CG : पुलिस का नहीं कोई खौफ…गवाही दे रहा रायपुर का ये VIDEO …
रायपुर: राजधानी रायपुर के चर्चित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट और झूमाझटकी में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक-युवतियों के बीच तीखी बहस और पुलिस के सामने धक्का-मुक्की साफ नजर आ रही है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब में युवक-युवतियों का एक समूह पहुंचा। क्लब में पार्टी के दौरान एक युवक ने पार्टी कर रही युवती को ‘हाय’ कहा। इस बात पर दूसरे पक्ष के युवकों ने विरोध जताया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।
इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस पहुंचते ही दोनों पक्ष बाहर निकल आए और पार्किंग में ही एक-दूसरे को गालियां देते हुए धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिसकर्मियों के सामने ही युवक-युवतियां आपस में भिड़ते रहे। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

