
राजनांदगांव : दीपावली पर हस्तनिर्मित व पारंपरिक वस्तुएं ही खरीदें…
राजनांदगांव . दीपों के पर्व दीपावली को लेकर नगर निगम महापौर मधुसूदन यादव ने विशेष अपील की है कि इस दीप पर्व पर स्थानीय कारीगरों के हस्तनिर्मित उत्पादों और पारंपरिक सजावटी सामान को प्राथमिकता दें, ताकि उनकी भी दीपावली खुशहाल हो सके। महापौर यादव ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली सिर्फ रोशनी का पर्व नहीं, यह हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे में हम सबका दायित्व है कि स्थानीय व्यवसाय और कारीगरों को समर्थन दें।
उन्होंने कहा कि माँ लक्ष्मी की कृपा तभी सार्थक होगी जब समाज के हर वर्ग में सुख और समृद्धि पहुँचे। स्वच्छता का संदेश देते हुए उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि सफाई सिर्फ अपने घर तक सीमित न रखें, बल्कि मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ बनाएँ। महापौर ने कहा कि पारंपरिक दीये, हस्तनिर्मित सजावट, मिट्टी के उत्पाद, और स्वदेशी उपहारों का उपयोग न केवल भारतीय संस्कृति को मजबूत करता है, बल्कि स्थानीय कारीगरों की आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बनाता है।





