चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, बसंतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने आम जनता को चाकू दिखाकर भयभीत करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू भी जप्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 07 फरवरी 2026 को मोबाइल सूचना प्राप्त हुई कि त्रिवेणी परिसर के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए राहगीरों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन यादव (19 वर्ष), निवासी ब्राम्हणपारा, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, दीपक जायसवाल और आरक्षक अतहर अली की सराहनीय भूमिका रही।



