छत्तीसगढ़

CG : कानून हाथ में लेने की हद! चोरी पर युवक के साथ हैवानियत …

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक की पिटाई कर दी। ग्राम धारानगर में युवक ने एक घर के अंदर घुसकर छोटी बोरी में सरसों और 300 रुपए कैश की चोरी की थी। लोगों को पता चला तो बीच सड़क उसके कपड़े फाड़े, सिर के बाल आधे काट दिए और पाइप के टुकड़े से पिटाई की। मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है। मारपीट का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने 3 ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के कोरंधा निवासी श्रीकांत सिंह शनिवार (21 मार्च) को अपनी बाइक से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम धारानगर गया था। ग्रामीणों के अनुसार, उसने गांव के किसान परशु मिंज के घर का ताला तोड़ने की कोशिश की। घर में कोई नहीं था, परिवार घर बंदकर महुआ बीनने गया था। तभी श्रीकांत खिड़की तोड़कर अंदर घुस गया। उसने घर से एक छोटी बोरी में सरसों और 300 रुपए नगदी की चोरी कर ली। वह दूर खड़ी बाइक तक पहुंचा और सरसों की बोरी लादकर वापस जा रहा था, तभी ग्रामीणों ने शक के आधार पर उसे रोका और पूछताछ की।

पूछताछ में उसने सही जवाब नहीं दिया तो पिटाई कर दी। मारपीट के बाद उसने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पहले तो उसकी बेदम पिटाई की फिर अर्धनग्न कर बाल काट दिए। श्रीकांत सिंह ने फोन कर अपने पिता को घटना की सूचना दी तो उसके पिता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उसके पिता की भी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो ग्रामीणों ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

श्रीकांत के पिता ने शंकरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तीन नामजद ग्रामीणों सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। हालांकि चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक, श्रीकांत सिंह आदतन बदमाश है और पहले भी 4-5 बार चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। शंकरगढ़ टीआई जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि मामले में शिकायत पर तीन ग्रामीणों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया गया है, जिनकी वीडियो के आधार पर पहचान की गई है। दूसरे पक्ष को बुलाया गया था, लेकिन वे थाने नहीं आए हैं। चोरी की रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi