
RAJNANDGAON: स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स का appeal — “दीपावली हमारा त्योहार है, अमेज़न-फ्लिपकार्ट का नहीं
कडुवाघूंट समाचार
राजनांदगांव/रायपुर।
दीपावली त्यौहार के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ द्वारा एक विशेष पोस्ट जारी की गई है। इस पोस्ट के माध्यम से चैंबर ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे ऑनलाइन खरीदारी से बचें और अपने नज़दीकी बाजारों से सामान खरीदें।
पोस्ट में कहा गया है कि —
“अमेरिका में ऑनलाइन शॉपिंग विकलांगों के लिए शुरू की गई थी, लेकिन भारत में यह आपको विकलांग बनाने के लिए है। इसलिए कृपया घर से निकलें, अपने नज़दीकी बाजार से सामान खरीदें, क्योंकि दीपावली हमारा त्यौहार है — अमेज़न, फ्लिपकार्ट आदि का नहीं।”
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने यह संदेश व्यापार हित में जारी किया है। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया कि स्थानीय बाजारों से की गई खरीदारी से न केवल स्थानीय व्यापारियों का सहयोग होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।
पोस्ट में चैंबर के पदाधिकारियों
अरविंद जैन, राधेश्याम सुंदरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, जितेन्द्र बड़गैया और सुनील मंझनानी के नाम भी शामिल हैं।
इन सभी ने मिलकर प्रदेश के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे दीपावली जैसे प्रमुख त्यौहार पर अपने शहर और मोहल्ले के दुकानदारों से खरीदारी करें ताकि स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिले और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की यह पहल स्थानीय व्यापार को सशक्त बनाने और ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते दखल के बीच घरेलू बाजारों को बचाने का एक सशक्त संदेश है।


