
Rajnandgaon : धान खरीदी केन्द्र में एसडीएम और तहसीलदार ने औचक निरीक्षण किया…
राजनांदगांव, धान खरीदी केन्द्र मेढ़ा में एसडीएम और तहसीलदार ने औचक निरीक्षण किया। यहां राका के फुटकर व्यापारी लालजी सिन्हा द्वारा एक किसान लिखन कंवर पिपरिया निवासी को धोखे में रख कर उनका धान पंजीयन के विरूद्ध अवैध रूप से विक्रय करने का प्रयास किया जा रहा था। जिसके चलते लालजी सिन्हा के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। केन्द्र में अनियमितता पाए जाने के कारण इंदिरा नगर डोंगरगढ़ के रहने वाले मेढ़ा के धान खरीदी प्रभारी कुलदीप विश्वकर्मा को खरीदी कार्य से अलग किया गया है।
इधर घुमका खरीदी केन्द्र की 30 से ज्यादा सत्यापन अफसरों की टीम ने देर रात तक जांच की। अफसरों की टीम टार्च लेकर स्टेक में चढ़ कर वहां अब तक पहुंचे धान का सत्यापन करती रही। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की गई। अवकाश के दिनों को छोड़ कर अब तक केवल राजनांदगांव जिले में 19644 किसानों ने 10 लाख क्विंटल 23862.69 लाख का धान बेचा है। वहीं किसानों ने 7219.72 लाख कर्ज पटा दिया है। दूसरी तरफ जिले में बाहरी धान को रोकने और अवैध धान की जब्ती जारी है। जिले में ऐसा पहली बार हुआ जब खाद्य विभाग और मंडी, राजस्व के अफसरों ने 5 करोड़ रुपए से ज्यादा का अवैध धान और 8 वाहनों को जब्त किया।
मंगलवार को अफसरों ने बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया। राजनांदगांव में 5 प्रकरण से 418 क्विंटल 13 लाख का अवैध धान पकड़ा, डोंगरगांव में 2 प्रकरण से 110 क्विंटल अवैध धान जिसका मूल्य 3 लाख 41 हजार रुपए इसे पकड़ा गया। कुल 1320 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया है। अब तक कुल 138 प्रकरण से 16972.26 क्विंटल, 42431 कट्टा, कुल 5 करोड़ 26 लाख 14 हजार रुपए का अवैध धान और 8 वाहन जब्त किया गया है। इसमें राजनांदगांव ब्लॉक में 57, डोंगरगढ़ में 39, डोंगरगांव में 42 कुल 138 प्रकरण शामिल है।


