CG : बिजली सुधारते वक्त लाइनमैन की मौत, करंट से झुलसा…
दुर्ग । जिले के रिसाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां विद्युत लाइन सुधार कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक ठेका श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोशन कुमार देवांगन के रूप में हुई है, जो रिसाली नगर निगम में अनस्किल्ड लाइनमैन के तौर पर कार्यरत था। घटना के बाद निगम की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गणेश नगर क्षेत्र में बिजली लाइन सुधार का काम चल रहा था। इसी दौरान रोशन देवांगन चालू विद्युत लाइन पर काम कर रहा था। अचानक तेज करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।



