
राजनांदगांव : बकायादारों की संपत्तियां कुर्क करने जा रही निगम …
राजनांदगांव। नगर पालिक निगम ने वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर 1 लाख रुपए से अधिक बकाया रखने वाले 61 बड़े करदाताओं की सूची सार्वजनिक की गई है। आयुक्त ने चेतावनी दी है कि समय पर कर जमा नहीं करने पर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग ने पहले निगम अधिनियम की धारा 173 के तहत बकायादारों को बिल भेजे थे। भुगतान में रुचि नहीं दिखने पर 15 दिन बाद धारा 174 के अंतर्गत मांग सूचना पत्र (डिमांड नोटिस) जारी किए गए। लंबे समय से बकाया राशि को लेकर पूर्व में भी कई बार समझाइश दी जा चुकी है, इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शहरवासियों, दुकानदारों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कुर्की कार्रवाई से बचने के लिए समय पर संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, दुकान किराया जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया जमा नहीं होने की स्थिति में होने वाली क्षति या कानूनी खर्च की जिम्मेदारी संबंधित भवन स्वामी या किराएदार पर होगी।






