छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव: मानव मंदिर चौक पर एंबुलेंस फंसी, आयोजन की अनुमति पर उठे सवाल

राजनांदगांव। शहर के व्यस्त मानव मंदिर चौक पर आज उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक एंबुलेंस ट्रैफिक में फंस गई। बताया जा रहा है कि चौक पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके चलते रास्ता बाधित हो गया और मरीज को ले जा रही एंबुलेंस काफी देर तक जाम में फंसी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखी। न पुलिस कर्मी मौजूद थे और न ही आयोजकों की ओर से एंबुलेंस को तुरंत रास्ता दिलाने का प्रयास किया गया। इस कारण मरीज और उसके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का सवाल है कि इतने संवेदनशील और व्यस्त चौराहे पर ऐसे आयोजनों की अनुमति आखिर किसने दी? नागरिकों का कहना है कि मानव मंदिर चौक पर बार-बार कार्यक्रम होने से आम यातायात बाधित होता है और आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ता है।

स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए वैकल्पिक स्थान तय किए जाएं, ताकि एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को किसी भी हालत में न रोका जाए। साथ ही, यदि आयोजन की अनुमति दी भी जाए तो ट्रैफिक प्रबंधन और आपात मार्ग की स्पष्ट व्यवस्था अनिवार्य की जाए।

Read Also : राजनांदगांव में बड़ा हादसा: निरंकारी फर्नीचर का सामान चढ़ाते समय छज्जा गिरा, 1 की मौत, 3 घायल