छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: सो रहे मजदूर को वाहन ने कुचला, चालक पर केस दर्ज

लोडिंग प्वाइंट में वाहन लगाते समय हुआ हादसा, घायल मजदूर का समदा अस्पताल में इलाज

राजनांदगांव। चिखली चौकी क्षेत्र के तिलई स्थित कृष्णा इंडस्ट्रीज कैंपस में एक मजदूर को कंटेनर वाहन से कुचलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केसीजी जिले के ग्राम महरूमकला निवासी खेमूराम यादव ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका पुत्र इंकेश्वर यादव पिछले एक माह से तिलई स्थित कृष्णा इंडस्ट्रीज में मजदूरी का काम कर रहा है। 11 जून की रात वह रोज की तरह ड्यूटी पर गया था।

शिकायत के मुताबिक 12 जून की सुबह करीब 5 बजे इंकेश्वर यादव कंपनी परिसर के ग्राउंड में लेटा हुआ था। इसी दौरान कंटेनर वाहन क्रमांक RJ-11-GD-5493 का चालक वाहन को लोडिंग प्वाइंट की ओर ले जा रहा था। आरोप है कि चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ग्राउंड में लेटे इंकेश्वर को अपनी चपेट में ले लिया।

दुर्घटना में इंकेश्वर यादव के बाएं हाथ, कमर और बाएं पैर में चोटें आईं। साथ में काम करने वाले अनिल यादव और मुकेश यादव ने उसे तत्काल इलाज के लिए राजनांदगांव के समदा अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर पिता खेमूराम यादव अस्पताल पहुंचे। घायल पुत्र से पूरी घटना जानने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि पुत्र के इलाज में व्यस्त होने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके।

चिखली पुलिस चौकी ने शिकायत के आधार पर कंटेनर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ऐप पर पढ़ें