CG : स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, कार जब्त…
बिलासपुर । सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर चकरभाठा पुलिस ने खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में एक युवक औक युवती चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दे रहे थे, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी। पुलिस के अनुसार यह घटना रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की है। जहां क्रेटा कार में सवार युवक और युवती ने चलती गाड़ी की सनरुफ से बाहर निकलकर स्टंट किया। इस दौरान वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही कार की पहचान CG-10-BE-4400 नंबर की क्रेटा के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की। चकरभाठा पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान को भी खतरे में डालती है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।



