DPR छत्तीसगढ समाचार

CG : सरगुजा ओलंपिक में एमसीबी का ऐतिहासिक प्रदर्शन

8 स्वर्ण सहित 26 पदकों से गूंजा संभाग

एमसीबी/ संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में एमसीबी जिले के खिलाड़ियों ने ऐसा दमदार प्रदर्शन किया कि पूरा संभाग उनके उत्कृष्ट खेल कौशल का साक्षी बन गया। 21 से 23 मार्च तक अंबिकापुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एमसीबी ने 8 स्वर्ण, 14 रजत और 4 कांस्य सहित कुल 26 पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।


प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फोगाट की प्रेरक उपस्थिति ने खिलाड़ियों में जोश और आत्मविश्वास का संचार किया। वहीं समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर भाइचुंग भूटिया की मौजूदगी ने आयोजन को गौरवशाली आयाम प्रदान किया।
एमसीबी के खिलाड़ियों ने ट्रैक एंड फील्ड से लेकर कुश्ती, कराते और कबड्डी तक हर क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

100 मीटर दौड़ में टी. होमेश्वर राव की तेज रफ्तार, भाला फेंक में कुमारी अनिता सिंह की सटीकता, ऊंची कूद में आनंद कुमार की उड़ान, कराते में कुमारी आराधना मार्काे का जुझारूपन और 62 किलोग्राम कुश्ती में सीमा सिंह की ताकत ने स्वर्णिम सफलता की कहानी लिखी। कबड्डी में भी एमसीबी का दबदबा साफ नजर आया, जहां जूनियर बालक, जूनियर बालिका और सीनियर बालक वर्ग की टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर टीम स्पिरिट और रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। कांस्य पदकों में सुरेंद्र सिंह (कराते 67 किग्रा), शनि लुइश (कुश्ती 57 किग्रा), कंचन सिंह (ऊंची कूद) तथा तीरंदाजी में शिवम, मुकेश और चंदन ने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर जिले की झोली में सम्मान जोड़ा।


इस अभूतपूर्व सफलता पर एमसीबी जिले के कलेक्टर डी. वेंकट राहुल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं, कठोर परिश्रम और मजबूत खेल संरचना का प्रतिफल है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल ने भी इसे “जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण” बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले समय में और बड़े खेल लक्ष्यों की ओर बढ़ने की प्रेरणा बनेगी।
एमसीबी की इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल सरगुजा संभाग में बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में जिले की पहचान को एक सशक्त खेल शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया है।

https://news.google.com/publications/CAAqKAgKIiJDQklTRXdnTWFnOEtEV3RoWkhkaFoyaDFkQzVqYjIwb0FBUAE?hl=hi&gl=IN&ceid=IN%3Ahi

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.