
Rajnanadgaon : आदर्श वृंदावन गौठान अंजोरा में चारा और पानी की कमी
टेड़ेसरा. राजनांदगांव जिले के अंजोरा ग्राम पंचायत के आदर्श वृंदावन गौठान में चारा और पानी की भारी कमी हो रही है, जिसके कारण रोजाना मवेशियों की मौत हो रही है। इस गौठान में लगभग 130-135 जानवर रखे गए हैं, जिनमें से सितंबर माह में 18-20 जानवर मर चुके हैं। हाल ही में एक गाय और उसके बछड़े की भी मरणासन्न स्थिति में मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, केवल एक समय पैरा कुटृटी दिया जाता है और पानी की भी किल्लत रहती है, जिससे जानवर कमजोर हो गए हैं और उनकी स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा जानवरों की देखभाल में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गौठान में जानवरों के लिए कोई सुरक्षित शेड भी नहीं बनाया गया, जिसके कारण वे खुले आसमान के नीचे धूप, बारिश और पानी में तड़प रहे हैं। इसके अलावा, शासन और प्रशासन की ओर से भी इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।





