DPR छत्तीसगढ समाचार

CG : कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने नगर विकास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पेयजल, यातायात और हसिया नदी फ्रंट विकास पर दिए अहम निर्देश

एमसीबी/ आज कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने नगर क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं एवं जनसुविधाओं की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शहर की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पेयजल व्यवस्था, यातायात सुधार, शहरी अधोसंरचना एवं भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत शहर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से हुई, जहां कलेक्टर महोदया ने पेयजल शोधन प्रक्रिया, वितरण व्यवस्था एवं गुणवत्ता नियंत्रण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।


इसके पश्चात कलेक्टर महोदया ने नगर की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भूपेंद्र क्लब एवं एसडब्ल्यूसी गोदाम की भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान शहर में यातायात दबाव को कम करने, पार्किंग, सड़क विस्तार एवं सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध भूमि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए नागरिक सुविधा केंद्रित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने एसआरएलएम सेंटर पहुंचकर वहां संचालित गतिविधियों, योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र के माध्यम से संचालित आजीविका संवर्धन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया, ताकि स्थानीय हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। नगर क्षेत्र में भविष्य की स्वच्छता एवं पर्यावरणीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर महोदया ने प्रस्तावित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) हेतु चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सुनियोजित शहरी विकास के लिए आधुनिक सीवेज प्रबंधन व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।


निरीक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र हसिया नदी फ्रंट क्षेत्र भी रहा, जहां कलेक्टर महोदया ने शहरवासियों के लिए इसे आकर्षक एवं उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने हसिया नदी फ्रंट पर वॉकिंग ट्रैक/सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण तथा हसिया एवं हसदेव नदी के संगम क्षेत्र को पर्यटन एवं जनउपयोगी दृष्टि से विकसित करने हेतु विस्तृत सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यह पहल भविष्य में नगर को एक नई पहचान देने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनेंद्रगढ़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी मनेंद्रगढ़ सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जनहित सर्वाेपरि होना चाहिए, ताकि नगर विकास की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दें।

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें