
राजनांदगांव : पनेका में पांच एकड़ जमीन पर बनेगी क्रिकेट एकेडमी…
राजनांदगांव , मंत्री परिषद के द्वारा जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव को राजगामी संपदा की 5 एकड़ भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। इस भूमि पर बीसीसीआई के सहयोग से अत्याधुनिक खेल मैदान क्रिकेट अकादमी का निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से इसकी मांग क्रिकेट एसोसिएशन के द्वारा की जा रही थी।
क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव योगेश बागड़ी ने बताया कि यहां अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी तैयार की जाएगी। इसका लाभ संसदीय क्षेत्र के अलावा बालोद व दल्ली राजहरा के बच्चों को मिलेगा। यहां बड़ी संख्या में बच्चे ट्रायल में आते हैं। बावजूद समुचित ट्रेनिंग नहीं मिल पाती। इससे उनकी प्रतिभा में निखार नहीं आ पाता।
इस विषय को विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन के समक्ष रखा गया था। उन्होंने भूमि आवंटन व एकेडमी के लिए सहमति जताई। ये प्रदेश में पहला जिला क्रिकेट संघ है, जिनको पांच एकड़ जमीन का आवंटन किया जा रहा है। आवश्यक कार्यवाही कर एक साल के अंदर अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी बना पाएंगे। इसमें नई मशीनें, उनके कोच, फिजियो, फील्डिंग प्रैक्टिस के लिए कोच रहेंगे। बच्चों का चयन कर रहने और उनके पढ़ाई की व्यवस्था भी की जाएगी।





