छत्तीसगढ़बलौदाबाजार ज़िला

CG : बाप-बेटे पैसा डबल करने का दे रहे थे झांसा, दोनों अरेस्ट …

बलौदाबाजार। जादू-मंत्र के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले पिता-पुत्र को थाना पलारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने वर्ष 2022 में ग्राम बलौदी और ग्राम रामपुर के दो अलग-अलग व्यक्तियों से कुल 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नगद जब्त किए गए हैं।

ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव (57 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2022 में आरोपी पिता-पुत्र उसके घर पहुंचे थे। उन्होंने जादू-मंत्र के माध्यम से पैसे को कई गुना करने का दावा करते हुए 18 अक्टूबर 2022 को उससे 3 लाख रुपये नगद ले लिए। आरोप है कि रकम वापस करने के बजाय आरोपियों ने छलपूर्वक विश्वास में लेकर धोखाधड़ी की। मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 452/2025 के तहत धारा 420 और 34 भादवि में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

इसी तरह ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने भी आवेदन देकर बताया कि 2 नवंबर 2022 को आरोपियों ने उसके घर पहुंचकर जादू-मंत्र से पैसा डबल करने का झांसा दिया और 2 लाख रुपये नगद ले लिए। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

इस पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 454/2025 के तहत धारा 420, 506 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने थाना प्रभारी पलारी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देशों के पालन में पुलिस टीम ने जांच और पतासाजी करते हुए ग्राम धौराभाठा, थाना खरोरा, जिला रायपुर से आरोपी दीनदयाल जांगड़े (66 वर्ष) और पुरुषोत्तम जांगड़े (35 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर दोनों प्रार्थियों से अलग-अलग मामलों में कुल 5 लाख रुपये लिए थे। पुलिस ने उनके पास से एक मोबाइल और 5 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को 18 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.