Site icon Kadwa Ghut

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ महतारी के चरणों में जल-दूध से अभिषेक किया गया, प्रदेश की खुशहाली की कामना..

राजनांदगांव. राज्योत्सव के मौके पर शनिवार को शहीद स्थल के पास स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल और दूध से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस जनों ने छत्तीसगढ़ राज्य की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की और राजगीत गाकर राज्योत्सव का पर्व मनाया।

कार्यक्रम के दौरान निखिल द्विवेदी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी माता हैं, उनका समान हर छत्तीसगढ़वासी के दिल में बसता है। लेकिन राज्य सरकार एक ओर करोड़ों रुपये खर्च कर राज्योत्सव मना रही है, वहीं दूसरी ओर महतारी की प्रतिमाओं की अनदेखी कर रही है। सोशल मीडिया पर गंदगी की तस्वीरें सामने आने के बाद ही प्रशासन की नींद खुली और सुबह सफाई कराई गई।

द्विवेदी ने मांग की कि जहां-जहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं हैं, वहां शेड निर्माण, बाउंड्रीवाल और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए।

राज्य निर्माण के नायकों को किया नमन

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता किशन खंडेलवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के महान नेताओं खूबचंद बघेल, विद्याचरण शुक्ल और अन्य सैकड़ों नेताओं ने राज्य निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया। हम आज उन्हें नमन करते हैं। राज्योत्सव का असली अर्थ तभी है जब हमारे किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं को उनका अधिकार मिले। छत्तीसगढ़ खुशहाल रहे, यही हमारी प्रार्थना है

Exit mobile version