क्राइमछत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में कुमुद मेमोरियल हॉस्पिटल के स्टाफ की मिलीभगत उजागर, 3 और गिरफ्तार

राजनांदगांव। थाना बोरतलाव पुलिस ने फर्जी तरीके से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल के 3 अन्य स्टाफ को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इससे पहले इसी प्रकरण में आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग से जन्मे बच्चे को अवैध रूप से दत्तक ग्रहण कर अस्पताल स्टाफ की मिलीभगत से नगर निगम में गलत जानकारी प्रस्तुत कर जन्म प्रमाण पत्र बनवाया गया था। मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि कुमुद मेमोरियल हॉस्पिटल के एक महिला स्टाफ एवं दो पुरुष स्टाफ को पूरी जानकारी होने के बावजूद उन्होंने इस अपराध में सक्रिय सहयोग किया।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित बच्चे की न तो अस्पताल में डिलीवरी हुई थी और न ही वह आरोपी दंपत्ति का जैविक बच्चा था। इसके बावजूद अस्पताल के माध्यम से नगर निगम को गलत जानकारी भेजकर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आपराधिक षड्यंत्र किया गया।

इस मामले में कृष्ण हॉस्पिटल एवं कुमुद मेमोरियल हॉस्पिटल में आरएमओ के रूप में कार्यरत डॉ. विजय राज नागवंशी के कहने पर दीपिका यादव, सैमुअल धोके एवं गेशु देवांगन ने प्रमाण पत्र बनवाने में सहयोग किया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे भी गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button