Site icon Kadwa Ghut

CG : अब ऑनलाइन होगी रेत खदानों की नीलामी, 27 अप्रैल को जिले में ई-ऑक्शन

खनिज राजस्व में 14 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि

पारदर्शिता बढ़ाने की पहल, अवैध खनन पर लगेगी रोक, राजस्व में होगा इजाफा

एमसीबी/ जिले में रेत खदानों के संचालन को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ गौण खनिज (साधारण रेत) उत्खनन एवं व्यवसाय नियम, 2025 के अंतर्गत रेत खदानों की नीलामी अब ई-ऑक्शन (इलेक्ट्रॉनिक नीलामी) के माध्यम से की जाएगी।
जारी अधिसूचना के अनुसार मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की रेत खदानों के आवंटन हेतु इच्छुक आवेदकों से ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिलेगा।


प्रशासन के अनुसार ई-ऑक्शन प्रक्रिया 27 अप्रैल 2026 को प्रातः 10ः00 बजे कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें पात्र आवेदक ऑनलाइन माध्यम से भाग लेकर रेत खदानों के संचालन हेतु बोली लगा सकेंगे। इस नई व्यवस्था के लागू होने से जिले में रेत खनन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही इससे शासन के राजस्व में वृद्धि होने के साथ खनिज संसाधनों का वैज्ञानिक एवं पारदर्शी प्रबंधन भी सुनिश्चित होगा।
प्रशासन ने इच्छुक आवेदकों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस नीलामी प्रक्रिया में भाग लेकर अवसर का लाभ उठा सकें।

Exit mobile version