
CG : मालिक के घर में नौकर ने दोबारा चोरी किया , आरोपी गिरफ्तार…
दुर्ग । भिलाई के प्रगति नगर, रिसाली निवासी मुकेश सराफ के घर से उनके ही नौकर इंद्रजीत महतो ने अलमारी के लॉकर से 10 हजार रुपए नगद चुरा लिए। लॉकर में 45 हजार रुपए रखे थे। उसमें से 10 हजार रुपए नौकर ने निकाले और बाकी पैसा छोड़ दिया। इसके अलावा घर के अन्य सामान की चोरी करने के बाद उसे कबाड़ी में बेच देता था।मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता मुकेश सराफ (55) थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने अपने घर की अलमारी के लाकर में 45,000 रुपए रखे थे और काम से बाहर चले गए।
दोपहर में जब उनकी पत्नी अरुणा सराफ ने अलमारी खोली तो देखा कि लाकर में सिर्फ 35,000 रुपए ही बचे हैं। 10,000 रुपए नगद गायब थे। पत्नी ने फौरन मुकेश सराफ को कॉल कर जानकारी दी। जब घर में पूछताछ की गई तो किसी को भी पैसों के बारे में कुछ पता नहीं था। तब मुकेश ने शंका जताई कि चोरी उनके नौकर इंद्रजीत महतो ने की है। बताया जा रहा है कि आरोपी नौकर पहले भी घर में कई बार चोरी कर चुका है। लेकिन मालिक ने भूल समझ कर माफ कर दिया था। चोरी के मामले की शिकायत थाने में नहीं की थी।
लेकिन इस बार जब घर से 10 हजार रुपए चोरी होने की जानकारी मिली तो मालिक को शक सीधा नौकर इंद्रजीत पर गया। शिकायतकर्ता की शिकायत पर नेवई पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत महतो (30) को तलब किया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने अलमारी से 10,000 रुपए चोरी किए थे, जिनमें से 9,000 रुपए खर्च कर चुका है और 1,000 रुपए अब भी उसके पास हैं।
इतना ही नहीं उसने यह भी बताया कि उसने मालिक की दुकान से कुछ पार्ट्स भी चोरी कर कबाड़ी के पास बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से बचा हुए 1,000 रुपए की रकम बरामद की और दुकान से चोरी किए गए कुछ पार्ट्स की जानकारी जुटाई। आरोपी को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





