
राजनांदगांव : तीन राज्यों को जोड़ने वाली गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर बिलासपुर तक चलेगी…
राजनांदगांव , दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिलासपुर मंडल के अंतर्गत बिलासपुर-झारसुगड़ा सैक्शन पर चौथी रेल लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। जांजगीर-नैला स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी, ऑटो सिग्नलिंग के साथ इंटरलॉकिंग कार्य 11 से 27 अप्रैल तक चलेगा। इस कार्य के चलते रेलवे ने स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों को कैंसिल किया है जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। गोंदिया से चलने वाली गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर 16 से 27 अप्रैल तक बिलासपुर में समाप्त होगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 68862 झारसुगड़ा-गोंदिया पैसेंजर झारसुगड़ा की जगह बिलासपुर से रवाना होगी। बिलासपुर एवं झारसुगड़ा के बीच यह गाड़ी कैंसिल रहेगी। महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ होकर ओडिशा तक तीन राज्यों को जोड़ने वाली लंबी दूरी की पैसेंजर को बिलासपुर में समाप्त करने से यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। स्थानीय स्टेशन से गुजरने वाली अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें नियमित रूप से चलेगी।



