
मोहला : स्कूलों में जाति प्रमाण-पत्र बनाने चल रहा विशेष अभियान, एक माह में 2 हजार से अधिक बच्चे हुए लाभान्वित
– कलेक्टर प्रजापति ने अभिभावकों से की अपील, शिविर के माध्यम से आसानी से बनाए बच्चों के जाति प्रमाण-पत्र
– प्रति माह चलेगा अभियान, शत-प्रतिशत बच्चों का बनाया जाएगा जाति प्रमाण-पत्र

मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशन में शिक्षा विभाग द्वारा जिले के स्कूलों में बच्चों के जाति प्रमाण-पत्र बनाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत विकासखंड स्तर पर संकुल केन्द्रों में लगातार शिविर आयोजित कर लगभग 2 हजार से अधिक बच्चों को जाति प्रमाण-पत्र से लाभान्वित किया जा चुका है।
शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण-पत्र बनाने हेतु अगस्त माह में 1 से 10 तारीख के मध्य जिले के सभी संकुल केंद्रों में शिविर आयोजित किया गया। जिसमें पटवारी प्रतिवेदन, वंश वृक्ष एवं वंशावली बनाने का कार्य किया गया। तत्पश्चात प्रधान पाठकों द्वारा विद्यार्थियों का जाति प्रमाण-पत्र प्रकरण तैयार कर लोक सेवा केंद्र तथा अन्य माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया गया। ऑनलाइन आवेदनों के आधार पर पहले अस्थाई जाति प्रमाण-पत्र तथा बाद में स्थाई जाति प्रमाण-पत्र जारी किया गया। इस अभियान में राजस्व विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा पालकों एवं विद्यार्थियों को सुविधा देने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रयास किए गए। जिसके परिणाम स्वरुप एक माह में ही बड़ी संख्या में बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुके हैं। यह अभियान जिले के शत-प्रतिशत बच्चों को जाति प्रमाण-पत्र से लाभान्वित करने हेतु प्रतिमाह आयोजित किये जायेगें।
अभियान अंतर्गत विकासखंड मोहला में जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए 34 शिविर लगाए गए थे। जिसमें 826 प्रकरण तैयार किये गये, जिसमें 757 आवेदनों का लोक सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन करने पश्चात 474 स्थायी जाति प्रमाण-पत्र जारी किये गए। इसी प्रकार विकासखंड चौकी में गत माह जाति प्रमाण-पत्र बनाने 32 शिविर लगाए गए। जिसमें 807 प्रकरण तैयार कर ऑनलाइन किया गया, जिसमें से 842 स्थायी जाति प्रमाण-पत्र जारी किया गया। वही विकासखंड मानपुर में अगस्त माह में जाति प्रमाण-पत्र हेतु 06 शिविर लगाए गए। जिसमें 1276 प्रकरण तैयार किए, साथ ही 1090 प्रकरणों को सीएससी सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन किया। जिसके पश्चात 800 स्थायी जाति प्रमाण-पत्र जारी किये गए। इस तरह जिले में गत माह कुल 72 शिविर आयोजित कर 2 हजार 909 प्रकरण तैयार कर 2 हजार 116 बच्चों का स्थायी जाति प्रमाण-पत्र बनाया गया।
जिला प्रशासन के इस पहल से जहां बच्चों का स्कूलो में ही जाति प्रमाण-पत्र बन पा रहा है, वही परिजनों को अनावश्यक परेशानियों निजात मिली है। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अभिभावकों से अपील की है, कि जिन बच्चों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, वे शिविर का लाभ उठाते हुए आसानी से बच्चों के जाति प्रमाण-पत्र बनाए।
इसे भी पढ़े : मोहला : आदि कर्मयोगी अभियान के क्रियान्वयन में लाए तेजी-कलेक्टर प्रजापति





