
CG : अवैध रेत खनन हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, नाबालिग की मौत …
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में गुरुवार तड़के अवैध रेत खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब रतनपुर गढ़वट स्थित रेत घाट से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नाबालिग की तुरंत मौत हो गई, जबकि अमित यादव गंभीर रूप से घायल हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोग बताते हैं कि रेत माफिया रात के अंधेरे में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत परिवहन करते हैं। पूर्व में भी कई छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की सख्ती न होने के कारण माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
हादसे ने क्षेत्र में अवैध रेत खनन की चिंता को फिर से उजागर किया है। खनिज माफिया नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं और नाबालिगों को भी इस खतरनाक काम में धकेला जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रेत खनन और परिवहन पर नियंत्रण रखा जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस और प्रशासन इस मामले में लगातार जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर रोक लगेगी।



