DPR छत्तीसगढ समाचारगरियाबंद जिला

CG : कृषक उन्नति योजना अंतर्गत जिले के 83 हजार से अधिक किसानों के खातों में पहुँची 370 करोड़ 19 लाख से अधिक की अंतर राशि

जिले के सभी विकासखंडों में वृहद किसान सम्मेलन आयोजित

सरकार ने किसानों के हर वादा पूरा किया: विधायक रोहित साहू

गरियाबंद, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय के मंशानुरूप राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान होली से तीन दिन पूर्व उनके बैंक खातों में आज अंतरित कर दी गई है। यह राशि शनिवार 28 फरवरी कोे बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी खेल मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कृषक उन्नति योजनांतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन समारोह में मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर प्रदेश भर के किसानों के खातों में राशि का अंतरण किया। इस अवसर पर प्रदेश के साथ-साथ गरियाबंद जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में कृषक उन्नति योजना के तहत वृहद किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया।

जिले के 83 हजार से अधिक किसानों को 370 करोड़ से अधिक की राशि मिली
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 83 हजार 106 किसानों के बैंक खातों में कुल 370 करोड़ 19 लाख 51 हजार रुपए की अंतर राशि अंतरित की गई। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल 5 लाख 65 हजार 726 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। यह राशि सीधे किसानों के खातों में पहुँचने से जिले के कृषकों के अर्थव्यवस्था में मजबूती आएगी।

राजिम कृषि उपज मंडी प्रांगण में मुख्य कार्यक्रम आयोजित
फिंगेश्वर विकासखण्ड के राजिम कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रोहित साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से किया गया हर वादा पूरा किया है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की गई, जो अन्य राज्यों से अधिक है। विधायक साहू ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में किसानों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के 25 लाख किसानों के खातों में होली पर्व से पूर्व 10 हजार करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान सशक्त होंगे तो गांव सशक्त होंगे और गांव सशक्त होंगे तो देश सशक्त बनेगा। किसानों के उत्थान को केंद्र में रखकर सरकार द्वारा सतत विकास की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य स्तर पर रिकॉर्ड खरीदी
इस वर्ष राज्य में 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की अंतर राशि होली पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जा रही है, जिसे पूरे प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

किसानों ने कहा सरकार ने अपना वादा ईमानदारी से पूरा किया
इस अवसर पर ग्राम कुम्ही निवासी किसान राजेन्द्र साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लगभग साढ़े सात एकड़ में खेती की थी तथा 169 क्विंटल धान विक्रय किया। धान विक्रय के तीन दिवस के भीतर 3 लाख 76 हजार रुपये की राशि उनके खाते में अंतरित हुई। शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के अंतर्गत अंतर राशि के रूप में उन्हें 1 लाख 16 हजार रुपये की सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने राज्य सरकार की किसान हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार विकासखण्ड देवभोग के मण्डी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, विकासखण्ड गरियाबंद में मण्डी परिसर गरियाबंद में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रिखीराम यादव, विकासखण्ड छुरा एवं मैनपुर में सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायतो के अध्यक्षगण क्रमशः मीरा ठाकुर एवं मोहना नेताम, छत्तीसगढ़ राज्य भण्डार निगम के अध्यक्ष चंदुलाल साहू, राजिम नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, वरिष्ठ अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, कलेक्टर बीएस उइके, कृषि विभाग के उपसंचालक चंदन राय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कृषकगण शामिल हुए।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.