राज्‍य

New Year Event Cancel: सुरक्षा कारणों से दुनिया के इन शहरों में नहीं होगा न्यू ईयर सेलिब्रेशन

New Year Event Cancel: नए साल का जश्न हर जगह एक जैसा नहीं रहने वाला है। दुनियाभर के कई बड़े शहरों ने नव वर्ष की पूर्व संध्या (New Year’s Eve) पर होने वाले कार्यक्रमों को रद्द या सीमित करने का फैसला लिया है। कहीं सुरक्षा कारण हैं तो कहीं प्राकृतिक आपदाओं के चलते संवेदनशीलता दिखाई गई है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ जगहों पर आतंकी हमलों की आशंका को देखते हुए एहतियातन कदम उठाए गए हैं, जबकि कई देशों में हालिया आपदाओं में प्रभावित लोगों के प्रति सम्मान जताने के लिए आयोजनों को रद्द किया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, महीने की शुरुआत में लॉस एंजिल्स में पकड़े गए चार संदिग्ध आतंकियों ने एफबीआई पूछताछ में कबूल किया था कि वे नव वर्ष की रात अलग-अलग जगहों पर धमाके की योजना बना रहे थे। वहीं तुर्की में इस्लामिक स्टेट से जुड़े संभावित हमलों को लेकर 115 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

इन्हीं घटनाओं के बीच अब उन शहरों की सूची सामने आई है, जहां न्यू ईयर इवेंट्स कैंसिल किए गए हैं।

बाली (Bali)

socialexpat.net की रिपोर्ट के अनुसार, इंडोनेशिया के बाली स्थित डेनपासर में 2026 की नव वर्ष पूर्व संध्या पर होने वाली आतिशबाजी और म्यूजिक इवेंट रद्द कर दी गई है। सरकार ने यह फैसला हाल ही में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के प्रति सम्मान जताने के लिए लिया है। हालांकि, नए साल के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

बेलग्रेड (Belgrade)

सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में न्यू ईयर ईव और 14 जनवरी को मनाए जाने वाले सर्बियाई नव वर्ष से जुड़े कुछ कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। लोकल मीडिया b92 के अनुसार, मेयर अलेक्जेंडर शापिक ने बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया। पिछले साल एक कॉन्सर्ट के दौरान अव्यवस्था और छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आई थीं।

हांगकांग (Hong Kong)

हांगकांग सरकार ने इस साल का पारंपरिक न्यू ईयर फायरवर्क शो रद्द कर दिया है। इसकी जगह एक वैकल्पिक काउंटडाउन इवेंट आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह आयोजन शांति, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक सौहार्द का संदेश देगा, ताकि स्थानीय लोग और पर्यटक सुरक्षित माहौल में नया साल मना सकें।

जकार्ता (Jakarta)

socialexpat.net के मुताबिक, जकार्ता में 2026 न्यू ईयर ईव की आतिशबाजी रद्द कर दी गई है। गवर्नर प्रमोनो अनंग विबोवो ने बताया कि सुमात्रा में आए 6.6 तीव्रता के भूकंप से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताने के लिए यह फैसला लिया गया है।

मोनाको (Monaco)

news.mc की रिपोर्ट के अनुसार, मोनाको में नए साल के मौके पर पटाखों को लेकर बेहद सख्त नियम लागू किए गए हैं। 31 दिसंबर 2025 की दोपहर से 11 जनवरी 2026 की दोपहर तक पूरे राज्य में आतिशबाजी से जुड़े उपकरणों के ट्रांसफर, इस्तेमाल और परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

पेरिस (Paris)

sortiraparis.com के अनुसार, पेरिस में इस साल न्यू ईयर ईव पर होने वाला बड़ा कॉन्सर्ट रद्द कर दिया गया है। पुलिस ने मेयर से इस आयोजन को कैंसिल करने की सिफारिश की थी, ताकि चैंप्स-एलिसीज़ इलाके में भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति न बने।

सिडनी (Sydney)

बॉन्डी बीच पर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना के बाद सिडनी में न्यू ईयर ईव की आतिशबाजी रद्द कर दी गई है। इस कार्यक्रम में करीब 15,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी। वेवर्ली काउंसिल ने सुरक्षा कारणों से इवेंट कैंसिल करने की पुष्टि की है।

टोक्यो (Tokyo)

Japan Today की रिपोर्ट के अनुसार, टोक्यो के शिबुया स्टेशन के सामने होने वाला मशहूर न्यू ईयर काउंटडाउन इस बार नहीं होगा। प्रशासन ने स्टेशन के आसपास अत्यधिक भीड़ जमा होने की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया है।

Related Articles

Back to top button