
CG : नगर सेना कार्यालय गरियाबंद में 20 मार्च को होगी निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी …
गरियाबंद : नगर सेना कार्यालय गरियाबंद द्वारा जिला गरियाबंद में निष्प्रयोज्य घोषित भंडार सामग्रियों की नीलामी 20 मार्च 2026, शुक्रवार को प्रातः 11ः00 बजे कार्यालयीन समय में नगर सेना कार्यालय गरियाबंद, सढौली कैम्प परिसर में आयोजित की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलामी में होमगार्ड जवानों की वर्दी से संबंधित सामग्री जैसे पैंट, कमीज, टोपी, जूते, मोजे, कंबल, दरी, मच्छरदानी, टोपी बैच, कंधा बैच तथा व्हीसल गार्ड सहित अन्य सामग्री शामिल है।
विभाग द्वारा बताया गया है कि सम्पूर्ण सामग्री की नीलामी एक ही लॉट में की जाएगी। इच्छुक खरीददार नीलामी तिथि से एक दिन पूर्व कार्यालयीन समय में आकर नीलामी हेतु रखी गई सामग्रियों का निरीक्षण कर सकते हैं।
नीलामी में भाग लेने वाले प्रत्येक खरीददार को बोली लगाने से पूर्व एक हजार रुपये नगद प्रतिभूति राशि के रूप में जमा करना अनिवार्य होगा। जिन खरीददारों की बोली स्वीकार नहीं की जाएगी, उन्हें उनकी जमा की गई प्रतिभूति राशि वापस कर दी जाएगी।
विभाग के अनुसार जिस खरीददार की उच्चतम बोली पर्यवेक्षक अधिकारी द्वारा स्वीकार की जाएगी, उसे उसी दिन नीलामी की सम्पूर्ण राशि जमा करनी होगी तथा नीलामी की गई सम्पूर्ण सामग्री को उसी दिन उठाकर ले जाना होगा। बोली एक लॉट में सामग्री जहाँ है और जितनी है उसी आधार पर लगाई जाएगी। नीलामी समिति ने स्पष्ट किया है कि नीलामी में प्राप्त बोली को स्वीकार अथवा अस्वीकार करने का अंतिम अधिकार समिति के पास सुरक्षित रहेगा।

