
Rajnandgaon : खराब परीक्षा परिणाम और अनियमित कक्षाओं पर छात्रों में नाराज़गी, एनएसयूआई ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन…
राजनांदगांव, शासकीय शिवनाथ महाविद्यालय में खराब परीक्षा परिणाम और नियमित कक्षाएँ न लगने के मुद्दे को लेकर आज एनएसयूआई जिला महासचिव मिथलेश चंदेल के नेतृत्व में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य को मांग पत्र सौंपा गया। छात्रों ने बताया कि लगातार गिरते परिणामों से उनकी शैक्षणिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
एनएसयूआई प्रदेश महासचिव राजा यादव ने कहा कि दुर्ग यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किए गए पूरक परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ अंग्रेजी विषय में फेल हो गई हैं। छात्रों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा अच्छी दी थी, परंतु परिणाम इसके विपरीत आया है। महाविद्यालय के एक छात्र ने शिकायत की कि अंग्रेजी विषय की कक्षाएँ नियमित रूप से लगती ही नहीं, जिससे परीक्षाओं में तैयारी प्रभावित होती है।
एनएसयूआई ने मांग की कि महाविद्यालय में लगातार खराब आ रहे परीक्षा परिणामों को देखते हुए प्रशासन को कठोर कदम उठाने चाहिए।
जिला महासचिव मिथलेश चंदेल ने कहा कि जो प्रोफेसर नियमित रूप से कक्षाएँ नहीं लेते, उन पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। बार-बार निराशाजनक परिणाम आना महाविद्यालय प्रबंधन पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एनएसयूआई प्रदेश महासचिव राजा यादव, जिला महासचिव मिथलेश चंदेल, शुभम कोषारिया, राहुल साहू, भूपेश डहारे, मयंक, संतोष सिंह, संजय साहू, आयुष सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




