
CG : जगदलपुर में दुकान में जा घुसा तेज रफ्तार हाईवा, ड्राइवर की हालत नाजुक …
जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में आज सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसा। इस हादसे में चालक बुरी तरह से फंस गया। पुलिस टीम के साथ ही एसडीआरएफ टीम ने कटर की मदद से चालक को बाहर निकाला।
मामले की जानकारी देते हुए बस्तर थाना प्रभारी सुरेश जांगड़े ने बताया कि शनिवार की सुबह एक हाइवा वाहन रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रहा था कि अचानक ड्राइवर को झपकी आ गई, जिसके बाद चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और सड़क किनारे दुकान में जा टकराया। इस घटना में ड्राइवर बुरी तरह से गाड़ी में फंस गया, जिसके बाद बस्तर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने देखा कि चालक बुरी तरह से फंसे होने के कारण उसे निकालने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, वहीं चालक का पैर भी फैक्चर हो गया था।
चालक की जान बचाने के लिए नगर सेना के एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जहाँ कटर मशीन की मदद से चालक सुंदर मांझी को करीब 1 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद बाहर निकाला गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए भेज दिया गया है।






