
मोहला : ग्राम आतरगांव, घोरदा और बागनारा में मंडी बोर्ड से बनेगी लाखों की सीसी रोड…
अंबागढ़ चौकी , मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी अंबागढ़ चौकी विकासखंड के दौरे पर रहे। जहां विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। वहीं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने इस दौरान किसानों से आगामी खरीफ फसल, खाद बीज की उपलब्धता पर चर्चा की। किसानों ने बताया कि भाजपा शासन में समितियों में खाद की किल्लत है।
वहीं व्यापारियों के दुकानों में पर्याप्त खाद रखा हुआ है जहां ज्यादा दाम में बेचा जा रहा है। अंबागढ़ चौकी विकासखंड अंतर्गत विधायक के अनुशंसा से मंडी बोर्ड से बागनारा में सीसी रोड 13.50 लाख, आतरगांव (इंदिरा पारा) में सीसी रोड 26.51 लाख तथा सामुदायिक भवन 5 लाख, घोरदा में सीसी रोड 32 लाख का भूमिपूजन किया।
भूरभूसी में जिला खनिज न्यास मद से प्राथमिक शाला स्कूल भवन 14.30 लाख का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेसी कमेटी अंबागढ़ चौकी के अध्यक्ष मुकेश सिन्हा, योगेश पटेल, हिमांशु मेश्राम, सीता राम धनगुन, सरपंच हेमलता अमिला, झुमुक मेश्राम, प्रकाश साहू व समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे।
नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों को बड़ी सौगात: दौरे में विधायक ने ग्राम भूरभूसी में नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण कर बड़ी सौगात दी। भूरभूसी में लंबे समय से स्कूल भवन जर्जर हो गया था। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक को स्कूल के कार्यक्रम में बुलाया व वहीं स्कूल की मांग रखी। स्कूल की जर्जर हालत को देखते हुए तुरंत कलेक्टर से बात कर जिला खनिज न्यास मद से स्कूल की स्वीकृति दिलाई।



