थाओं जैसे आंचलिक विज्ञान केन्द्र, आईसर, मैनिट, आईसेक्ट एवं ग्लोबल स्किल पार्क के वैज्ञानिक सहभागी विद्यार्थियों के साथ वैज्ञानिक वार्ता में विशेष व्याख्यान देंगे। इसके बाद 30 मिनट विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तरी भी होगी।

    प्रदर्शनी में शाम को प्रतिदिन विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। विभिन्न राज्यों से आये विद्यार्थियों को राजधानी भोपाल के आसपास ऐतिहासिक स्थलों, संग्रहालयों, विज्ञान केन्द्र, शिल्प केन्द्र आदि का भ्रमण भी कराया जायेगा। भोपाल में 6 दिवसीय प्रदर्शनी का समापन 23 नवम्बर को दोपहर 3:30 बजे होगा।

     

  • एसआईआर के कार्य को गंभीरता के साथ चुनावी मोड पर करें: आयोग निदेशक श्रीमती सक्सेना

    भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती सक्सेना और सचिव श्री विनोद कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ की बैठक
    जल्द से जल्द डिजिटलाइजेशन का कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

    भोपाल 
    भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना एवं सचिव श्री विनोद कुमार ने रविवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों और अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी बने नगर निगम के कमिश्नर के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के प्रगति की जिलेवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना ने कहा कि एसआईआर के कार्य को सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंभीरता से लें। चुनावी मोड पर कार्य करें। लापरवाही न करें। बैठक के दौरान आयोग की निदेशक श्रीमती सक्सेना ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को बांटे जा रहे गणना पत्रक, मैपिंग और डिजिटलाइजेशन के कार्य की समीक्षा की और बेहतर कार्य करने वाले जिलों की प्रशंसा की। सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी कमिश्नर नगर पालिक निगम को जल्द से जल्द डिजिटलाइजेशन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी जिले कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। प्रत्येक दिन बीएलओ के कार्य की समीक्षा करें और बीएलओ से स्वयं संवाद करें एवं कार्य में आ रही कठिनाइयों का त्वरित निदान करें। सहयोग के लिए वालेंटियर्स को लगाएं। कलेक्टर मैदानी स्तर पर जाकर एसआईआर कार्य की प्रगति देखें। आयोग द्वारा प्रतिदिन आपके कार्य की निगरानी और समीक्षा की जा रही है।

    मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने सभी कलेक्टर्स को जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाकर प्रतिदिन समीक्षा और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 10% से अधिक गणना पत्रक के डिजिटलाइजेशन के कार्य का लक्ष्य तय करें। एक सप्ताह के अंदर सभी कार्य पूरा करें। बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजय श्रीवास्तव, श्रीमती सुरभि तिवारी, श्री राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

     

  • गौ-अभयारण्य के विकास से जुड़े निर्माण कार्य समय पर पूरा करें: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

    बसामन मामा गौ-अभयारण्य का किया भ्रमण

    भोपाल 
    उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौ-अभयारण्य का भ्रमण किया और गौ-अभयारण्य में गायों की सेवा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौवंश की सेवा करते हुए गायों को गुड़ और चना खिलाया तथा गौ पूजा की। गौशाला के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बसामन मामा गौ-अभयारण्य प्रदेश का पहला गौ-अभयारण्य है। इसमें लगभग आठ हजार गौवंश को आश्रय दिया गया है। इसके विकास से जुड़े निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूरे कराएं।

    उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल नेकहा कि गौ-अभयारण्य निराश्रित और असहाय गायों को आश्रय देने के साथ गोबर से खाद तथा अन्य उत्पाद बनाने के केन्द्र के रूप में भी विकसित हो रहा है। गायों को ठंड से बचाने के लिए भी समुचित प्रबंध करें। पशु चिकित्सक नियमित रूप से गायों के स्वास्थ्य की जाँच करें। बैठक में पूर्व विधायक श्री के.पी. त्रिपाठी, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक डॉ. राजेश मिश्रा तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • जनसंपर्क विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन

    विश्वसनीयता मीडिया की सबसे बड़ी ताकत

    रायपुर
    राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर आज जनसंपर्क संचालनालय में  विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस विचार गोष्ठी में संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

    वरिष्ठ संपादक जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग अपने हितों को सुरक्षित रखने के लिए भ्रामक सूचनाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ एक ही तरह की भ्रामक सामग्री को भेजते हैं, जिससे उसका एल्गोरिदम बढ़ जाता है और पाठक भ्रमित होकर उसे सच मान बैठता है। उन्होंने दिल्ली मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीधरन जी जब भी मेट्रो में किसी तरह की रूकावट आती थी तब तुरंत ही सूचना प्रचार माध्यमों में समाचार जारी कर तकनीकी त्रुटि को ठीक करने में लगने वाला संभावित समय भी बता देते थे। जब सही और गुणवत्तापूर्ण सूचनाएं आगे बढ़ती हैं तो भ्रामक सूचनाएं ठहर नहीं पाती। 

    संपादक श्री रवि भोई ने कहा कि खबरों की सच्चाई अहम है इससे समझौता नहीं करना चाहिए। भले ही समय लगता हो लेकिन पुष्टि के पश्चात ही खबरे प्रसारित करना चाहिए। संपादक श्री एएन द्विवेदी ने कहा कि सूचनाओं की गुणवत्ता और उनके प्रसारण से पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर बेहद गंभीरता बरतते हुए इन्हें जनसामान्य को प्रेषित किया जाना चाहिए। इसमें छोटी चूक भी बड़ी दुर्घटना का रूप ले लेती है। वरिष्ठ पत्रकार श्री अशोक साहू ने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता के मानदंडों पर यदि काम किया जाए तो किसी तरह की भ्रामक सूचना जाने की आशंका नहीं रहती। 

    अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता लोकतंत्र का आधार स्तंभ है, इसे किसी भी कीमत पर बनाए रखना जरूरी है। मीडिया को तकनीकी बदलाव के चलते तेजी से फैलती गलत सूचनाओं पर अपनी जिम्मेदारी के साथ-साथ सतर्कता बरतनी होगी। 

    अपर संचालक श्री आलोक देव ने कहा कि मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है उसकी विश्वसनीयता। मीडिया सिर्फ खबरे नहीं देता, प्रेस मार्गदर्शन करता है, संदेह दूर करता है और विश्वास का निर्माण करता है। उप संचालक श्री सौरभ शर्मा ने कहा कि आज का दौर एआई का है ऐसे समय में गलत सूचनाओं का एल्गोरिथम बढ़ने से व्यापक रूप से हमारे बीच पहुंचता है। हमें ऐसी सूचनाओं को जांच-परख कर ही प्रसारित करना चाहिए। कार्यक्रम में अरविन्द मिश्रा सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनसंपर्क विभाग के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

  • मध्यप्रदेश के पहले 132 के.व्ही. सबस्टेशन ज्योति नगर उज्जैन ने पूरे किए 65 वर्ष

    पांच सिंहस्थ सहित शहर को दी निर्बाध विद्युत आपूर्तिः छठे सिंहस्थ के लिये भी तैयार

    भोपाल 
    ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि उज्जैन की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को देखते हुए सिंहस्थ-2028 के लिए शहर की विद्युत पारेषण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक और विश्वसनीय बनाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। मध्यप्रदेश में सबसे पहले स्थापित 132 के.वी. सबस्टेशन — "ज्योति नगर उज्जैन'' के अपनी गौरवशाली यात्रा के 65 वर्ष पूर्ण करने पर इस सब स्टेशन को सिंहस्थ 28 के लिए विशेष तौर पर तैयार किया जा रहा है । ॥। वर्ष 1960 में प्रारंभ हुआ यह सब स्टेशन राज्य के ट्रांसमिशन नेटवर्क के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। यह न केवल उज्जैन की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं का सशक्त आधार रहा है, बल्कि प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क की नींव रखने वाले प्रमुख केंद्रों में से एक है। इस सब स्टेशन ने विगत पांच सिंहस्थ में उज्जैन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रदान कर अपनी तकनीकी दक्षता और विश्वसनीयता सिद्ध की है तथा अब आगामी छठे सिंहस्थ 2028 के लिए भी पूरी तरह तैयार है।

    सिंहस्थ सर्वोच्च प्राथमिकता में
    ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में एम.पी. ट्रांसको सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उज्जैन के इस ऐतिहासिक पहले 132 के.वी. सबस्टेशन का तकनीकी उन्नयन, आधुनिकीकरण और रखरखाव निरंतर किया जा रहा है जिससे सिंहस्थ के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रहे।

    1960 से सतत क्रियाशील
    17 नवंबर 1960 मे स्थापना के समय इस सब स्टेशन पर 132/66/11 के.वी. 30 एम.वी.ए. क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर एवं 132/33 के.वी. 20 एम.वी.ए. क्षमता का एक ट्रांसफॉर्मर स्थापित था। क्षेत्र में वोल्टेज स्थिरीकरण के उद्देश्य से वर्ष 1967 में 30 एम.वी.ए.आर. क्षमता का मित्सुबिशी (जापान) निर्मित कंडेंसर लगाया गया, जो वर्ष 2004 तक कार्यरत रहा।

    आरंभिक वर्षों में इस सबस्टेशन को गांधीसागर जल विद्युत संयंत्र से सीधे 132 के.वी. फीडर द्वारा विद्युत आपूर्ति प्राप्त होती थी। इसके माध्यम से उस समय की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों — विनोद मिल, इसको स्टेंट इंडस्ट्रीज़ इंदौर, टेक्सटाइल यूनिट्स, पाइप फैक्टरी उज्जैन तथा नगर क्षेत्र को विद्युत प्रदाय किया जाता था।

    खेडापति फीडर के माध्यम से होती रही है सिंहस्थ मे विद्युत आपूर्ति
    इस सबस्टेशन से 66 के.वी. फीडर के माध्यम से नागदा ग्रेसीम सहित नागदा क्षेत्र को तथा 33 के.वी. फीडर द्वारा राजगढ़, सरदारपुर, बड़नगर एवं बदनावर क्षेत्रों को भी विद्युत आपूर्ति की जाती रही है। विशेष रूप से 33 के.वी. खेड़ापति फीडर के माध्यम से सिंहस्थ क्षेत्र एवं उज्जैन कमिश्नरी सहित नगर जलापूर्ति के लिये विद्युत प्रदाय होता रहा है।

    वर्तमान में इस सबस्टेशन की कुल स्थापित क्षमता 103 एम.वी.ए. (63 एम.वी.ए. + 40 एम.वी.ए.) है। 132 के.वी. सबस्टेशन ज्योति नगर आज भी उज्जैन शहर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का एक अभिन्न एवं ऐतिहासिक केंद्र है, जिसने दशकों से विश्वसनीयता, सेवा और निरंतरता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

     

  • राज्य में अवैध परिवहन किए जा रहे 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्त

    मार्कफेड ने जारी किए 1 से 16 नवंबर तक के आंकड़े

    रायपुर
    छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारम्भ होने के पूर्व से ही प्रदेश में अवैध परिवहन से आने वाले धान की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक नवंबर से 16 नवंबर तक लगभग 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इस बार मार्कफेड द्वारा राज्य में अवैध परिवहन के जरिए अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले धान को रोकने के लिए राज्य के सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट और कलेक्टर की अध्यक्षता में टॉस्कफोर्स भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही मार्कफेड में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की सतत् निगरानी की जा रही है। 

    मार्कफेड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले एक नवंबर से 16 नवंबर के अवधि में सीमावर्ती विभिन्न जिलों से छत्तीसगढ़ राज्य में अवैध परिवहन के माध्यम से आने वाले धान में सर्वाधिक महासमुंद जिले में 4266 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसी प्रकार बलरामपुर जिले में 4139 क्विंटल, सूरजपुर जिले में 1750 क्विंटल, रायगढ़ जिले में 1201 क्विंटल, जशपुर जिले में 1157 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 967 क्विंटल, कोण्डागांव जिले में 869 क्विंटल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 687 क्विंटल, राजनांदगांव 607 क्विंटल, मुंगेली में 490 क्विंटल, बलौदाबाजार में 386 क्विंटल, बिलासपुर में 273 क्विंटल, कोरिया में 253 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 250 क्विंटल, सरगुजा में 240 क्विंटल, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 228 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 220 क्विंटल, बस्तर जिले में 218 क्विंटल, सक्ती में 137 क्विंटल, सुकमा में 130 क्विंटल, बालोद में 123 क्विंटल, गरियाबंद में 122 क्विंटल, जांजगीर-चांपा में 119 क्विंटल, कवर्धा में 90 क्विंटल, कोरबा में 85 क्विंटल, रायपुर में 84 क्विंटल, धमतरी में 72 क्विंटल, नारायणपुर में 53 क्विंटल, दुर्ग में 38 क्विंटल, बेमेतरा में 32 क्विंटल, मोहला-मानपुर-चौकी में 27 क्विंटल धान जब्त किए गए हैं। 

    उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पूर्व प्रदेश में अवैध धान परिवहन और संग्रहण पर सख्त निगरानी जारी रखते हुए आज दो महत्वपूर्ण कार्रवाईयाँ की गईं। मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम से प्राप्त 600 बैग (231.5 क्विंटल) अवैध धान संबंधी अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोंडागांव जिले की टीम ने मौके पर पहुंचकर धान जप्त किया। सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ाए जाने और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम की बदौलत अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में प्रभावी सफलता मिल रही है।

    इसी क्रम में, रात्री गश्त के दौरान ग्राम त्रिशूली, थाना सनवाल क्षेत्र में अशोक सिंह पिता रामचरित्र के घर के बाहर बने शेड में दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 222 कट्टा धान पाया गया। विवाद की स्थिति को देखते हुए दिन में पुनः तहसीलदार रामचंद्रपुरपुर, थाना प्रभारी सनवाल, महिला पुलिस, तथा मंडी कर्मचारियों की मौजूदगी में विस्तृत जांच की गई और धान की विधिवत जप्ती की कार्रवाई पूरी की गई। शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता और अवैध गतिविधि को हर स्तर पर जीरो टॉलरेंस के साथ रोका जाएगा।

    खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्कफेड द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए एकीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। साथ ही अवैध परिवहन के माध्यम से राज्य में आने वाले धान को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है।

  • मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा किसानों की मोटर पंप चोरी पर बड़ी कार्रवाई

    सतना, राजगढ़ और खरगोन जिलों में सक्रिय गैंग का पर्दाफाश – कुल 22 मोटर पंप तथा अन्य संपत्ति जप्त

    भोपाल
    किसानों द्वारा सिंचाई कार्य के लिए उपयोग की जा रही मोटर पंप की चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पूरे प्रदेश में विशेष सतर्कता और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों ने त्वरित प्रभावी कार्रवाई करते हुए सक्रिय चोरी गिरोहों का पर्दाफाश किया तथा कुल 22 मोटर पंप और अन्य संपत्ति बरामद करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

    सतना जिला – 12 मोटर पंप बरामद
    थाना कोठी पुलिस ने लगातार हो रही मोटर पंप चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। घटनास्थलों की बारीकी से जांच, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर एक सक्रिय गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुल 12 मोटर पंप बरामद किए गए, जो किसी एक जिले में की गई सबसे बड़ी बरामदगी है।

    राजगढ़ जिला – 8 मोटर पंप और 1 मोटरसाइकिल जप्त
    राजगढ़ पुलिस ने किसानों की मोटर चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर 5 आरोपियो को गिरफ्तार कर चोरी गई 8 मोटरें और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

    खरगोन जिला – 2 मोटर पंप और 1 मोटरसाइकिल जप्त
    थाना करही पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मोटर पंप चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 2 मोटर पंप बरामद किये गये।

    मध्यप्रदेश पुलिस ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों में लगे मोटर पंपों की सुरक्षा के लिए उचित एहतियाती उपाय करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मध्यप्रदेश पुलिस किसानों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

     

  • धान खरीदी सीज़न में बारदानों में रहस्यमयी आग: कई केंद्रों में भारी नुकसान, संदेह गहरा रहा है

    जांजगीर-चांपा/कवर्धा

    छत्तीसगढ़ में धान खरीदी जारी है, इसी बीच दो अलग-अलग जिलों से बारदाना में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार चल रही खरीदी व्यवस्था के बीच हुई इन घटनाओं से हलचल मचा दी है। वहीं इस घटनाक्रम पर कांग्रेसी विधायक ब्यास कश्यप ने सरकार पर निशाना साधा है।

    40 गठान बारदाना जलकर राख
    पहली घटना जांजगीर-चांपा जिले की पामगढ़ थाना क्षेत्र के लगरा सेवा सहकारी समिति की है। यहां धान खरीदी केंद्र के सामने चबूतरे में रखे 40 गठान नए बारदाने में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण बारदाना जलकर राख हो गया और करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

    बताया जा रहा है कि बारदाना को एक दिन पहले ही प्राधिकृत अधिकारी द्वारा खाली कराया गया था। फिलहाल, आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है।

    विधायक ब्यास कश्यप ने साधा निशाना
    आगजनी की इस घटना पर कांग्रेसी विधायक ब्यास कश्यप ने निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की धान खरीदी के लिए कोई तैयारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब धान खरीदी केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी आंदोलन में हैं, तो खाली केंद्रों में बारदाना खुले में नहीं छोड़ना चाहिए था। आग लगी है या लगाई गई है, इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। अभी तो बारदाने में आग की घटना शुरू हुई है, आगे और बहुत कुछ होगा।

    500 धान बोरे जले
    दूसरी घटना कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के कुंआमालगी गांव में हुई, जहां बारदाने में रखे लगभग 500 धान बोरों में आग लग गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी की घटना में करीब 5 लाख रुपये का बारदाना जलकर नष्ट हो गया है। यहां भी आग लगने का कारण अज्ञात है।

    बता दें कि छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। पहले दिन प्रदेश भर के 195 उपार्जन केंद्रों में किसानों से 19,464 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया।

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव औद्योगिक प्रक्षेत्र मक्सी में आयोजित समारोह में हुए शामिल

    उज्जैन-शाजापुर की भूमि पर बनेंगे हरित ऊर्जा उपकरण
    मध्यप्रदेश अग्रसर है समृद्धि और प्रगति की अनवरत यात्रा पर
    बहनों के आर्थिक कल्याण के लिए हमने जो वादा किया, उसे पूरा भी किया
    गीता जयंती भी हर्ष और आनंद से मनाएंगे, सभी नगरों में गीता भवन भी बनाएंगे
    उज्जैन और शाजापुर हैं जुड़वा भाई, उज्जैन के विकास का लाभ मिल रहा शाजापुर को भी
    487 करोड़ लागत वाले 20 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
    सरदार वल्लभ भाई पटेल सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का किया लोकार्पण
    शाजापुर जिले के 60 हजार किसानों को अंतरित की 39.50 करोड़ रुपए राहत राशि
    लखुन्दर सिंचाई परियोजना को दी मंजूरी
    बेरछा-झोकरा-मक्सी सड़क मार्ग का उन्नयन कार्य किया मंजूर
    लखुंदर नदी पर 20 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा उच्चस्तरीय पुल

     

    भोपाल 
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मालवा क्षेत्र, जो अपनी मीठी संस्कृति और उर्वर भूमि के लिए मशहूर है, अब ग्रीन एनर्जी का हब बनने जा रहा है। यह क्षेत्र विकास के नए संकल्पों के साथ नई ऊर्जा और उमंग से प्रदीप्त हो रहा है। शाजापुर जो सोने और नमकीन के लिए जाना जाता है, अब अपनी औद्योगिक प्रगति के लिए भी पहचाना जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से उज्जैन-शाजापुर की पुण्यधरा हरित ऊर्जा उत्पादन में उपयोग होने वाले सभी उपकरणों का प्रोडक्शन सेंटर बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि मक्सी नगर अब सेंट्रल इंडिया के ग्रीन मैनुफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित होकर अपनी नई पहचान कायम करेगा। इससे यहां के किसानों को अपने ही क्षेत्र में प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और भंडारण की भी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को शाजापुर जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र मक्सी के दशहरा मैदान में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मक्सी नगर में करीब 8174 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 6 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें चार इकाइयों का भूमिपूजन एवं दो इकाइयों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने करीब 384 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से उज्जैन से मक्सी तक निर्मित होने वाली करीब 38.95 किलोमीटर लम्बी फोर लेन रोड़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में अपनी पावन परम्पराओं की चमक, प्रगति एवं समृद्धि की नई रौशनी और विकसित भविष्य की आहट सुनाई दे रही है। हम प्रदेश के युवाओं के सपनों में विकास के नए रंग भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की सरकार में हमारा मध्यप्रदेश समृद्धि और प्रगति की अनवरत यात्रा पर अग्रसर है। आज मक्सी औद्योगिक क्षेत्र में हुआ विभिन्न नवीन औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन की एक-एक ईंट मालवा क्षेत्र की नई ऊर्जा और विकास का आधार बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहुतजल्द यह भूमि न केवल आध्यात्मिक प्रकाश में आलोकित होगी, बल्कि औद्योगिक ऊर्जा से भी दमकेगी। पार्वती-कालीसिंध नदी जोड़ो लिंक परियोजना का लाभ भी क्षेत्र को मिलेगा। आज मक्सी की इस ऊर्वर भूमि पर विकास का जो बीज बोया जा रहा है, वह आने वाले वर्षों में हजारों युवाओं के जीवन में समृद्धि लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि आज शाजापुर जिले को डबल गिफ्ट मिल रहा है। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के साथ शाजापुर को कई विकास कार्यो की सौगातें भी दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां 487 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से 20 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन सम्पन्न हुआ है। छह औद्योगिक इकाइयों के भूमिपूजन और लोकार्पण से यहां 8174 करोड़ रुपये से अधिक का पूंजी निवेश आएगा। इससे इस क्षेत्र के 15 हज़ार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति, समरसता, सुशासन, औद्योगीकरण के साथ-साथ लोकतांत्रिक परम्पराओं के सहज स्थापन का केंद्र बन चुका है। हमारे यहां सब मिलकर साल भर होली-दीवाली मनाते हैं। हमारी बहनें हर महीने भाईदूज और रक्षाबंधन मनाती हैं। उन्होंने कहा कि जैसी नीयत, वैसी बरकत। बहनों के आर्थिक कल्याण के लिए हमने जो कहा वह किया। जो वादा किया था, वह पूरा करके भी दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत 1500 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता के अलावा हमारी सरकार रोजगार आधारित उद्योगों में रोजगार पाने वाली कामकाजी बहनों को हर महीने 5 हजार रुपए की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी। उनके नियोक्ता की तरफ से जो मासिक वेतन मिलेगा, सो अलग। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए हम हर जरूरी प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को हम 20 प्रतिशत तक लेकर जाएंगे। गाय पालने वाले लोगों को हम 40 रुपए प्रति गौमाता अनुदान देंगे। हम गीता जयंती भी हर्ष और आनंद के साथ मनाएंगे। साथ ही प्रदेश के सभी नगरों में गीता भवन भी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन और शाजापुर जुड़वा भाईयों की तरह हैं। उज्जैन में हो रहे विकास का लाभ शाजापुर को भी बराबर मिल रहा है। इन दिनों शाजापुर जिले में विकास का नया सैलाब आ रहा है। शुजालपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज और शाजापुर में मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 15 नवम्बर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया है। प्रदेश के जनजातीय भाईयों के कल्याण के लिए हम कोई कमी नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि अब जनजातीय कार्य विभाग के अधीर कन्या शिक्षा परिसर/आश्रम/छात्रावास महारानी दुर्गावती के नाम से जाने जाएंगे। 

    उज्जैन, शाजापुर और देवास बन रहा है नया औद्योगिक सर्किट
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन, देवास और शाजापुर मिलकर अब मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक त्रिवेणी बन रहे हैं। यहां निवेश, इंडस्ट्री, उपजाऊ भूमि और स्किल्ड वर्कफोर्स भी उपलब्ध है। उज्जैन-देवास-शाजापुर कॉरिडोर की सबसे बड़ी ताकत इसकी ऑल टाइम कनेक्टिविटी है। यह क्षेत्र केवल औद्योगिक भूमि का समूह नहीं रहा, बल्कि ग्रीन एनर्जी, मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई, सप्लाई चेन, खाद्य प्रसंस्करण और ऊर्जा उपकरणों के निर्माण का तेज़ी से उभरता हुआ क्लस्टर बन चुका है। उन्होंने कहा कि शाजापुर के मक्सी नगर में 88 हेक्टेयर क्षेत्रफल में एक बहुउद्देशीय औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां की 60 से अधिक सक्रिय औद्योगिक इकाइयां स्थानीय रोज़गार का बड़ा आधार बन चुकी हैं। इन इकाइयों से लगभग 9 हज़ार लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शाजापुर के भदौनी-बामनियाखेड़ी-खेरखेड़ी क्षेत्र में 30 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित हो रहे एमएसएमई पार्क में लगभग 2500 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश हो रहा है। यह क्षेत्र 4 हजार नए रोजगार के अवसरों का स्रोत बनेगा। प्रधानमंत्रीजी के कुशल नेतृत्व, हमारी नीति एवं नीयत से आज मध्यप्रदेश उद्योग और रोजगार की नई यात्रा पर है। उन्होंने कहा कि निवेश और रोजगार वर्ष के बीते 11 महीने ऐतिहासिक रहे हैं। निवेशक हमारी नीति और नीयत से प्रभावित होकर मध्यप्रदेश की विकास यात्रा के साथी बने हैं। आने वाले वर्षों में हमारे संसाधन ही हमारी सफलता की नई कहानी लिखेंगे।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा अबतक फसल क्षति एवं प्राकृतिक आपदा में कुल 1802 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि प्रदेश के पीड़ित किसानों को दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान भाइयों के लिए भावांतर योजना भी शुरू हो गई है। अभी तीन दिन पहले ही प्रदेश के 1.33 लाख से अधिक किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए भावांतर राशि अंतरित की गई। हमारी सरकार ने योजना की शुरुआत करने के 15 दिन में ही किसानों से किया वादा पूरा किया।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर शाजापुर जिले के लिए 487 करोड़ 36 लाख रुप्ए से अधिक की लागत वाले 20 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 68.93 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित 11 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 418.42 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 9 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। आज लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में 51 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से निर्मित सरदार वल्लभ भाई पटेल सांदीपनि विद्यालय के नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण भी शामिल है।

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाजापुर जिले के 60 हजार से अधिक किसानों को सिंगल क्लिक के जरिए 39.50 करोड़ रुपए राहत राशि का वितरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले में राज्य शासन द्वारा संचालित/नियंत्रित करीब 995 देव स्थानों की एक निर्देशिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बीते दिनों जापान में हुई चौथी एशियन कूडो चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल करने वाली शाजापुर जिले की खिलाड़ी छात्रा का सम्मान भी किया।

    कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसिकल एवं अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने सभी दिव्यांगजनों का पुष्पहारों से स्वागत कर सहायक उपकरण दिए और उन्हें अपना आशीष भी दिया। मुख्यमंत्री द्वारा आज जिन औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन किया गया, उनमें मेसर्स जैक्सन इन्ट्रीग्रेटेड सोलर लिमिटेड की निर्माण इकाई (निवेश राशि – 7104.89 करोड़ रुपए) और मेसर्स रूक्मणी एंड संस की निर्माण इकाई (निवेश राशि – 10 करोड़ रुपए) शामिल हैं।

    स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाजापुर जिले के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले में प्रस्तावित लखुन्दर सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने बेरछा-झोकरा-मक्सी सड़क मार्ग के 110 करोड़ रुपए से होने वाले उन्नयन कार्य को मंजूरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मोहन बड़ोदिया में बायपास सहित अन्य क्षेत्रीय सड़कों के निर्माण कार्य को भी मंजूरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लखुंदर नदी पर 20 करोड़ रुपए की लागत वाले एक उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मतगांव में 315 एमपीए क्षमता का ग्रिड निर्माण कार्य, मक्सी में युवाओं के कौशल विकास के लिए प्रस्तावित लैब निर्माण कार्य को मंजूरी देते हुए नगरपालिका शाजापुर एवं नगर परिषद मक्सी में विभिन्न विकास कार्यों की लिए 10-10 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।

    कार्यक्रम को देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक शाजापुर श्री अरूण भीमावद, जिला अध्यक्ष श्री रवि पांडे और जैक्सन इन्ट्रीग्रेटेड सोलर लिमिटेड के पदाधिकारी श्री संजय गुप्ता ने भी संबोधित किया। सांसद श्री सोलंकी ने कहा कि विकास के मामले में हमारा संसदीय क्षेत्र पूरे प्रदेश में अग्रणी बनकर उभर रहा है। विधायक श्री भीमावद ने अन्य मांगों सहित झरनेश्वर महादेव मंदिर में विकास कार्यों के लिए दो करोड़ रुपए सहित 11 सड़कों के निर्माण कार्य की मांग रखी। जैक्सन लिमिटेड के पदाधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि जिस निर्माण इकाई का आज भूमिपूजन हुआ है वह जुलाई 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इस इकाई का लोकार्पण करने के लिए इसी कार्यक्रम से आमंत्रित भी किया।

  • इंदौर रेल पुलिस का यात्रियों की सुरक्षा में नवाचार

    हमारी सवारी भरोसे वाली एवं पटरी की पाठशाला अभियानों का शुभारंभ

    तकनीक, जनसहभागिता और सकारात्मक पुलिसिंग का उत्कृष्ट संगम

    भोपाल 
    इंदौर पुलिस द्वारा रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, विश्वास और जागरूकता को नई दिशा देने हेतु तैयार किए गए दो महत्त्वपूर्ण अभियानों— “हमारी सवारी भरोसे वाली” एवं “पटरी की पाठशाला” का 14 नवम्बर 2025 को रानी लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन, इंदौर में भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का लोकार्पण विशेष पुलिस महानिदेशक (रेलवे) श्री रवि कुमार गुप्ता द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया।

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व डीन, IMS, DAVV एवं विख्यात मोटिवेशनल स्पीकर श्री प्रभुनारायण मिश्रा, विशिष्ट अतिथि उप पुलिस महानिरीक्षक (पीएसओ टू डीजीपी मप्र) श्री विनीत कपूर तथा उप पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) श्री पंकज श्रीवास्तव  उपस्थित रहे।

    “हमारी सवारी भरोसे वाली” — तकनीक आधारित सुरक्षित यात्रा का नया मानक

    इस अभियान के तहत स्टेशन परिसर में संचालित सभी ऑटो चालकों का सत्यापन कर उनका पूरा विवरण ऑनलाइन डेटाबेस से जोड़ा जा रहा है। प्रत्येक सत्यापित ऑटो पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन करते ही यात्री ड्राइवर की पहचान, वाहन विवरण और सत्यापन स्थिति देख सकेंगे। शिकायत, संदिग्ध गतिविधि अथवा सामान छूटने जैसी स्थिति में भी त्वरित पहचान संभव होगी, जिससे यात्रियों में सुरक्षा और भरोसा दोनों बढ़ेगा।

    “पटरी की पाठशाला” — बच्चों, महिलाओं और समुदाय में सुरक्षा जागरूकता का प्रभावी प्रयास

    यह अभियान रेलवे यात्रियों और आसपास के नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्रित है। इसका प्रमुख उद्देश्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करना, बच्चों में अनुशासन और नैतिक मूल्यों का समावेश करना, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देना, नशामुक्त समाज की स्थापना की प्रेरणा देना तथा नागरिकों को पुलिस के सहभागी के रूप में जोड़ना है।

    अभियान में घर–घर पहुंचकर सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है, जबकि बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं में कहानी, पोस्टर और गतिविधियों के माध्यम से गुड टच–बैड टच, चलती ट्रेन में चढ़ने–उतरने से बचाव और ट्रैक पार करने के जोखिमों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। स्टेशन क्षेत्र में जोखिमपूर्ण गतिविधियों में लगे बच्चों की पहचान कर उनके पुनर्वास और शिक्षा के प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा और साइबर अपराध बचाव के लिए संवादात्मक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें आत्मरक्षा, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार तथा महत्त्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—112 (आपातकालीन सेवा), 1091 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्डलाइन), 139 (रेलवे हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध रिपोर्टिंग)—की जानकारी प्रदान की जाएगी।

    अभियान के संदेश को अधिक व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक, रैली, पोस्टर एवं फ्लेक्स आदि प्रचार माध्यमों का प्रयोग किया जाएगा। इस अभियान के आयोजन से आमजन में सुरक्षा, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना का विकास होगा तथा पुलिस और नागरिकों के बीच सहयोग की नई मिसाल स्थापित होगी।

    संपूर्ण आयोजन पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर श्री पद्म विलोचन शुक्ला के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीआरपी इंदौर का उद्देश्य तकनीक, जनभागीदारी और सकारत्मक पुलिसिंग के माध्यम से रेल यात्रियों की सुरक्षा को नए मानकों पर स्थापित करना है। ‘हमारी सवारी भरोसे वाली’ और ‘पटरी की पाठशाला’ आने वाले समय में रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा और जागरूकता के मॉडल अभियानों के रूप में उभरेंगे।

    कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने इन अभियानों को “यात्री सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम”, “समय की आवश्यकता” और “पुलिस–जनसहयोग का उदाहरणीय मॉडल” बताते हुए इसकी सराहना की। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त मुख्य लिपिक श्री राधेश्याम परमार एवं उनि (अ) श्रीमती पूनम शर्मा ने किया। 

  • दो केंद्रों में हुई धान खरीदी: पहले दिन 8 किसानों ने कराया 506.80 क्विंटल का विक्रय

    गौरेला पेंड्रा मरवाही,

    खरीफ विपरण वर्ष 2025- 26 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर से पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो गया है। धान खरीदी के पहले दिन जीपीएम जिले में दो धान खरीदी केंद्रों में आठ किसानों द्वारा कुल 506.80 क्विंटल धान बेचा गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार धान खरीदी केंद्र निमधा में किसान प्रकाश चंद्र जायसवाल ने 87.20 क्विंटल धान का विक्रय किया। इसी तरह धान उपार्जन केंद्र धनौली में सात किसानों द्वारा 419.60 क्विंटल धान का विक्रय किया गया। राज्य के किसानों से धान की नगद व लिंकिंग में खरीदी 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा।

  • सूरजपुर: जल संसाधन विभाग की अमीन परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए नए निर्देश जारी

    07 दिसम्बर को आयोजित होगी परीक्षा

    सूरजपुर,

    छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा जल संसाधन विभाग अंतर्गत अमीन पद हेतु आगामी माह 7 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले भर्ती परीक्षा परीक्षा में अधिक संख्या में परीक्षार्थियों की उपस्थिति को देखते हुए शासन एवं प्रशासन ने परीक्षा को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देश में परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पूर्व ही अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें, जिससे परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुँचना अनिवार्य किया गया है, ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान पत्र से सत्यापन में समय लगने पर भी किसी को परेशानी न हो। परीक्षा का मुख्य द्वार प्रातः 11:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही ड्रेस कोड का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बाँह वाले कपड़े पहनकर आने हेतु कहा गया है। काला, मैरून, जामुनी, गहरा नीला, बैंगनी आदि रंगों के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। केवल बिना पॉकेट वाले साधारण स्वेटर की अनुमति होगी। धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जाँच के लिए समय से पहले उपस्थित होना होगा।

    परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, आभूषण, घड़ी आदि पूर्णतः वर्जित रहेंगे। अभ्यर्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन लेकर ही प्रवेश कर सकेंगे। प्रशासन के स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नकल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता तुरंत समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षा की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सभी विभाग सतर्क मोड में हैं और अभ्यर्थियों से निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।