छत्तीसगढ़जशपुर जिला

CG News: गौशाला में मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म, शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 24 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह शादीशुदा है और अपने बच्चे के साथ मायके में रहती है। उसकी बड़ी बहन 26 वर्ष की है, जो मानसिक रूप से कमजोर है और बोल-सुन नहीं सकती।

2 जनवरी की दोपहर करीब 2 बजे वह अपने पिता के साथ जंगल लकड़ी लेने गई थी। उसी दौरान घर में उसकी मूक-बधिर बहन अकेली थी। शाम करीब 4 बजे लौटने पर बहन घर में नहीं मिली। खोजबीन करते हुए जब वह पास की गौशाला पहुंची तो गांव का ही आरोपी युवक माइकल टोप्पो उसकी बहन के साथ आपत्तिजनक अवस्था में मिला। परिजनों को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(झ)(ट), 332(b) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी माइकल टोप्पो (36 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है।

आरोपी ने किया अपराध स्वीकार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का सख्त संदेश

मामले पर जानकारी देते हुए शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढे़ : CG Accident: पूर्णिमा स्नान – अमरकंटक जा रही कार पेड़ से टकराई, दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन गंभीर

Related Articles

Back to top button