
DMF घोटाले में ACB/EOW की बड़ी कार्रवाई — प्रदेशभर में 12 ठिकानों पर एक साथ छापा, राजनांदगांव में चार स्थानों पर मचा हड़कंप
संशोधित
राजनांदगांव. बुधवार सुबह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने जिला खनिज न्यास निधि (DMF) घोटाले से जुड़ी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह छापेमारी प्रदेश के 12 स्थानों पर एक साथ की जा रही है, जिससे प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है।सूत्रों के अनुसार, रायपुर में 5, दुर्ग में 2, राजनांदगांव में 4, और कुरूद में 1 स्थान पर यह रेड चल रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में रायपुर से करीब 10 गाड़ियों में अधिकारियों की टीमें रवाना हुई थीं।राजनांदगांव में ACB/EOW की टीम ने सुबह-सुबह एक साथ भारत माता चौक स्थित अग्रवाल के निवास, सत्यम विहार स्थित यशनाहाटा के घर, कामठी लाइन स्थित ललित भंसाली के ठिकाने, और एक अन्य स्थान पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई खनन कार्यों और सप्लायरों से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर की जा रही है।शहर में जैसे ही यह खबर फैली, चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं कि DMF घोटाले में कौन-कौन से बड़े नाम सामने आ सकते हैं।फिलहाल ACB और EOW की टीमें दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई देर शाम तक जारी रह सकती है।इस अचानक हुई रेड से न केवल राजनांदगांव बल्कि पूरे प्रदेश के प्रशासनिक और कारोबारी वर्ग में हलचल मच गई है।



