छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

CG : छट्ठी कार्यक्रम में मारपीट को शांत कराने लगा टीचर, जमकर पिटाई …

दुर्ग। जिले में आपसी विवाद में उलझे युवकों को समझाना एक टीचर को भारी पड़ गया। छट्ठी कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे, जिन्हें टीचर संजय सिंह ने समझाकर शांत कराया। झगड़ा शांत कराने पर उन्हीं युवकों ने शिक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट कर दी। घटना में पीड़ित टीचर को आंख, दांत, कंधे, कान और कमर में चोटें आई हैं। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जलेबी चौक कैंप-01 भिलाई निवासी संजय सिंह कुशवाहा (35) तितुरडीह स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वे 25 जनवरी को अपने मित्र पिंटू और अन्य लोगों के साथ ग्राम एम जामगांव में आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 11 बजे कार्यक्रम से लौटने के बाद संजय सिंह अपने मित्रों के साथ सुपेला भिलाई स्थित लोहिया पेट्रोल पंप के पीछे संजय नगर मैदान में खड़े थे। इसी दौरान रोहित साहू उर्फ पदुम, अजय जोशी और शेखर निर्मलकर वहां पहुंचे और छट्ठी कार्यक्रम के दौरान अधिक बोलने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। शिक्षक द्वारा विरोध करने पर तीनों ने एकराय होकर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में शिक्षक के दाहिनी आंख के पास, दांत, कंधे, कान, मुंह और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान पिंटू लहरी, गोविंद सोनवानी और वीरेंद्र बंभोले ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.