Rajnandgaon: प्यारेलाल स्कूल के पास 4 साल पुरानी नगर निगम की पानी टंकी में दरार, सड़क पर बह रहा पानी
राजनांदगांव। शहर के प्यारेलाल स्कूल के समीप नगर निगम द्वारा करीब चार वर्ष पहले निर्मित पानी की टंकी में गंभीर दरार आने से हड़कंप मच गया है। दरार के कारण टंकी से लगातार पानी बह रहा है, जिससे आसपास की सड़क और क्षेत्र में सीपेज बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पहुंचे नगर निगम कर्मचारियों ने बताया कि यह टंकी महापौर कार्यालय के पीछे स्थित मुख्य टंकी के भर जाने के बाद प्यारेलाल स्कूल के पास वाली टंकी में पानी भरने के लिए खोली गई थी। जैसे ही सप्लाई चालू की गई, टंकी में दरार उभर आई और पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया। अंधेरा होने के कारण कर्मचारी ऊपर चढ़कर स्थिति का तत्काल निरीक्षण नहीं कर पाए हैं।
बताया जा रहा है कि इसी टंकी से मोतीपुर, तुलसीपुर और सिविल लाइन क्षेत्र की ओर पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसे में दरार बढ़ने या संरचना कमजोर होने की स्थिति में आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ सुरक्षा जोखिम भी पैदा हो सकता है।
कर्मचारियों के अनुसार उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी जा रही है और सुबह होते इसकी जांच कराई जाएगी। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि चार साल पुरानी टंकी में इतनी जल्दी दरार आना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि जांच में दरार की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और निर्माण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढे़ : Rajnandgaon: घुमका में अवैध मुरूम परिवहन पर माइनिंग विभाग की कार्रवाई, वाहन जब्त




