गरियाबंद जिलाछत्तीसगढ़

CG : गरियाबंद जिले में नवनिर्मित तीन महतारी सदन महिलाओं को समर्पित…

महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक समरसता की दिशा में अहम पहल

गरियाबंद । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की मातृशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में पूर्ण हुए 51 महतारी सदनों का लोकार्पण कर उन्हें महिलाओं को समर्पित किया। इसी कड़ी में महतारी सदन निर्माण योजना के अंतर्गत गरियाबंद जिले को भी बड़ी सौगात मिली है। जिले में ग्राम पंचायत पाटसिवनी, खड़मा और हरदी में कुल तीन महतारी सदनों का निर्माण पूर्ण किया गया है। मुख्यमंत्री साय द्वारा लोकार्पित महतारी सदनों में जिले के उक्त 3 महतारी सदन भी शामिल है।

इन भवनों से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा। इस अवसर पर विकासखंड छुरा के ग्राम पाटसिवनी में नवनिर्मित महतारी सदन से ग्रामीण और महिलाएं मुख्यमंत्री कार्यक्रम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। यहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर बी.एस. उईके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति नंदिनी साहू, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, सरपंच चम्पेश्वर ध्रुव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामयी बनाया। सभी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम का ऑनलाइन माध्यम से अवलोकन किया।

महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का केन्द्र बनेगा महतारी सदन –

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का केन्द्र है। छत्तीसगढ़ शासन ने महिलाओं को स्वरोजगार, प्रशिक्षण, सांस्कृतिक आयोजन और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया से जोड़ने के लिए यह योजना प्रारंभ की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं की क्षमता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महतारी सदन योजना को प्राथमिकता दी है।

इस अवसर पर पाटसिवनी से विधायक रोहित साहू ने कहा कि शासन के तत्परता से सभी वर्गों का विकास किया जा रहा है। पीएम आवास योजना से सभी गरीब लोगों को आवास की सुविधा दी जा रहा है। साथ ही महतारियों के सम्मान में प्रतिमाह 1 हजार रुपए महिलाओं के खातों में दिए जा रहे है। सरकार बनने के बाद 19 किश्त का वितरण किया जा चुका है। इसी कड़ी में महिलाओं को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महतारी सदन योजना शुरू की गई है। इससे महिलाओं को गांव में विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए एक माध्यम एक भवन के रूप में निर्मित किया गया है।

जहां महिलाओं को व्यवसाय गतिविधि, बैठक, आजीविका संचालन की सुविधा मिलेगी। इसके तहत सर्वसुविधा युक्त भवन बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक भवन लगभग 2,500 वर्गफीट क्षेत्रफल में 24.70 लाख रुपए की लागत से निर्मित है। इसमें बड़ा हॉल, बैठक कक्ष, रसोईघर, स्टोर, दुकान, बाउंड्रीवाल, प्रसाधन और बोरवेल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महतारी सदनों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ेंगी, सामुदायिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करेंगी और सामाजिक समरसता स्थापित करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगी

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.