CG : मंत्री का फर्जी जीजा बनकर 22 लाख की ठगी, रायगढ़ में FIR दर्ज …
रायगढ़। 4 लोगों को मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया गया है। आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताकर 22 लाख 70 हजार रुपए ठग लिए। अपॉइंटमेंट लेटर देने बाद जॉइनिंग के लिए टालमटोल करता रहा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित का नाम समारू राम टंडन (51) है, जबकि आरोपी दंपती का नाम राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) है। पीड़ित और आरोपियों की मुलाकात रायपुर में हुई थी। इस दौरान राम ठाकुर ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताया और मंत्रालय में पहचान का दावा किया।
इसी दौरान आरोपी ने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद पीड़ित ने अपने बेटे को मंत्रालय में डेटा एंट्री के पद पर नौकरी दिलाने के लिए उसे पैसे दिए। वहीं, पीड़ित के परिचितों ने भी अपनी नौकरी लगवाने के लिए आरोपी को रकम सौंपी। पैसे लेने के बाद आरोपी ने सभी को अपने घर बुलाकर अपॉइंटमेंट लेटर तो दे दिया, लेकिन जॉइनिंग को लेकर लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद जब कोई ठोस प्रगति नहीं हुई, तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।



