DPR छत्तीसगढ समाचारकांकेर जिला (उत्तर बस्तर)

CG : सभी अधिकारी-कर्मचारियों का ‘कर्मयोगी भारत’ में 31 मार्च तक पंजीयन अनिवार्य

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की

उत्तर बस्तर कांकेर, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर द्वारा आज समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक ली गई, जिसमें उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित कार्यां एवं प्रकरणों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा ‘कर्मयोगी भारत’ नामक वेबसाइट तैयार किया गया है, जिसमें सभी शासकीय सेवकों का पंजीयन किया जाएगा। उक्त पोर्टल में आगामी 31 मार्च तक सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पंजीयन कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।


कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे आयोजित समय-सीमा बैठक में नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर मनीष देव साहू ने बताया कि भारत सरकार द्वारा लांच किए गए इस वेबसाइट में सभी शासकीय सेवकों को ऑनबोर्ड पंजीयन आगामी 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से कराना होगा तथा संविदा एवं अन्य माध्यमों से भर्ती किए गए शासकीय सेवकों का इसमें पंजीयन नहीं किया जाएगा। उक्त वेबसाइट में 25 हजार से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिसूचित हैं, जिसमें शासकीय सेवक अपनी रुचि और कार्य-प्रवृत्ति अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। बैठक में कलेक्टर ने जिले में जिला निर्माण समिति एवं डीएमएफ मद से स्वीकृत किंतु लंबित निर्माण कार्यों को अगले माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा पीडीएस सेंटर भवन निर्माण के पुराने स्वीकृत प्रकरणों के अब तक निर्माण पूर्ण नहीं होने पर असंतोष प्रकट करते हुए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शीघ्रता से कार्य पूरा कर पूर्णता एवं उपयोगिता प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबी अवधि से अपूर्ण कामों को निरस्त करने के लिए भी कलेक्टर ने जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी को निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर ने जनगणना-2026 के तहत जिले से ग्राम पंचायत स्तर पर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिए। उन्होंने नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक के तहत चलाए जा रहे संपूर्णता अभियान के अंतर्गत सतत् गतिविधियां संचालित करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ को दिए।


बैठक में इसके अलावा नियद नेल्लानार योजना, सामाजिक अंकेक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना, विशेष केन्द्रीय सहायता मद, पोषण पुनर्वास केंद्र, राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में डीएफओ भानुप्रतापपुर हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.