क्राइमछत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

कपड़ा प्रेस दुकान में सट्टा लिखते सटोरिया गिरफ्तार, 38 हजार रुपये जप्त

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल के माध्यम से अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा था।

पुलिस को 06 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि भगत सिंह चौक स्थित कक्कड़ गोदाम के सामने अपनी कपड़ा प्रेस दुकान में रविन्द्र बाघमारे सट्टा लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र बाघमारे (52 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 18, भगत सिंह चौक, डोंगरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक रेडमी मोबाइल (लगभग 5,000 रुपये) और 33,000 रुपये नगद सहित कुल 38,000 रुपये जप्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल अपनी टीम के साथ अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्रवंशी, आरक्षक राम खिलावन और नरेंद्र प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button