
Rajnandgaon : अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित मां कर्मा क्रिकेट कप का समापन हुआ…
राजनांदगांव, जिला अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित मां कर्मा क्रिकेट कप का समापन रविवार को जिला साहू सदन बसंतपुर में हुआ। धनगांव की टीम विजेता बनी, जबकि नंदई की टीम उपविजेता रही। मुख्य अतिथि प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह का स्वागत भाषण प्रकोष्ठ संयोजक यशवंत साहू ने दिया।
फाइनल के पहले दूसरे सेमीफाइनल में धनगांव और बसंतपुर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। बसंतपुर ने निर्धारित 8 ओवर में 63 रन बनाए थे, जिसका पीछा धनगांव ने अंतिम गेंद शेष रहते सफलतापूर्वक किया। इस मैच में भागचंद साहू मैन ऑफ द मैच बने। फाइनल में नंदई ने पहले बैटिंग करते हुए 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए धनगांव ने चार विकेट खोकर मैच जीत लिया और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में आकाश साहू मैन ऑफ द मैच, जबकि कुणाल साहू मैन ऑफ द सीरीज रहे।
समाज की एकता, ऊर्जा व खेल भावना का प्रतीक है मुख्य अतिथि डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि मां कर्मा क्रिकेट कप समाज की एकता, ऊर्जा और खेल भावना का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, उत्साह और संगठित रहने की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। विजेता टीम के युवा खिलाड़ियों ने कहा कि हमारी पहचान हमारे कर्म से होनी चाहिए, पद से नहीं। लोग पद के लिए लालायित होते हैं, लेकिन हमारे लिए समाज की सेवा ही सबसे बड़ा सम्मान है। ट्रॉफी नहीं, हमारे कर्म ही हमारी वास्तविक पहचान हैं।


