
CG : नर्सरी क्षेत्र में अवैध शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार…
दुर्ग। जिले की पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने सोमवार को पुरैना डेम नर्सरी क्षेत्र से एक आरोपी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 33 पौवा अवैध ‘शोले मसाला’ शराब बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 8 दिसंबर की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पुरैना डेम नर्सरी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दशरथ पारधी (50 वर्ष) बताया जो गनियारी का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की, जिसमें चंदौसी सिहौरी सरबती ब्रांड का लेबल लगा था। बोरी में कुल 33 पौवा शोले मसाला शराब भरी हुई थी। हर एक पौवा में 180 एमएल शराब होने से कुल मात्रा 5940 एमएल पाई गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 3300 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध शराब बिक्री कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा था। उस पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।






