मवेशी तस्करों पर कार्रवाई, महाराष्ट्र कत्लखाना ले जाते दो आरोपी गिरफ्तार
मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी।
जिले में सुग्घर जन सुरक्षित मोहला अभियान के तहत चिल्हाटी पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो मवेशियों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जा रहे थे।
Read Also: Rajnandgaon: आधा दर्जन पटवारियों का तबादला…..
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को अवैध रूप से बाहर राज्य ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही चिल्हाटी पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 18 नग मवेशी बरामद किए।
क्रूरता से हांके जा रहे थे मवेशी, पूछताछ में आरोप स्वीकार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदलाल पारधी (35 वर्ष) एवं ब्रम्हानंद उर्फ लक्की पारधी (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम भनसुला, थाना अम्बागढ़ चौकी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मवेशियों को महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
12 नग बैल और 6 नग बछवा, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 35 हजार रुपये,
साथ ही एक मोबाइल फोन कीमत 7 हजार रुपये
कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मवेशियों को जिस तरह निर्दयता से हांका जा रहा था, उसे देखकर पुलिस ने तुरंत उन्हें सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। मामला गंभीर एवं अजमानतीय होने के कारण दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम की तत्परता से बची बेजुबानों की जान
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी चिल्हाटी उप निरीक्षक संजय मेरावी के नेतृत्व में सउनि मयाराम नेताम, प्रधान आरक्षक सुनील कुमार लहरे, आरक्षक नंदकुमार यादव, अश्वनी साहू एवं दिनेश मधुकर का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है।
Read Also : Rajnandgaon: शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई, 4 गिरफ्तार






