
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मुठभेड़: ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 शूटर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने बाहरी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन संदिग्ध शूटर्स को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात बवाना-मुंडका नहर के पास हुई, जहां बदमाशों और पुलिस के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।
बवाना-मुंडका नहर के पास घेराबंदी, चार राउंड चली गोलियां
जानकारी के मुताबिक, बवाना थाने की टीम हाल ही में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में वांछित आरोपियों की तलाश में थी। पुलिस को जैसे ही इनकी लोकेशन की सूचना मिली, टीम ने बवाना-मुंडका नहर के पास घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुल चार राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ के दौरान एक शूटर के पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत काबू में कर अस्पताल भिजवाया। उसके दो अन्य साथियों को भी घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया।
कारोबारी वैभव गांधी हत्याकांड से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों शूटर 9 फरवरी 2026 को बवाना औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक कारोबारी वैभव गांधी की दिनदहाड़े हुई हत्या में शामिल थे। बदमाशों ने उनका पीछा कर गोलियों से भून दिया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
हत्या के तुरंत बाद गैंग से जुड़े रणदीप मलिक और अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया हैंडल से इस वारदात की जिम्मेदारी ली गई थी। पुलिस अब इन सोशल मीडिया कनेक्शनों और गैंग नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। जल्द ही मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।






