
Rajnandgaon : बाबा गुरुघासीदास जयंती समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए…
राजनांदगांव, शहर के गुरुघासीदास धर्मशाला चौक नंदई रोड में बाबा गुरुघासीदास जयंती समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए। उन्होंने 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सामाजिक भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा आज बाबा गुरुघासीदास का अवतरण दिवस है। उनके आशीर्वाद से देश एवं प्रदेश में समरसता, शांति, सद्भावना और प्रेम बना हुआ है। उन्होंने बाबा जी के प्रतीक के रूप में सफेद ध्वज फहराया। सफेद ध्वज शांति, प्रेम, सद्भावना, एकात्मता, एक साथ मिलाने, सादगी और बाबा जी के विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा गुरुघासीदास बाबा की जन्मस्थली गिरौदपुरी पूरे देश-दुनिया में विख्यात है। बाबा जी की प्रतीक एवं गरिमा के अनुरूप गिरौदपुरी में देश का अनूठा, सबसे ऊंचा और भव्य जैतखाम का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा बाबा जी के आशीर्वाद से जैतखाम का निर्माण कराने का अवसर मिला है। शासन द्वारा प्रदेश के लगभग सभी गांवों में समाज के लिए मंगल भवन का निर्माण किया गया है।
समाज के लिए शिक्षा सबसे ज्यादा जरूरी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा समाज के लिए शिक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है। शिक्षित समाज ही नेतृत्व करते है और आगे बढ़ते है। उन्होंने कहा बालक हो या बालिका सभी के लिए शिक्षा जरूरी है और बाबा जी का पंथी के माध्यम से यही संदेश है। बाबा जी का हिंसा छोडऩे, मांस-मदिरा छोडऩे का उपदेश किसी एक समाज के लिए नहीं यह मानवता एवं सभी समाज के लिए है। मनुष्य में सतगुण, सद्भाव, सादगी होने और हिंसा छोडऩे पर दुनिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने नए विधानसभा भवन में विधानसभा की कार्रवाई देखने आमंत्रित किया।





