
राजनांदगांव : पेंड्री में एनसीसी का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू…
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर डीके पात्रा ने किया निरीक्षण, कैडेट्स को किया प्रोत्साहित
राजनांदगांव . 38 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी राजनांदगांव के कमान अधिकारी कर्नल प्रवाल के निर्देशन में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर क्रमांक 154 का शुभारंभ पेंड्री (दिग्विजय महाविद्यालय) स्थित बालक छात्रावास में हुआ।
इस शिविर में राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं कवर्धा जिले के 24 संस्थानों से कुल 397 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। पहले दिन कैडेट्स का बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कर उन्हें कैंप के नियमों एवं दैनिक दिनचर्या से परिचित कराया गया।
फायरिंग प्रशिक्षण के लिए पहुंचे दुर्ग :- दूसरे दिन कैंप कमांडेंट कर्नल प्रवाल ने ओपनिंग ऐड्रेस में कैडेट्स को अच्छे नागरिक बनने, सामाजिक जिम्मेदारियां निभाने और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। कैडेट्स को फायरिंग प्रशिक्षण के लिए एसटीएफ फायरिंग रेंज, बघेरा (दुर्ग) ले जाकर व्यवहारिक अभ्यास कराया गया। शाम के समय खेलकूद गतिविधियों वॉलीबॉल और फुटबॉल का आयोजन हुआ।
संघर्ष और अनुशासन सीखने की प्रेरणा
शिविर के चौथे दिन एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रायपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर डीके पात्रा ने शिविर का निरीक्षण किया। कैडेट्स द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कैडेट्स को जीवन में संघर्ष, अनुशासन और सीखते रहने की प्रेरणा दी तथा एनसीसी को अच्छे नागरिक निर्माण की पाठशाला बताया। इस अवसर पर सभी एनसीसी अधिकारी, एसएम, पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।


