
KCG: अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, बुजुर्ग की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG), 03 मार्च 2026।
जिला पुलिस KCG टीम ने थाना ठेलकाडीह क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग की हत्या रात के अंधेरे में की गई थी और मामले को चोरी का रूप देने के लिए आरोपी ने झूठी कहानी गढ़ी थी।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे थाना ठेलकाडीह को सूचना मिली कि ग्राम गहिरा-गोपालपुर में गुवाल वर्मा के पिता लेडगूराम वर्मा की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कर मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की सीन ऑफ क्राइम यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। आसपास के ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ के दौरान पुलिस को संदेह के आधार पर आरोपी बिरेन्द्र कुमार वर्मा को हिरासत में लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतक लेडगूराम वर्मा अक्सर उसके घर आते-जाते थे और उसे घर व खेती के काम को लेकर अपमानित करते थे। साथ ही आरोपी को यह भी संदेह था कि मृतक उसके परिवार की महिला पर गलत नजर रखते थे, जिससे वह आक्रोशित था।
आरोपी ने योजना बनाकर 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे कुल्हाड़ी (टंगिया) से सिर पर वार कर हत्या कर दी और गला दबा दिया। वारदात के बाद चोरी का रूप देने के लिए घर की खिड़की और आलमारी तोड़फोड़ कर दी।
हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया, घटना के समय पहने कपड़े और खून पोंछने में इस्तेमाल कपड़ा बरामद किया। कुछ सामान तालाब किनारे कीचड़ से भी जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर 03 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
Read Also: ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ – होली पर सख्ती: 130 चालकों पर कार्रवाई, 42 नाकों पर चला चेकिंग अभियान






